सीएम रेखा गुप्ता की बड़ी घोषणा: दिल्ली के सभी स्कूलों में लगेंगे आरओ वाटर कूलर, वेंडिंग मशीन और मेडिकल रूम

दिल्ली सरकार ने स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. सीएम रेखा गुप्ता की घोषणा के मुताबिक अब सभी स्कूलों में आरओ वाटर कूलर, मेडिकल रूम और वेंडिंग मशीन लगाई जाएंगी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

दिल्ली सरकार ने स्कूलों के बुनियादी ढांचे और बच्चों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि राजधानी के सभी स्कूलों में अब साफ पानी, बेहतर स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा. आरओ वाटर कूलर से लेकर मेडिकल रूम और मेनस्ट्रुएशन कॉर्नर तक, कई नई सुविधाएं शुरू की जा रही हैं, जिससे छात्रों को सुरक्षित और स्वस्थ माहौल मिल सकेगा.

स्कूलों में स्वच्छता और जागरूकता पर जोर

सरकार की योजना के तहत सभी स्कूलों में स्वच्छ और व्यवस्थित शौचालय सुनिश्चित किए जाएंगे. इसके साथ ही नियमित हाइजीन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे. खास बात यह है कि लड़के और लड़कियों दोनों के लिए मासिक धर्म जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि इस विषय को लेकर झिझक खत्म हो सके.

मेनस्ट्रुएशन कॉर्नर और वेंडिंग मशीन की सुविधा

हर स्कूल में मेडिकल रूम के साथ-साथ “मेनस्ट्रुएशन कॉर्नर” बनाए जाएंगे. यहां छात्राओं के लिए सैनिटरी नैपकिन, इनरवियर और जरूरी सामान उपलब्ध रहेगा. साथ ही स्कूलों के वॉशरूम में वेंडिंग मशीनें भी लगाई जाएंगी, ताकि जरूरत के समय छात्राओं को तुरंत सामग्री मिल सके.

आरओ वाटर कूलर से मिलेगा साफ पानी

दिल्ली सरकार ने यह भी तय किया है कि सभी स्कूलों में आरओ वाटर कूलर लगाए जाएंगे, जिससे बच्चों को साफ और सुरक्षित पीने का पानी मिल सके. यह कदम बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है.

Advertisement

हर स्कूल में मेडिकल रूम स्थापित किए जाएंगे, जहां छात्रों को प्राथमिक उपचार की सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही एचपीवी वैक्सीनेशन का स्कूल-स्तर पर डेटा भी एकत्र किया जाएगा, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य का बेहतर ख्याल रखा जा सके.

टोल-फ्री नंबर से सीधे सरकार तक पहुंचेगी बात

सरकार जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर जारी करेगी, जिसके जरिए बच्चे और उनके अभिभावक अपनी शिकायत और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे. यह नंबर स्कूल की दीवारों और गेट पर भी प्रदर्शित किया जाएगा. 5 जून से अगस्त तक बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा. इसके साथ ही स्कूलों में सफेदी और अन्य जरूरी मरम्मत कार्यों पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि छात्रों को बेहतर माहौल मिल सके.

Advertisement