पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र की सत्यम एन्क्लेव सोसायटी में रहने वाली दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) की एक असिस्टेंट प्रोफेसर की बेरहमी से हत्या कर दी गई. उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया. हाथ की नस भी कटी मिली. पुलिस को शक है कि हत्या में किसी परिचित का हाथ हो सकता है.
जानकारी के अुनसार, डॉ देबोस्मिता पॉल डीयू के शिवाजी कॉलेज में अंग्रेजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं. साल 2017 में उनकी शादी हुई थी. घरेलू विवाद के बाद 2022 में पति-पत्नी अलग हो गए थे. उनके पित बेंगलुरु में रहते हैं, जबकि डॉ देबोस्मिता पॉल सत्यम एन्क्लेव में स्थित अपनी बहन के फ्लैट में रह रही थीं.
सिर पर घाव, एक हाथ की नस भी कटी मिली
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में डॉ. पॉल के सिर पर किसी भारी चीज से वार किए जाने के गहरे जख्म मिले हैं, जिससे साफ पता चलता है कि उन पर जानलेवा हमला किया गया था. इसके अलावा उनके एक हाथ की नस भी कटी हुई पाई गई है.
3 अज्ञात लोगों की हुई पहचान
असिस्टेंट प्रोफेसर पॉल की हत्या मामले में पुलिस ने 3 अज्ञात लोगों की पहचान की है. सूत्रों के मुताबिक, एक पुरुष और एक महिला और एक ड्राइवर ओला कैब से अपार्टमेंट में दाखिल हुए थे. पुलिस उस कैब ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
बहन फ्लैट पर पहुंची तो फर्श पर पड़ी थीं डॉ. पॉल
डॉ. पॉल गुरुवार 4 जून की दोपहर से अपनी बहन का कॉल नहीं उठा रहीं थी. इसके बाद वे न्यू अशोक नगर थाने पहुंचीं और पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद वे देबोस्मिता पॉल के फ्लैट पर पहुंची और सोसायटी एसोसिएशन के पदाधिकारियों की मदद से गेट खुलवाया. फ्लैट में अगंदर जाते ही वे अपनी बहन डॉ. देबोस्मिता पॉल को फर्श पर खून से लथपथ पड़ा देख दंग रह गईं. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
मथुरा में पति ने पत्नी को गोली मारी, फिर खुद की भी जान दी, लंबे समय से चल रहा था विवाद
पुलिस को शक आरोपी परिचित हो सकता
न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. फ्लैट में जबरन प्रवेश (फोर्स एंट्री) के कोई संकेत नहीं मिले हैं. ऐसे में पुलिस को आशंका है कि आरोपी कोई परिचित हो सकता है.
(अनुष्का गर्ग की रिपोर्ट)