- बेंगलुरु के वर्थुर पुलिस थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय रंजीथा की उसके लिव-इन पार्टनर अयप्पा ने कथित हत्या की है
- आरोपी अयप्पा पहले से शादीशुदा था और वैवाहिक विवादों के बाद अपनी पत्नी से अलग हुआ था
- दोनों कुछ महीनों से बेंगलुरु के कोडाथी गांव में किराए के मकान में साथ रह रहे थे और बीच में झगड़े होते थे
बेंगलुरु के वर्थुर पुलिस थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवती रंजीथा की कथित तौर पर उसके लिव‑इन पार्टनर अयप्पा ने हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. पुलिस ने बताया कि रंजीथा और आरोपी अयप्पा दोनों ही कर्नाटक के कोडागु जिले के रहने वाले हैं. अयप्पा पहले से शादीशुदा था और वैवाहिक विवादों के बाद वह अपनी पत्नी से अलग हो गया था. इसके बाद वह रंजीथा के संपर्क में आया और उससे शादी का वादा किया.
बेंगलुरु में किराए के मकान में रह रहे थे साथ
रंजीथा के परिवार को भरोसे में लेने के बाद अयप्पा उसे बेंगलुरु ले आया. दोनों पिछले कुछ महीनों से वर्थुर पुलिस थाना क्षेत्र के कोडाथी गांव में एक किराए के मकान में साथ रह रहे थे. अयप्पा एक ड्राई फ्रूट्स की दुकान में सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था. पुलिस के मुताबिक हाल के दिनों में दोनों के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे. रंजीथा ने कथित तौर पर अपने माता‑पिता को बताया था कि अयप्पा उसके साथ मारपीट करता था और जाति‑आधारित अपशब्दों का इस्तेमाल करता था.
ये भी पढ़ें : दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन पकड़ेगी रफ्तार, DPR पर फोकस, चेन्नई- बेंगलुरु रेल कॉरिडोर का काम भी जल्द शुरू होगा
आत्महत्या का दावा, परिवार को हुआ शक
कुछ दिनों बाद अयप्पा ने रंजीथा के परिवार को फोन कर दावा किया कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. हालांकि परिस्थितियों पर संदेह होने के चलते रंजीथा के परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि रंजीथा की केबल वायर से गला घोंटकर हत्या की गई थी। इससे यह साफ हो गया कि यह हत्या का मामला है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी.
ये भी पढ़ें : राज्यसभा चुनाव में ‘क्रॉस-वोटिंग' की आशंका, ओडिशा कांग्रेस ने आठ विधायकों को कर्नाटक भेजा
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी अयप्पा को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की आगे की जांच वर्थुर पुलिस स्टेशन में जारी है. इस बीच रंजीथा का परिवार उसके शव को अंतिम संस्कार के लिए कोडागु जिले के पोन्नमपेटे ले गया है.














