Sai Sudarshan Created History: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का 60वां मुकाबला बीते शनिवार (16 मई) को कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस (KKR vs GT) के बीच कोलकाता में खेला गया. जहां गुजरात की टीम को 29 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा. पिछले मुकाबले में जरूर जीटी की टीम केकेआर के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाई. मगर सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन (Sai Sudharsan) का बल्ला एक बार फिर से चला. टीम के लिए पारी का आगाज करते हुए उन्होंने 53 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. इस दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की. वह टी20 फॉर्मेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. सुदर्शन से पहले यह वर्ल्ड रिकॉर्ड पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज शॉन मार्श (Shaun Marsh) के नाम दर्ज था. जिन्होंने टी20 फॉर्मेट में 3000 रन के आंकड़े को 85 पारियों में हासिल किया था. मगर सुदर्शन ने 78 पारियों में ही 3000 रन बनाते हुए विशेष रिकॉर्ड को अब अपने नाम कर लिया है.
टॉप-5 में इन दिग्गजों का है कब्जा
टॉप-5 में पहले पायदान पर अब जहां साई सुदर्शन आ गए हैं. वहीं एक स्थान नीचे खिसकते हुए शॉन मार्श दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं. तीसरे स्थान पर डी आर्सी शॉर्ट (D'Arcy Short) का कब्जा है. शॉर्ट ने टी20 फॉर्मेट में 3000 रन के आंकड़े को 86 पारियों में हासिल किया था. चौथे एवं पांचवें स्थान पर डेवोन कॉनवे और क्रिस गेल का नाम आता है. कॉनवे ने टी20 फॉर्मेट में 3000 रन के आंकड़े को 86, जबकि गेल ने 87 पारियों में छूआ था.
टी20 फॉर्मेट में सबसे कम पारियों में 3000 रन पूरे करने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
78 पारी - साई सुदर्शन (भारत)
85 पारी - शॉन मार्श (ऑस्ट्रेलिया)
86 पारी - डी'आर्सी शॉर्ट (ऑस्ट्रेलिया)
86 पारी - डेवोन कॉनवे (न्यूजीलैंड)
87 पारी - क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)
केकेआर के खिलाफ खूब चला सुदर्शन का बल्ला
पिछले मुकाबले में बात करें सुदर्शन के प्रदर्शन के बारे में तो उन्होंने अपनी टीम के लिए पारी का आगाज करते हुए कुल 28 गेंदों का सामना किया. इस बीच 189.28 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 53 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से छह चौके और तीन छक्के देखने को मिले.
केकेआर को मिली जीत
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो कोलकाता में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की टीम 20 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए फिन ऐलन सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 35 गेंदों में 93 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा अंगकृष रघुवंशी ने 44 गेंदों में नाबाद 82, जबकि कैमरन ग्रीन ने 28 गेंदों में नाबाद 52 रनों का योगदान दिया.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीटी की टीम 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 218 रन तक ही पहुंच पाई. टीम के लिए कैप्टन गिल ने 49 गेंदों में 85 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा बटलर ने 57, जबकि सुदर्शन ने नाबाद 57 रनों का योगदान दिया. इसके बावजूद टीम जीत नहीं पाई.
यह भी पढ़ें- IPL 2027: 27 करोड़ी ऋषभ पंत को LSG रिटेन करे या रिलीज? सहवाग ने सुना दिया फरमान














