First Women Police Station Delhi: दिल्ली पुलिस एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही है. राजधानी के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के सब्जी मंडी थाना क्षेत्र में दिल्ली का पहला महिला थाना बनाया जा रहा है, जहां SHO से लेकर चौकीदार तक, हर वर्दी में एक महिला होगी. यह थाना फिलहाल ट्रायल बेसिस पर शुरू किया जा रहा है, लेकिन अगर यह प्रयोग सफल रहा तो दिल्ली के हर जिले में एक-एक महिला थाना खोला जाएगा. यानी राजधानी की तस्वीर बदलने वाली है और इस बदलाव की शुरुआत उत्तरी जिला दिल्ली के सब्जी मंडी क्षेत्र से हो रही है.
क्यों जरूरी था यह कदम?
दिल्ली के मौजूदा थानों में महिला SHO की संख्या न के बराबर है. पीड़ित महिलाएं अक्सर थाने में शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचाती हैं. कभी संकोच के कारण, कभी डर के कारण... महिला थाने की परिकल्पना इसी दीवार को तोड़ने के लिए है, जहां पीड़िता बेझिझक अपनी बात बिना किसी असहजता के कह सके.
महिला इंस्पेक्टर्स को मिलेगा मौका
इस पहल का एक और अहम पहलू यह है कि जो महिला इंस्पेक्टर्स थाना इंचार्ज बनने का सपना देख रही थीं, उन्हें अब एक ठोस अवसर मिलेगा. अब तक थाना इंचार्ज की कुर्सी तक पहुंचना उनके लिए मुश्किल था.
बदलाव की नई इबारत
दिल्ली पुलिस का यह कदम सिर्फ एक थाना खोलना नहीं है. यह सोच में बदलाव है. सुरक्षा, सुविधा और सम्मान तीनों एक साथ. अगर यह मॉडल कामयाब रहा, तो यह पूरे देश के लिए एक मिसाल बन सकता है.














