RR vs LSG IPL 2026 Highlights: वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 64वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से शिकस्त दी. इसी के साथ रॉयल्स प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है. टीम के 13 में से 7 मैच अपने नाम किए हैं. अगर रॉयल्स की टीम 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत दर्ज करती है, तो यह टीम प्लेऑफ का अंतिम टिकट अपने नाम कर लेगी.
'करो या मरो' के मुकाबले में विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 19.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली. इस टीम को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 39 गेंदों में 75 रन की साझेदारी की. जायसवाल 23 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सूर्यवंशी ने ध्रुव जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 105 रन जुटाते हुए टीम को 180 के स्कोर तक पहुंचाया.
सूर्यवंशी 38 गेंदों में 10 छक्कों और 7 चौकों के साथ 93 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे. यहां से ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला, जिन्होंने 38 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 53 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि डोनोवन फरेरा 10 गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद रहे. विपक्षी खेमे से आकाश महाराज सिंह और मोहसिन खान ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
इससे पहले, मंगलवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए. मिचेल मार्श ने जोस इंगलिस के साथ पहले विकेट के लिए 50 गेंदों में 109 रन की साझेदारी की. इंगलिस 29 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 60 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद मिशेल मार्श ने निकोलस पूरने के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 42 रन जोड़े. पूरन 16 रन बनाकर आउट हुए, जहां से मार्श ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 64 रन जुटाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया.
मार्श सिर्फ 4 रन से अपना अर्धशतक चूक गए, जिन्होंने 57 गेंदों में 96 रन बनाए. उनकी इस पारी में 5 छक्के और 11 चौके शामिल रहे. पंत 23 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुए. विपक्षी खेमे से यश राज ने 35 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 1 विकेट अपने नाम किया.
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जयसवाल (कप्तान), लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा.
लखनऊ सुपर जाइंट्स (प्लेइंग इलेवन): मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बडोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव.
RR vs LSG Live Score: राजस्थान प्लेऑफ से एक कदम दूर
राजस्थान को अब अपना अगला मुकाबला मुंबई के खिलाफ खेलना है. अगर राजस्थान ने यह मैच जीत लिया तो वह आसानी से प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लेगी. जबकि चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएंगी, ऐसे में यह टीमें राजस्थान की हार का दुआ करेंगी.
RR vs LSG Live Score: राजस्थान 7 विकेट से जीता
राजस्थान ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया. फरेरा ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई. 221 का स्कोर इतना भी आसान नहीं था, लेकिन जब आपकी टीम में वैभव सूर्यवंशी हो, तो 300 का स्कोर भी कम लगने लगता है...93 रन बनाए हैं उन्होंने. 250 से अधिक की स्ट्राइक रेट से और राजस्थान ने इसे आसानी से जीत लिया. राजस्थान ने लखनऊ को 7 विकेट से हरा दिया.
RR vs LSG Live Score: राजस्थान 200 पार
राजस्थान का स्कोर 200 पार हुआ. अब उसे जीत के लिए 18 गेंद में 20 रन चाहिए. वैभव की तूफानी पारी से राजस्थान के लिए यह अब मुश्किल नहीं है. पिछले ओवर से 5 रन आए हैं. राजस्थान जीतेगी तो वह प्लेऑफ की रेस में बनी रहेगी.
17.0 ओवर: राजस्थान रॉयल्स 201/3
RR vs LSG Live Score: ल्हुआन-ड्रे प्रीटोरियस रन आउट
आउट ल्हुआन-ड्रे प्रीटोरियस रन आउट हुए. एक डायरेक्ट हिट और ल्हुआन-ड्रे प्रीटोरियस कुछ गज पीछे रह गए - आपको थर्ड अंपायर से पूछने की भी ज़रूरत नहीं है - एक वाइड यॉर्कर और जुरेल ने इसे सीधे बैकवर्ड पॉइंट पर मारा. गेंद बडोनी के हाथों में गई. उनके पास इतना समय था कि वो गेंद को कलेक्ट करें और सीधे उसे स्ट्राइकर एंड पर डायरेक्ट हिट करें. राजस्थान को तीसरा झटका लगा है. ल्हुआन-ड्रे प्रीटोरियस फ्रेम में कहीं नहीं थे और उन्होंने इंतज़ार करने की भी ज़हमत नहीं उठाई, डग-आउट की ओर वापस भागते रहे.
RR vs LSG Live Score: वैभव सूर्यवंशी आउट
ओह ये क्या...सीधे हाथ में मार बैठे वैभव. शतक से चूक गए. वैभव सूर्यवंशी 93 रन बनाकर आउट हुए. ऑफ स्टंप के बाहर धीमी गेंद थी, सूर्यवंशी ने गेंद को फ्रंट लेग से खेला, लेकिन गेंद धीमी थी. लॉन्ग-ऑन पर खड़े अब्दुल समद के हाथों में गई गेंद. वैभव भले ही शतक से चूक गए, हो, लेकिन अपना काम कर गए हैं.
13.6 ओवर: राजस्थान रॉयल्स 180/2
RR vs LSG Live Score: मयंक सिंह की पिटाई हुई
मयंक सिंह के इस ओवर में वैभव सूर्यवंशी ने 29 रन बटोरे हैं. 12 ओवर हुए हैं और राजस्थान का स्कोर 150 पार हुआ. वैभव ने चार छक्के और एक चौका लगाया है इस ओवर में. अगर वैभव ऐसे ही खेलते रहे तो राजस्थान जल्द ही मैच भी जीत जाएगी. वैभव शतक की ओर हैं.
12.0 ओवर: राजस्थान रॉयल्स 166/1
RR vs LSG Live Score: वैभव का 23 गेंदों में पचासा
वैभव सूर्यवंशी ने 23 गेंदों में 50 रन बनाए हैं. यह इस सीजन उनका सबसे स्लो अर्द्धशतक है. वैभव के तूफान से सामने 23 गेंदों में अर्द्धशतक भी स्लो लग रहा है, तो समझिए कि वह किस तरीके से प्रहार कर रहे हैं.
10.0 ओवर: राजस्थान रॉयल्स 121/1
RR vs LSG Live Score: आकाश सिंह का किया बुरा हाल
वैभव सूर्यवंशी ने इस ओवर में आकाश सिंह का बुरा हाल किया. इस ओवर से 26 रन बटोरे हैं. 9 ओवर हुए हैं और राजस्थान का स्कोर 100 पार हुआ. यह इस पारी का सबसे मंहगा ओवर है अभी तक का. गावस्कर ने ट्रोल किया है आकाश को यह पूछा है कि अब पर्ची कहां हैं.
9.0 ओवर: राजस्थान रॉयल्स110/1
RR vs LSG Live Score: यशस्वी जायसवाल आउट
यशस्वी जायसवाल आउट हुए. राजस्थान को पहला झटका लगा है. ऋषभ पंत ने कैच किया. किनारा लेकर चली गई गेंद. इस बार पॉकेट से कोई पेपर नहीं निकला और आकाश महाराज सिंह जश्न मनाते दिखे. ऑफ स्टंप के बाहर फुल, ड्राइव के लिए थे, लेकिन यशस्वी जायसवाल ड्राइव करने के लिए आगे बढ़े, लेकिन कनेक्शन नहीं हुआ. यशस्वी जायसवाल 23 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्का लगाकर पवेलियन लौटे.
6.3 ओवर: राजस्थान रॉयल्स 71/0
RR vs LSG Live Score: पावरप्ले पूरा
पावरप्ले पूरा हुआ और वैभव और जायसवाल ने मिलकर इसे राजस्थान के नाम किया. राजस्थान को जिस शुरुआत की जरूरत थी, वो उन्हें मिल गई है. अब इस मोमेंटम को राजस्थान बनाए रखना चाहेगी. लखनऊ ने अगर दोनों बल्लेबाजों को जल्दी आउट नहीं किया तो यह रन चेज 17 ओवर तक खत्म समझिए. राजस्थान को 84 गेंद में जीत के लिए 150 रन चाहिए अब. जायसवाल अपने अर्द्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं.
6.0 ओवर: राजस्थान रॉयल्स 71/0
RR vs LSG Live Score: राजस्थान की अच्छी शुरुआत
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान को अच्छी शुरुआत दिलाई है. पिछले ओवर से सिर्फ 3 रन आए हैं, लेकिन 3 ओवर में राजस्थान ने 30 रन बटोरे लिए हैं. अगर वैभव ऐसे ही खेलते रहे तो राजस्थान आसानी से यह मुकाबला अपने नाम कर लेगी.
3.0 ओवर: राजस्थान रॉयल्स 30/0
RR vs LSG Live Score: राजस्थान का रन चेज शुरू
राजस्थान रॉयल्स का रन चेज शुरू हुआ. जायसवाल और वैभव पर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने का जिम्मा होगा. दूसरी तरफ लखनऊ के लिए आकाश गेंदबाजी की शुरुआत कर रहे हैं. लखनऊ की नजर पावरप्ले के अंदर दोनों ओपनर का विकेट लेने की होगी.
RR vs LSG Live Score: वैभव सूर्यवंशी पर जिम्मा
वैभव सूर्यवंशी पर जिम्मा है. राजस्थान को प्लेऑफ का टिकट मिलेगा या नहीं, यह सिर्फ और सिर्फ उसके हाथ में है. बाकी टीम जीते या हारे, उसका कोई नतीजा राजस्थान के हिस्से में नहीं जाएगा. ऐसे में राजस्थान को हर हाल में जीत चाहिए. 221 का टारगेट है और अगर वैभव का बल्ला चला तो टीम इसे 20 ओवर से पहले ही जीत सकती है.
RR vs LSG Live Score: राजस्थान को मिला 221 का लक्ष्य
जोफ्रा आर्चर ने पारी की आखिरी गेंद पर आयुष बदोनी को बोल्ड किया और इसके साथ ही लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए. लखनऊ ने 3 विकेट आखिरी ओवर में गंवाए. मिचेल मार्श और जोश इंग्लिश ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई. इसके बाद मार्श और पूरन से जिम्मा संभाला. जब यह साझेदारी टूटी को क्रीज पर पंत आए और मार्श के साथ मिलकर टीम के स्कोर को 200 पार लेकर गए.
20.0 ओवर: लखनऊ सुपर जायंट्स 220/5
RR vs LSG Live Score: मिचेल मार्श रन आउट
मिचेल मार्श रन आउट हुए. एक रन ले चुके थे. मार्श दूसरा चाहते थे. उनका कॉल था, लेकिन वह टाइम से क्रीज के अंदर नहीं जा पाए. जायसवाल ने लॉन्ग-ऑफ से डायरेक्ट-हिट किया. मिचेल मार्श शतक से चूक गए. ऑफ पर एक लो फुल-टॉस थी, वह आगे बढ़े और जायसवाल की तरफ ड्राइव किया, जिन्होंने इसे पिक किया और स्ट्राइकर एंड पर डायरेक्ट-हिट मारा. मार्श काफी पीछे थे. उन्होंने डाइव नहीं लगाई. ध्रुव जुरेल लगभग स्टंप के पास थे लेकिन उन्होंने गेंद को पकड़ने की कोशिश नहीं की. एक शानदार पारी का अंत. मार्श 57 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्के लगाकर 96 रन बनाकर आउट हुए.
RR vs LSG Live Score: ऋषभ पंत रन आउट
ऋषभ पंत रन आउट हुए. ऋषभ पंत स्ट्राइक चाहते थे और मिचेल मार्श इसे देने के मूड में नहीं थे. उन्होंने उन्हें वापस भेजा और जोफ्रा आर्चर के डायरेक्ट हिट करने पर यह एक आसान रन-आउट था. मार्श स्लैश करने के लिए गए थे, लेकिन चूक गए. लेकिन मिस कर गए. ध्रुव जुरेल ने गेंद वापस आर्चर को सौंपी, जिन्होंने आसानी से स्टंप पर मार दिया. ऋषभ पंत 23 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए. पारी के दौरान 2 चौके और दो छक्के लगाए.
RR vs LSG Live Score: आखिरी ओवर बाकी
अब आखिरी ओवर बाकी है. लखनऊ का स्कोर 200 पार हुआ. शुशांत के पिछले ओवर से 11 रन आए हैं. मिचेल मार्श क्या शतक लगा पाएंगे. उन्हें अपना शतक पूरा करने के लिए 9 रन चाहिए. यह इस सीजन 8वीं बार है जब राजस्थान के खिलाफ किसी टीम ने 200 से अधिक का स्कोर किया है.
19.0 ओवर: लखनऊ सुपर जायंट्स 215/2
RR vs LSG Live Score: लखनऊ 200 के करीब
लखनऊ का स्कोर 200 के करीब है. अब 3 ओवर बाकी हैं. मिचेल मार्श क्रीज पर हैं और शतक की ओर बढ़ रहे हैं. संदीप के पिछले ओवर से 12 रन आए हैं. मिचेल मार्श 84 के स्कोर पर खेल रहे हैं. लखनऊ यहां से कम से कम 230 के स्कोर पर जा सकती है, बहुत आसानी से.
17.0 ओवर: लखनऊ सुपर जायंट्स 194/2
RR vs LSG Live Score: अब 5 ओवर बाकी
अब पांच ओवर बाकी है. मिचेल मार्श क्या आज भी शतक लगाएंगे? लखनऊ यहां से कम से कम 240 के स्कोर के आस-पास जाना चाहेगी. वह यह कर सकती है. पिछले ओवर से 5 रन आए हैं. राजस्थान की कोशिश इसे 230 के अंदर रोकने की होगी. लखनऊ का स्कोर 150 पार है.
15.0 ओवर: लखनऊ सुपर जायंट्स 165/2
RR vs LSG Live Score: निकोलस पूरन आउट
यशराज पुंजा ने टीम को दूसरी सफलता दिलाई. डोनोवन फरेरा ने कैच किया. इस बार फरेरा ने कोई गलती नहीं की. मिडिल पर एक अच्छी लेंथ गेंद. निकोलस पूरन आगे बढ़ते हुए इसे लॉफ्ट करना चाहते थे, लेकिन उन्हें टाइमिंग नहीं मिली. सीधे लॉन्ग ऑफ के हाथ में गेंद थमाई. फरेरा ने आसानी से अपने सिर के ऊपर से रिवर्स-कैच किया. पूरन फील्डर के ऊपर से इसे खेलना चाहते थे या फिर उससे दूर, लेकिन टाइमिंग सही नहीं हुई. निकोलस पूरन 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए.
RR vs LSG Live Score: मिचेल मार्श का अर्द्धशतक
मिचेल मार्श का अर्धशतक पूरा हुआ. 25 गेंदों पर फिफ्टी आई है. लखनऊ करीब 13 के रन रेट से रन बना रही है. बीते 5 ओवर में 57 रन आए हैं. दूसरे छोर पर निकोलस पूरन है. दोनों ही विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं.
RR vs LSG Live Score: जोश इंग्लिश बोल्ड
इंग्लिश बोल्ड हुए. यशराज पुंजा ने साझेदारी तोड़ी. इंग्लिश स्लॉग स्वीप के लिए गए थे. यह एक अच्छी डिलीवरी थी और टर्न हुई. इंग्लिश 29 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों के दम पर 60 रन बनाकर आउट हुए. लखनऊ मजबूत स्थिति में है.
RR vs LSG Live Score: 100 रनों की साझेदारी
लखनऊ ने पहले विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी कर ली है. वो भी सिर्फ 8 ओवर के अंदर. इंग्लिश का अर्धशतक पूरा हुआ. यह उनका आईपीएल का तीसरा शतक है. राजस्थान को यहां पर विकेच चाहिए होगा.
RR vs LSG Live Score: पावरप्ले पूरा
पावरप्ले पूरा हुआ. लखनऊ सुपर जांयट्स ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की है और इस दौरान 85 रन बटोरे हैं. पिछले ओवर से 15 रन आए हैं. जोश इंग्लिश ने ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जड़ा, जबकि ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाया. लखनऊ ने 3.3 ओवर में ही टीम फिफ्टी कर ली थी. और यह उसकी आईपीएल में सबसे तेज टीम फिफ्टी है. इंग्लिश अ्पने अर्धशतक की और हैं.
RR vs LSG Live Score: लखनऊ की तूफानी शुरुआत
लखनऊ की तूफानी शुरुआत हुई है. जोश इंग्लिश लगातार मारे जा रहे हैं. मिचेल मार्श भी प्रहार कर रहे हैं. आर्चर के पिछले ओवर से 13 रन आए हैं. लखनऊ का रन रेट 12 से अधिक का है.
RR vs LSG Live Score: लखनऊ की बैटिंग शुरू
चलिए लखनऊ की बैटिंग शुरू हुआ. मिचेल मार्श और जोश इंग्लिश की सलामी जोड़ी मैदान पर है. राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे. लखनऊ की कोशिश पावरप्ले में अधिक से अधिक रन बटोरने की होगी, जबकि राजस्थान की कोशिश कम से कम दो विकेट लेने की होगी.
RR vs LSG Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श, जॉस इंग्लिश, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और कीपर), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहसिन ख़ान, मयंक यादव, आकाश सिंह और प्रिंस यादव
लखनऊ इम्पैक्ट सब: मुकुल चौधरी, एम सिद्धार्थ, दिग्वेश राठी, हिम्मत सिंह और अर्शिन कुलकर्णी
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, लुआन डी प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), डॉनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शानका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, बृजेश शर्मा और यश राज पुंजा
राजस्थान इम्पैक्ट सब: वैभव सूर्यवंशी, युद्धवीर सिंह, अमन राव, रवि बिश्नोई और रियान पराग
RR vs LSG LIVE Score: राजस्थान ने जीता टॉस
राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है. राजस्थान के लिए आज रियान पराग नहीं खेल रहे हैं. उनकी जगह यशस्वी जायसवाल टॉस के लिए आए हैं. जायसवाल के हाथों में टीम की कमान होगी. जबकि लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने बताया टीम में मोहम्मद शमी नहीं है.














