Vaibhav Suryavanshi: वो एक मास्टर प्लान जिसकी बदौलत वैभव सूर्यवंशी ने मचा दिया तूफान, खुद किया रणनीति का खुलासा

Vaibhav Suryavanshi: कप्तान रियान पराग ने भी वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें बिना किसी दबाव के पूरे सीजन खेलने दिया जाना चाहिए. पराग के मुताबिक, टीम का लक्ष्य सिर्फ मैच जीतना नहीं बल्कि ट्रॉफी हासिल करना है

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Vaibhav Suryavanshi Master Plan vs CSK

Vaibhav Suryavanshi: राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में जीत के साथ शानदार शुरुआत की, जहां टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराया. इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी और उनके स्पष्ट गेम प्लान की रही, जिसकी वजह से सीएसके के गेंदबाज बेअसर नजर आए. मैच के बाद वैभव ने अपनी रणनीति का खुलासा करते हुए बताया कि उनका फोकस शुरू से ही पावरप्ले का पूरा फायदा उठाने पर था. उन्होंने कहा कि पिच शुरुआत में थोड़ी धीमी थी, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा, बल्लेबाजी आसान होती गई. इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तय किया कि शुरुआती ओवरों में आक्रामक खेल दिखाना जरूरी है.

वैभव ने यह भी साफ किया कि टीम मैनेजमेंट, खासकर कुमार संगाकारा और विक्रम राठौर ने उन्हें ज्यादा तकनीकी बदलावों में उलझाने के बजाय आत्मविश्वास दिया. उन्हें बस यही कहा गया कि अपने अंदाज में खेलने पर भरोसा रखें और परिस्थितियों को समझते हुए खुलकर बल्लेबाजी करें. इस आजादी ने उनके खेल में वो जोश भरा, जिसका असर मैदान पर साफ दिखा.

सिर्फ 17 गेंदों में 52 रन बनाने वाले वैभव ने 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए सीएसके के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. उनके साथ यशस्वी जायसवाल की 75 रनों की साझेदारी ने मैच को एकतरफा बना दिया. वैभव ने यह भी बताया कि जायसवाल लगातार उन्हें सपोर्ट करते रहे और उन्होंने कभी भी शॉट खेलने से नहीं रोका, बल्कि मौका मिलने पर अपने खेल पर टिके रहने की सलाह दी.

कप्तान रियान पराग ने भी वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें बिना किसी दबाव के पूरे सीजन खेलने दिया जाना चाहिए. पराग के मुताबिक, टीम का लक्ष्य सिर्फ मैच जीतना नहीं बल्कि ट्रॉफी हासिल करना है, और इसके लिए युवा खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की जरूरत है.

Advertisement

इस मुकाबले में राजस्थान की रणनीति साफ नजर आई परिस्थितियों को जल्दी समझना, पावरप्ले में आक्रामकता दिखाना और युवा खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ खेलने की छूट देना. यही वह प्लान था, जिसने वैभव सूर्यवंशी को सीएसके के गेंदबाजों पर हावी होने में मदद की और टीम को आसान जीत दिलाई.

Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | Iran Israel War: जंग में उतरेंगे Kim Jong Un? US को North Korea की सीधी चुनौती!