Delhi Budget Session Today 2026 Highlights: दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार आज अपना वार्षिक बजट पेश कर दिया है. अनाधिकृत कॉलोनियों के लिए 800 करोड़ रुपये और दिल्ली जल बोर्ड को 9000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है. इससे पहले सदन में आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 रखा गया, जिसके अनुसार दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 2.5 गुना और 5.1 लाख रुपये रहने का अनुमान है. सर्वे में दिल्ली का GSDP 9.4% बढ़कर 13.27 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई है.
राजधानी की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र का 86% से अधिक योगदान है. 1 लाख करोड़ के बजट में परिवहन को सबसे बड़ा हिस्सा मिला है, जबकि मेट्रो विस्तार, इलेक्ट्रिक बस बेड़े में बढ़ोतरी और महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा योजना को बड़ी उपलब्धियों के रूप में पेश किया गया. बिजली में 100% कवरेज, 93.5% घरों तक पाइप्ड पानी और बढ़ते हरित क्षेत्र को भी रिपोर्ट में प्रमुखता दी गई. शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन का दावा किया गया है.
Delhi Budget Updates: दिल्ली की बहनों को मिलेंगे 2500 रुपये महीने
दिल्ली की बहनों को 2500 रुपये महीने देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. हमारी सरकार ने महिला सम्मान योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. इस साल हमने होली के मौके पर 853 रुपये उनके खाते में दिये. 260 करोड़ रुपये होली और दिवाली पर फ्री गैस सिलेंडर के लिए आवंटित किया गया है. 450 करोड़ रुपये महिलाओं को फ्री यात्रा के लिए दिया गया है. दिल्ली की बस में महिलाओं के साथ, ट्रांसजेंडर वर्ग को भी फ्री यात्रा मिलेगी. दिल्ली लखपति योजना को शुरू किया गया है. जन्म से लेकर ग्रेजुएशन तक लगातार सरकार उसके खाते में डालेगी और ग्रेजुएशन के बाद उसके 1.2 लाख रुपये उस बेटी को मिलेगा. यह योजना दिल्ली में जन्म लेने वाली बेटियों के लिए है.
Delhi Budget: सभी झुग्गी बस्तियों को पक्का घर दिया जाएगा
दिल्ली में सीनियर सिटीज़न परेशान रहते थे कि पहले उन्हें कोई पैसा मिलता था,अब नहीं मिल रहा. वृद्ध लोगों के लिए संस्थानों को 25 करोड़ रुपये दिए जायेंगे. जेजे कॉलोनी, बस्ती विकास और अटल कैंटीन के लिए 634 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है. 2400 फ्लैट के मरम्मत का काम शुरू हो चुका है, ताकि सभी झुग्गी बस्तियों को पक्का घर दिया जा सके. 7406 करोड़ महिला विभाग के लिए दिया गया है.
Delhi Budget Updates: नरेला में इंटीग्रेटेड एजुकेशन हब बनेगा
दिल्ली का युवा जॉब क्रिएटर बने इसके किए सरकार योजना ला रही है. हम दिल्ली के नरेला में इंटीग्रेटेड एजुकेशन हब बनाने जा रहे है. युवाओं के टैलेंट हंट के लिए 10 करोड़ रुपये देने का प्रावधान रखा गया है. दिल्ली में अभी तक सैनिक स्कूल नहीं था, अब सरकार दिल्ली में सैनिक स्कूल खोलने जा रही है. दिल्ली में प्ले स्कूल को नियंत्रित करने के लिए सरकार पॉलिसी लेकर आएगी.
फ्री लैपटॉप... शिक्षा के लिए 19148 करोड़ रुपये
रेखा गुप्ता सरकार ने 19148 करोड़ रुपये शिक्षा के लिए रखा है. स्कूल भवन के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है. दिल्ली की बेटियों के लिए बजट में खास योजना है. दिल्ली सरकार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 9वीं क्लास की हर छात्रा को साइकिल दिया जाएगा. 10th क्लास में मेरिट लाने वाले बच्चों को फ्री लैपटॉप दिया जायेगा. 150 करोड़ रुपये का बजट स्मार्ट क्लासेज के लिए रखा गया है. दिल्ली में स्पोर्ट हॉस्टल, खेल मैदान के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है.
नवजात शिशुओं के लिए 'अनमोल योजना', 650 नए आयुष्मान केंद्र
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य हमारी सरकार की प्राथमिकता है. स्वास्थ्य विभाग को 12645 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है. दिल्ली में 650 नए आयुष्मान केंद्र बनाये जायेंगे. केंद्र की सहायता से गुरु तेज बहादुर अस्पताल में नया ट्रामा सेंटर बनाया जाएगा. दिल्ली सरकार अनमोल योजना लेकर आई है. 25 करोड़ रुपए का बजट इसके लिए रखा गया है. नवजात शिशु के लिए इस योजना के तहत 56 तरह की फ्री टेस्टिंग होगी. हम ऐसा सिस्टम तैयार करेंगे, जिससे पता चल सके की जिस हॉस्पिटल में वेंटिलेटर उपलब्ध हो उसका पता चल सके.
सभी को नल से जल मिले, इसके लिए दिल्ली सरकार काम कर रही- रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'दिल्ली में किसी को भी टैंकर से पानी ना लेना पड़े, सभी को नल से जल मिले, इसके लिए दिल्ली सरकार काम कर रही है. चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 475 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है. वज़ीराबाद ट्रीटमेंट प्लांट के लिए ADB बैंक से लोन के लिए प्रस्ताव दिया गया है. दिल्ली में बारिश के दिनों में वाटरलॉगिंग की समस्या है. दिल्ली में 50 साल बाद हमारी सरकार ड्रेनेज मास्टर प्लान लेकर आई. 610 करोड़ रुपये सिंचाई विभाग को दिया जाएगा. दिल्ली में यमुना नदी का पानी 7 लेवल पर आ गया, लेकिन इस बार दिल्ली में बाढ़ नहीं आई, क्योंकि हमारे विभाग लगातार डिशिलाइटिंग का काम कर रहे हैं.
Delhi Budget LIVE: दिल्ली में बिजली सब्सिडी जारी रहेगी- रेखा गुप्ता
दिल्ली में कई जगहों पर नई पार्किंग बनाई जाएगी. 3942 करोड़ रुपये का बजट बिजली विभाग के लिए दिया गया है. सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में बिजली सब्सिडी जारी रहेगी. इसके साथ सौर ऊर्जा की तरफ दिल्ली आगे बढ़ेगी. फायर इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने के लिए 674 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है. हाल में लगी आग की घटना के बाद यह महत्वपूर्ण है. दिल्ली में पानी और सीवर की लाइन डालने के लिए 9000 करोड़ रुपये दिल्ली जल बोर्ड को दिया जाएगा.
Delhi Budget Updates LIVE: बारिश में अब दिल्ली में नहीं भरेगा सड़कों पर पानी!
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में पानी और सीवर की लाइन डालने के लिए 9000 करोड़ रुपये दिल्ली जल बोर्ड को दिया जाएगा. इससे दिल्ली में बारिश के दिनों में पानी भरने की समस्या से निजात मिलेगी. दिल्ली में जो ड्रेन (drains) है, उसके ऊपर सोलर पैनल लगाया जाएगा.
Delhi Budget LIVE: शीशमहल नहीं, नया सचिवालय बनवाएंगे: रेखा गुप्ता
दिल्ली के सभी विधायकों को अपने इलाके में विकास के लिए 350 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है. दिल्ली में मंडियों का विकास किया जाएगा. पिछले मुख्यमंत्री अपने लिए शीशमहल बनवाते थे, लेकिन सरकारी कर्मचारी के लिए कुछ नहीं करते थे. हमारी सरकार नया सचिवालय और अधिकारियों के लिए नए आवास बनाएगी.
बारापुला कॉरिडोर इस साल हो जाएगा पूरा: CM रेखा गुप्ता
दिल्ली में सड़क नेटवर्क को बेहतर करने के लिए, डस्ट फ्री करने के लिए PWD को 1392 करोड़ का बजट आवंटन किया गया है. 1000 करोड़ एमसीडी को सड़कों के विकास के लिए अलग से दिया जाएगा. दिल्ली में 25 करोड़ रुपये फुट ओवर ब्रिज के लिए दिया गया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि बारापुला कॉरिडोर पर हमने पिछले साल काम किया, 210 करोड़ रुपये का आवंटन इस साल देकर जून 2026 तक इस प्रोजेक्ट को पूरा करेंगे.
दिल्ली के बजट में किसको कितना पैसा
- 11660 करोड़ रुपए एमसीडी को दिल्ली सरकार देगी.
- 146 करोड़ रुपए दिल्ली कैंट को दिया जाएगा.
- पीडब्ल्यूडी विभाग को 5921 करोड़ दिये जाएंगे.
- शहरी विकास मंत्रालय को 7887 करोड़ देने का प्रावधान है.
- अनाधिकृत कॉलोनियों के लिए 800 करोड़ रुपए के लिए बजट का आवंटन.
- दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के लिए 787 करोड़ का आवंटन
CM रेखा गुप्ता ने कहा- पूरे बजट का 21 प्रतिशत हिस्सा ग्रीन बजट
बजट पेश करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय जीडीपी में दिल्ली की हिस्सेदारी बढ़ रही है. 2026-27 का बजट अनुमान, एक लाख तीन हज़ार सात सौ करोड़ का है. दिल्ली की जरूरतों को समझते हुए, दिल्ली में ग्रीन बजट पेश किया है. पूरे बजट का 21 प्रतिशत हिस्सा ग्रीन बजट पर दिया है.
Delhi Budget Updates LIVE: ट्रिपल इंजन की गति के साथ आज दिल्ली आगे बढ़ रही- रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 2026-27 का बजट पेश कर रही हैं. बजट पेश करते हुए सीएम ने कहा, "ट्रिपल इंजन की गति के साथ आज दिल्ली आगे बढ़ रही है. कल हमने इकोनॉमिक सर्वे पेश किया. फ्रीबीज़ के करण दिल्ली का विकास रेट कम हो गया. पीएम मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली की अर्थव्यवस्था को उल्लेखनीय लाभ मिल रहा है.
Delhi Budget LIVE: विपक्ष बजट में शामिल नहीं हो रहा
दिल्ली विधानसभा की कारवाई शुरू हो गई है. दिल्ली स्पीकर ने बताया कि विपक्ष बजट में शामिल नहीं हो रहा है. दिल्ली स्पीकर ने कहा, "हमने छुट्टी के दिन विपक्ष से मिलने के लिए ऑफिस खोला. हमने विपक्ष से कहा था कि सदन की करवाई के दौरान ही विधायकों का निलंबन वापस लिया जाएगा. हम चाहते है विपक्ष सदन में आए और अपना मुद्दा उठाए.
यहां सुनें दिल्ली सरकार का बजट भाषण
शुरू हुई दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही, सीएम रेखा पेश कर रहीं बजट
दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है. दिल्ली स्पीकर ने कहा, विपक्ष बजट में शामिल नहीं हो रहा है. दिल्ली स्पीकर ने कहा, हमने छुट्टी के दिन विपक्ष से मिलने के लिए ऑफिस खोला. हमने विपक्ष से कहा था कि, सदन की कार्यवाही के दौरान ही विधायकों का निलंबन वापस लिया जाएगा. हम चाहते हैं कि विपक्ष सदन में आए और अपना मुद्दा उठाए.
दिल्ली विधानसभा धमकी मामले में राहत, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
दिल्ली विधानसभा परिसर की बम डिटेक्शन टीम और नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने पूरी जांच कर ली है. अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि सभी आवश्यक पुलिस व्यवस्था मौके पर जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
डॉग स्क्वायड की टीम कर रही विधानसभा की जांच
डॉग स्क्वायड और दिल्ली पुलिस की बॉम डिस्पोजल टीम दिल्ली विधानसभा की जांच कर रही है.
दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी
दिल्ली विधानसभा और स्पीकर विजेन्द्र गुप्ता को एक बार फिर बम धमाके की ईमेल धमकी मिली है. विधानसभा स्पीकर के कमरे की तलाशी जारी है. विधानसभा और स्पीकर को यह धमकी भरे ईमेल सुबह 7:28 AM और 7:49 AM पर प्राप्त हुए. ईमेल में दिल्ली विधानसभा परिसर के साथ विधानसभा मेट्रो स्टेशन पर भी धमाका करने की चेतावनी दी गई है.
ईमेल में एलजी तरणजीत सिंह संधू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा के नाम भी उल्लेखित हैं. अलर्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा परिसर और मेट्रो स्टेशन की जांच तेज कर दी है. सदन की कार्यवाही सुरक्षा कारणों से 11:30 बजे तक स्थगित कर दी गई है.
CM Rekha Gupta, Delhi Budget LIVE: दिल्ली का GSDP 13.27 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद
सर्वे के अनुसार, दिल्ली का GSDP 2026-27 में 9.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी से लगभग 13.27 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है. राजधानी की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र का दबदबा है, जिसका योगदान 86 प्रतिशत से ज्यादा है, जबकि कृषि का 0.8 प्रतिशत ही योगदान है.
दिल्ली का बजट 1 लाख करोड़ रुपये का रहा, जिसमें 59,300 करोड़ रुपये विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के लिए आवंटित किए गए. परिवहन क्षेत्र को सबसे ज्यादा, करीब 20 प्रतिशत हिस्सा मिला. इसके अलावा, सरकार ने रेवेन्यू सरप्लस बनाए रखा है और वित्तीय घाटा भी GSDP के 3 प्रतिशत के भीतर है, जो सुरक्षित स्तर माना जाता है.
Delhi Budget Session 2026 LIVE: क्या कहता है दिल्ली का इकोनॉमिक सर्वे?
दिल्ली सरकार ने बजट सत्र के पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट को सदन में पेश किया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे पेश किया. सर्वे के मुताबिक, दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से करीब 2.5 गुना ज्यादा है. 2026-27 में दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय 5.1 लाख रुपये रहने का अनुमान है. उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा दिल्ली की मजबूत अर्थव्यवस्था को दिखाता है.














