अपने अफसर पिता की राह पर चलते हुए बेटी ने भी सेना में अफसर बनने का फैसला किया और अब ये सपना साकार कर लिया है. बचपन में प्लेन उड़ाने का सपना देखने वालीं 18 साल की सुमीरा तिवारी ने एनडीए परीक्षा पास कर ली है और अब सेना में अफसर बनने जा रही हैं. लखनऊ की रहने वालीं सुमीरा के पिता एयरफोर्स पायलट रह चुके हैं. यही वजह थी कि उन्होंने हमेशा हवा में उड़ने का सपना देखा. सुमीरा को एनडीए में 11वीं रैंक मिली है और उनका चयन भारतीय वायुसेना (IAF) की फ्लाइंग ब्रांच के लिए हुआ है.
पिता को देखकर हुईं बड़ी
लखनऊ के विकास नगर की रहने वालीं सुमीरा ने काफी कम उम्र से ही प्लेन और एविएशन को लेकर चीजें सीख ली थीं, क्योंकि वो पिता को पायलट के तौर पर काम करते हुए देखती थीं और उनसे तमाम सवाल करती थीं. आखिर में उन्होंने पिता की तरह एयरफोर्स ज्वाइन करने का फैसला लिया और अब इस सपने से कुछ ही कदम की दूरी पर खड़ी हैं.

कौन हैं सुमीरा तिवारी?
सुमीरा तिवारी एयरफोर्स से रिटायर्ड विंग कमांडर संतोष तिवारी और श्वेता तिवारी की बड़ी बेटी हैं. उनके पिता पहले भारतीय वायुसेना में सेवा दे चुके हैं और अब एक प्राइवेट हेलीकॉप्टर चार्टर कंपनी में कमर्शियल पायलट के तौर पर काम करते हैं. बेटी के सपने को पूरा करने के लिए पिता ने भी सुमीरा की खूब मदद की. छोटी सी उम्र में वो अपने पिता की ड्रेस पहन लेती थीं, लेकिन तब ये तय नहीं हुआ था कि सुमीरा पायलट बनेगी. हालांकि बाद में सुमीरा ने यही प्रोफेशन अपनाने का फैसला किया.
अच्छी रैंक ने दिलाई फ्लाइंग ब्रांच
सुमीरा ने पायलट बनने के लिए खूब तैयारी की और इसके लिए एनडीए में अच्छी रैंक आना भी जरूरी था. उन्होंने इस परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल की, जिसके बाद ये तय था कि उन्हें उनकी पसंदीदा ब्रांच मिल जाएगी. एयरफोर्स की फ्लाइंग ब्रांच के लिए उनका चुना जाना उनके लिए सबसे बड़ी कामयाबी है. बताया गया है कि इस ब्रांच में सिर्फ दो महिला उम्मीदवारों को जगह मिली है.
ट्रेनिंग के बाद पूरा होगा सपना
सुमीरा ने अपने सपने की तरफ कदम बढ़ा लिया है, अब NDA और फ्लाइंग ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्हें तमाम जरूरी मानकों को पूरा करना होगा. आखिर में उन्हें वो मिल जाएगा, जिसका वो बचपन से सपना देख रही हैं.
यह भी पढ़ें | ऑटो-रिक्शा चलाने वाले की बेटी ने ऑटोमोबाइल कोर्स में कर दिया टॉप; अब पीएम मोदी देंगे इनाम
यह भी पढ़ें | डॉक्टर बनने का सपना नहीं रहेगा अधूरा, 75000 नई मेडिकल सीटों का हुआ ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं