Sachin Tendulkar on IPL Rule Change: महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने टी-20 क्रिकेट में बल्ले और गेंद के बीच संतुलन वापस लाने के लिए कुछ बड़े बदलावों का सुझाव दिया है. हाल के दिनों में, यह खेल बल्लेबाजों के पक्ष में बहुत ज्यादा झुक गया है. मौजूदा आईपीएल 2026 में रनों की बारिश हुई है और 220 रन का टारगेट भी आसान बन पड़ा है. ऐसे में मुंबई में हुए ईएसपीएन क्रिकइन्फो अवार्ड में, तेंदुलकर ने 'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम को खत्म करने की अपील की. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि कुछ ऐसी बातें हैं जो मैं अपनी निजी राय के तौर पर कह सकता हूं, मुझे लगता है कि 'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम को खत्म कर देना चाहिए. टी-20 फॉर्मेट में, आप पहले से ही सिर्फ 20 ओवर खेल रहे होते हैं, और फिर आप टीम में एक और बल्लेबाज जोड़ देते हैं. जब गेंदबाजों के लिए पहले से ही मुश्किलें बढ़ रही हैं, तो मुझे यह इस गेम में असंतुलन खलता है. "
इसके अलावा 21वीं सदी के महानतम बल्लेबाज़ चुने गए तेंदुलकर ने अपनी बात आगे ले जाते हुए कहा कि, 6 ओवर के पावरप्ले होने चाहिए जिसमें 4 ओवर बल्लेबाजों के लिए और दो ओवर फील्डिंग करने वाली टीम के लिए. तेंदुलकर ने कहा, मैदान पर पाबंदियों के साथ 6 ओवर का पावरप्ले होता है, जिसमें रिंग के बाहर सिर्फ दो फील्डर रखने की इजाजत होती है. पहले चार ओवर बल्लेबाजों का पावरप्ले हों, जिसमें फील्ड पर वही पाबंदियां लागू हों..और उसके बाद, बाकी बचे दो पावरप्ले ओवर कब लेने हैं, यह फील्डिंग कप्तान अपनी मर्जी से तय करे. खेल के किसी भी मोड़ पर, इन दो लगातार ओवरों के दौरान रिंग के बाहर एक अतिरिक्त फील्डर रखने की भी छूट मिलेगी.
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को 5 ओवर करने का मिले मौका
आखिर में, सचिन ने सुझाव दिया कि एक गेंदबाज को 5 ओवर फेंकनी की इजाजत मिलनी चाहिए. अभी, गेंदबाज ज्यादा से ज्यादा 4 ओवर फेंक सकते हैं, लेकिन सचिन ने कहा कि सबसे अच्छे गेंदबाज़ को 5 ओवर फेंकने का इनाम मिलना चाहिए. पूर्व दिग्ज ने कहा,
"एक गेंदबाज को 5 ओवर करने की इजाजत मिलनी चाहिए. अक्सर टीम का सबसे अच्छा गेंदबाज ही वह 5वां ओवर फेंकेगा. क्या आप उस सबसे अच्छे गेंदबाज को और ज्यादा गेंदबाजी करते हुए नहीं देखना चाहेंगे? "टॉप बल्लेबाज कभी-कभी 20 ओवर तक बल्लेबाज़ी करते हैं.. तो फिर आपके टीम के सबसे अच्छे गेंदबाज को 5 ओवर गेंदबाजी क्यों नहीं करनी चाहिए?"











