'आओ तुम्हें कुर्बानी दिखाते हैं', गाजियाबाद में ईद पर बुला चाकू घोंपकर मारा; मां की आरोपी के एनकाउंटर की मांग

सूर्या के साथ मौजूद दोस्त आयुष ने बताया कि आरोपी ने ईद मनाने और कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया था. तभी उसने रास्ते में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी अस्पताल में मौत हो गई.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
सफेद शर्ट में मृतक सूर्या, काली शर्ट में आरोपी असद.

Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा में बेटे की हत्या के बाद पीड़िता मां ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है. मृतक सूर्या की मां सरोज ने NDTV से बातचीत में कहा, "जैसे मेरे बेटे के चाकू घोंपा गया, वैसे ही मैं उस लड़के के चाकू घोपूंगी, उसकी आंतें बाहर निकाल लूंगी. असद ने फोन करके बुलाया था, हमें नहीं पता था कि बकरीद के दिन वो चाकू भोंक देगा. उसका एनकाउंटर होना चाहिए."

दरअसल, मकंदपुर खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन दोपहर करीब साढ़े 3 बजे सूर्या नाम के लड़के पर असद और उसके साथियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घायल सूर्या को आनन-फानन नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर 12 बजे मौत हो गई. जिसके बाद फोर्टिस अस्पताल के बाहर मातम पसर गया. सूर्या के परिवार वाले और हिंदू संगठन से जुड़े लोग विरोध करके कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

ईद मनाने और कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया – दोस्त आयुष की आपबीती  

घटना के वक्त सूर्या के साथ मौजूद उसके दोस्त आयुष ने बताया कि हमें असद ने ईद मनाने के लिए बुलाया और कहा कि आओ तुम्हें कुर्बानी दिखाते हैं. हमारी असद से पहले कोई रंजिश या बातचीत नहीं थी. हमने उससे कहा कि हम मीट नहीं खाते हैं.

वो हमें अपने साथ ले जा रहा था, तभी उसने चाकू निकाला और सूर्या के पेट में मार दिया. उस वक्त असद के साथ 5-6 लोग और भी मौजूद थे. आयुष ने आगे बताया कि मैं अपना बचाव करते हुए भागा और थोड़ी देर बाद वापस आया. वहां भीड़ थी, फिर मैंने एक लड़के की मदद से सूर्या को फोर्टिस हॉस्पिटल की इमरजेंसी में एडमिट कराया और सबको फोन किया. उसने मांग की है कि जिस दर्द से मेरा दोस्त मरा है, वैसा ही हो आरोपी का हो.

Advertisement

मृतक सूर्या की मकान मालिक सोनी ने सरोज की तरफ इशारा करते हुए बताया कि ये मेरे घर में किराएदार हैं. सूर्या की मां सरोज ड्यूटी जाती हैं. उस दिन सूर्या मेरे घर में चाबी रखकर गया था. 4 बजे फोन आया तब पता चला कि सूर्या को किसी ने चाकू घोंपकर मार डाला है.

हिंदू संगठनों ने दी पलायन की धमकी

वहीं, अब इस मामले में हिंदू संगठनों में आक्रोश नजर आ रहा है. हिंदू रक्षा दल के सदस्य खोड़ा से हिंदुओं के पलायन की चेतावनी भी दे रहे हैं. फोर्टिस अस्पताल पहुंचे VHP खोड़ा अध्यक्ष संजय मिश्रा का कहना है कि खोड़ा में अत्याचार बढ़ता जा रहा है. उन्होंने सीएम योगी से आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है. वहीं, हिंदू रक्षा दल के खोड़ा अध्यक्ष सोनू शर्मा ने भी पलायन की धमकी दी है.

Advertisement

शिकायतकर्ता ने क्या बताया

गाजियाबाद पुलिस ने बीते रोज ही शिकायतकर्ता विनीत राजपूत की तहरीर पर खोड़ा थाने में आरोपी अशद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था. FIR के मुताबिक वारदात 28 मई को दोपहर करीब 03:30 बजे खोड़ा थाना इलाके की शर्मा डेरी वाली गली में हुई. विनीत राजपूत के मुताबिक, उनका भाई सूर्या और दोस्त आयुष नवनीत विहार खोड़ा से जा रहे थे, तभी गली में अशद (निवासी लोकप्रिय विहार) मिला. वहां बहस और गाली-गलौज के बाद अशद ने जान से मारने की नीयत से सूर्या के पेट में चाकू घोंप दिया.

गाजियाबाद पुलिस ने पहले इरादतन हत्या का प्रयास के तहत केस दर्ज किया था, जिसे अब सूर्या की मौत के बाद हत्या की धारा में बदला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी लड़के की तलाश लगातार जारी है, दबिश दी जा रही है.

Featured Video Of The Day
पाकिस्तान के हनीट्रैप में फंसे जम्मू के करण की मां और बहन ने खोले बड़े राज़!
Topics mentioned in this article