Pakistan Boycott India Match Update:पाकिस्तानी क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ आगामी मेंस टी20 वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलेगी. इस मामले पर लगातार खबरें अपडेट हो रही हैं. और ताजा खबर यह है कि अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ नहीं खेलता है, तो ICC उसके खिलाफ अलग-अलग कई बड़े प्रतिबंध लगा सकती है. दोनों देशों के बीच तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हाईवोल्टेज मैच खेला जाना था, लेकिन पाकिस्तानी सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए कुछ शर्तों के साथ मंजूरी दी है. पाकिस्तान सरकार के बयान में इस फैसले का कोई कारण नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारत के खिलाफ विश्व कप मैच का बहिष्कार करेगा.
सलमान अली आगा की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और यूएसए के साथ ग्रुप-ए में शामिल है. पाकिस्तानी टीम 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने विश्व कप मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी, लेकिन इस मांग को आईसीसी ने नहीं स्वीकारा. इसके बाद बांग्लादेश को मेंस टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया. उसके स्थान पर ग्रुप-सी में स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है.
पाकिस्तानी सरकार के आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर कहा,"इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हिस्सा लेने की मंजूरी देती है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी."
इस हफ्ते की शुरुआत में, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी, और तभी उन्होंने घोषणा की थी कि पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी को लिया जाएगा. हालांकि, अंतिम फैसला एक दिन पहले ही सुना दिया गया, जिससे अब इस टूर्नामेंट में एक नई समस्या सामने आ गई है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मैच से काफी रेवेन्यू आता है.
पाकिस्तान ने मेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम की जर्सी लॉन्च को भी टाल दिया था. उस वक्त यह समझा गया था कि जर्सी लॉन्च का इवेंट टीम की आगामी टूर्नामेंट में भागीदारी पर फैसला आने के बाद होगा.
Pakistan Boycott India Match Live Update: हरभजन पाकिस्तान पर भड़के
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार के पाकिस्तान के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को 'मेन इन ग्रीन” के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का पूरा हक है. हरभजन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'पहले इन्हें कोई समस्या नहीं थी. अब ये उस मुद्दे में कूद गए हैं जो बांग्लादेश से जुड़ा था. इस फैसले का असर आईसीसी पर पड़ सकता है, इसलिए आईसीसी को कानूनी कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। इससे पूरे टूर्नामेंट पर प्रभाव पड़ सकता है'
Pakistan Boycott India Match Live Update: पाकिस्तान पर बड़ा असर
अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को खेलने के लिए राजी नहीं होता है, टीम के खेलने पर लंबे समय के लिए अस्थायी प्रतिबंध भी लग सकता है: सूत्र
Pakistan Boycott India Match in T20 World Cup: पाकिस्तान पर लग सकते हैं बड़े प्रतिबंध
सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ नहीं खेलता है, तो ICC अलग तरह के प्रतिबंध उस पर लगा सकती है
Pakistan Boycott India Match Live Update: पाकिस्तान नहीं खेला तो क्या होगा?
Pakistan Boycott India Match Live Update: पाकिस्तान के न खेलने से छोटे टीमें को होगा नुकसान
बता दें कि अगर भारत-पाक मैच नहीं होता है तो छोटे देशों को इससे नुकसान होगा. आईसीसी जो पैसा कमाती है उसे छोटे क्रिकेट बोर्ड्स (जैसे आयरलैंड, नीदरलैंड्स या अफगानिस्तान) में बांटती है.
Pakistan Boycott India Match Live Update: ब्रॉडकास्टर का भारी नुकसान
पाकिस्तान के न खेलने से ब्रॉडकास्टर को भारी नुकसान होगा. एक एड जो कि केवल 10 सेकंड का हो, उसके स्लॉट के लिए कंपनियां 25 से 40 लाख रुपये तक खर्च करती है. अगर मैच नहीं हुआ तो अ 'जियो-स्टार' जैसे ब्रॉडकास्टर्स आईसीसी से हर्जाने की मांग कर सकती है.
Pakistan Boycott India Match Live Update: पाकिस्तान को होगा करोड़ों का नुकसान
सबसे ज़्यादा नुकसान राइट्स होल्डर को होता है. भारत-पाकिस्तान मैच से सिर्फ़ विज्ञापन से ही करीब 300 करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान है. ब्रॉडकास्टर पक्की चीज़ के लिए पैसे देते हैं. बीच में कोई बड़ा मैच रद्द होना सिर्फ़ शेड्यूलिंग की दिक्कत नहीं है - यह वैल्यू का उल्लंघन है. JioStar ने पहले ही फाइनेंशियल नुकसान की वजह से ICC से औपचारिक रूप से छूट मांगी थी, इससे उनका मामला और मज़बूत होगा. हर वर्ल्ड कप मैच की इंटरनल वैल्यू लगभग 138.7 करोड़ रुपये है.
Pakistan Boycott India Match Live Update: BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला का रिएक्शन
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का पाकिस्तान की ओर से बॉयकॉट करने पर, BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने कहा, "ICC ने एक बड़ा बयान जारी किया है, उन्होंने स्पोर्ट्समैनशिप के बारे में बात की है. हम ICC से पूरी तरह सहमत हैं. जब तक हम ICC से बात नहीं कर लेते, BCCI इस पर कोई कमेंट नहीं करेगा."
Pakistan Boycott India Match Live Update: पाकिस्तान पर लग सकता है बैन
NDTV की एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी पाकिस्तान के T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप-स्टेज मैच का बॉयकॉट करने के फैसले पर चर्चा करने के लिए एक हाई लेवल मीटिंग करने वाली है. इस मीटिंग पर पाकिस्तान पर बैन भी लगाया जा सकता है.
Pakistan Boycott India Match Live Update- श्रीलंका जाएगी भारतीय टीम
पाकिस्तान के बॉयकॉट के बावजूद, भारतीय टीम को दो पॉइंट्स चाहिए तो उन्हें श्रीलंका जाना होगा. सूत्रों ने बताया है कि टीम इंडिया ICC के प्रोटोकॉल को फॉलो करेगी. टीम इंडिया मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और मैच के दिन समय पर स्टेडियम पहुंचेंगे. वे मैच रद्द करने के लिए मैच रेफरी के फैसले का इंतजार करेंगे.
Pakistan Boycott India Match Live Update- टूर्नामेंट से बाहर कर देना चाहिए
पाकिस्तान के रवैये को लेकर हरभजन सिंह ने भी रिएक्ट किया है. भज्जी ने सीधे तौर पर माना है कि पाकिस्तान को टूर्नामेंट से अलग कर देना चाहिए.
Pakistan Boycott India Match Live Update: सुनील गावस्कर भड़के
पाकिस्तान को कड़ी सजा मिलनी चाहिए- सुनील गावस्कर
"निश्चित रूप से, मुझे लगता है कि अगर आप आखिरी समय में नाम वापस लेते हैं, तो यह एक समस्या है. अगर आप पहले ही नाम वापस ले लेते हैं, तो यह बिल्कुल अलग बात है. लेकिन अगर आप आखिरी समय में, टूर्नामेंट से ठीक पहले नाम वापस लेते हैं, तो हां, मुझे लगता है कि ICC को ज़रूर दखल देना चाहिए और कुछ कार्रवाई करनी चाहिए. मुझे नहीं पता कि वे क्या कार्रवाई करेंगे, लेकिन मुझे लगता है कि इसमें कई दूसरे बोर्ड भी शामिल हैं, इसलिए यह सिर्फ़ एक व्यक्ति का फ़ैसला नहीं होगा. हालांकि, यह कुछ ऐसा होना चाहिए जिससे यह पक्का हो कि भविष्य में कोई दूसरी टीम भी ऐसा करने के बारे में न सोचे."
Pakistan Boycott India Match Live: क्या बोला आईसीसी
पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ ना खेलने के सरकार के आदेश पर आईसीसी का भी रिएक्शन आया है. आईसीसी ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि आईसीसी को अभी भी पीसीबी से आधिकारिक बातचीत का इंतज़ार कर रहा है.
आईसीसी ने कहा,"ICC ने पाकिस्तान सरकार के उस बयान पर ध्यान दिया है जिसमें उसने अपनी नेशनल टीम को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में चुनिंदा तौर पर हिस्सा लेने का निर्देश देने के फैसले के बारे में बताया है. हालांकि ICC पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से आधिकारिक बातचीत का इंतज़ार कर रहा है, लेकिन चुनिंदा तौर पर हिस्सा लेने की यह बात एक ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट के मूल सिद्धांत से मेल नहीं खाती, जहां सभी क्वालिफाइड टीमों से इवेंट शेड्यूल के अनुसार बराबर शर्तों पर मुकाबला करने की उम्मीद की जाती है."
"ICC टूर्नामेंट स्पोर्ट्स की ईमानदारी, प्रतिस्पर्धा, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं, और चुनिंदा तौर पर हिस्सा लेना प्रतियोगिताओं की भावना और पवित्रता को कमजोर करता है. हालांकि ICC राष्ट्रीय नीति के मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करता है, लेकिन यह फैसला ग्लोबल खेल या दुनिया भर के फैंस के कल्याण के हित में नहीं है, जिसमें पाकिस्तान के लाखों लोग भी शामिल हैं."
"ICC उम्मीद करता है कि PCB अपने देश में क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण और लंबे समय के नतीजों पर विचार करेगा, क्योंकि इससे ग्लोबल क्रिकेट इकोसिस्टम पर असर पड़ने की संभावना है, जिसका वह खुद एक सदस्य और लाभार्थी है. ICC की प्राथमिकता ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप को सफलतापूर्वक आयोजित करना है, जो PCB सहित इसके सभी सदस्यों की भी ज़िम्मेदारी होनी चाहिए. यह उम्मीद करता है कि PCB एक ऐसा समाधान ढूंढेगा जो सभी स्टेकहोल्डर्स के हितों की रक्षा करे."
Pakistan Boycott India Match Live: पाकिस्तान को भुगतने होंगे परिणाम
आईसीसी बोर्ड के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया,"पीसीबी ने अभी तक आईसीसी को आधिकारिक तौर पर सूचित नहीं किया है लेकिन चूंकि आधिकारिक घोषणा हो चुकी है इसलिए आईसीसी के कुछ सख्त कार्रवाई करने की उम्मीद है. आईसीसी बोर्ड कल (सोमवार) वर्चुअल बैठक करेगा और तय करेगा कि पाकिस्तान को टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत दी जानी चाहिए या नहीं. अगर उन्हें इजाजत दी जाती है तो पीसीबी को कुछ सख्त सजा हो सकती है."
तो पीसीबी के खिलाफ क्या संभावित सजा हो सकती है? सूत्र ने कहा,"वे एक बाध्यकारी अनुबंध का उल्लंघन कर रहे हैं इसलिए आईसीसी के सदस्य बोर्ड द्विपक्षीय सीरीज के लिए पाकिस्तान जाने से मना कर सकते हैं. अगर वे द्विपक्षीय श्रृंखला खेलते हैं तो इस बात की पूरी संभावना है कि नतीजों का सभी प्रारूप में आईसीसी रैंकिंग पर कोई असर नहीं पड़ेगा." उन्होंने कहा,"पाकिस्तान को कोई डब्ल्यूटीसी अंक नहीं मिलने की भी संभावना है."
हालांकि पाकिस्तान को सबसे अधिक नुकसान उसके लिए राजस्व पैदा करने वाली पाकिस्तान सुपर लीग पर रोक से हो सकता है. सूत्र ने आगे कहा,"संन्यास ले चुके खिलाड़ियों या फ्री एजेंट्स को छोड़कर मौजूदा विदेशी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को पीएसएल में हिस्सा लेने से रोका जा सकता है. इसके अलावा आईसीसी के मेजबान प्रसारणकर्ता जियो-स्टार को होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई भी पीसीबी को करनी होगी जो लाखों डॉलर तक हो सकती है. उनका सालाना राजस्व भी रोका जा सकता है."
Pakistan Boycott India Match Live: पाकिस्तान को भुगतने होंगे परिणाम
पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का संभावित असर:
- टूर्नामेंट से पूरी तरह प्रतिबंध.
- आईसीसी से मिलने वाले सालाना राजस्व को रोका जा सकता है।
- पीसीबी से जियो-स्टार को राजस्व नुकसान की भरपाई करने को कहा जा सकता है।
- द्विपक्षीय सीरीज पर रोक, डब्ल्यूटीसी अंक और आइसीसी रैंकिंग पर असर पड़ सकता है।
- सभी विदेशी खिलाड़ियों (फ्री एजेंट्स को छोड़कर) को पीसीएल में खेलने से प्रतिबंध किया जा सकता है.
Pakistan Boycott India Match Live: ICC ने बुलाई बैठक, क्या होगा पाकिस्तान पर एक्शन
Pakistan Boycott India Match Live: पाकिस्तान सरकार के फैसले के बाद रविवार को आईसीसी की बोर्ड मीटिंग होनी है कल. यह वर्जुअल मीटिंग होगी. हालांकि, रिपोर्ट्स की मानें तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक आईसीसी को कोई लिखित जानकारी नहीं दी है. कल मोहसिन नकवी की प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी है. अब सभी नजरें आईसीसी की मीटिंग पर हैं.
Pakistan Boycott India Match Live: क्या सेमीफाइनल से भी हटेगा?
अभी यह साफ नहीं है कि अगर भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचते हैं तो क्या पाकिस्तान सेमीफाइनल खेलेगा या नहीं. सरकार ने जो जानकारी दी है उसके अनुसार, अभी तक पाकिस्तान सिर्फ 15 तारीख के मैच का बॉयकॉट कर रहा है.
Pakistan Boycott India Match Live: मोहसिन नकवी देंगे अधिक जानकारी
Pakistan Boycott India Match Live: पीसीबी के करीबी एक सूत्र ने बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी जल्द ही मीडिया को और अधिक जानकारी देंगे. सूत्र ने कहा,"यह देखना दिलचस्प होगा कि पीसीबी सरकार द्वारा 15 फरवरी को भारत के साथ मैच खेलने की अनुमति न देने का क्या कारण बताती है और क्या यह सरकार का एकतरफा फैसला था या पीसीबी भी इसमें शामिल थी."
Pakistan Boycott India Match Live: फैसले के होंगे दूरगामी असर
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने बहुप्रतीक्षित ग्रुप लीग मुकाबले के बहिष्कार के फैसले की रविवार को औपचारिक घोषणा कर दी लेकिन सरकार ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है. यह एक ऐसा कदम, जिसके दूरगामी असर पड़ने की संभावना है
सरकार के एक आधिकारिक बयान के माध्यम से दिए गए इस निर्णय को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़ा एक राजनीतिक विरोध माना जा रहा है. विश्व निकाय ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के भारत से श्रीलंका में मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पहले कहा था कि वह इस फैसले के बाद टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी की समीक्षा करेगा, क्योंकि वह बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखा रहा है.
भारत-पाकिस्तान मुकाबला किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट का सबसे बहुप्रतीक्षित मैच माना जाता है, जिसे वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक दर्शक, प्रायोजकों की रुचि और प्रसारण राजस्व मिलता है. इस मुकाबले के बहिष्कार से आईसीसी के सामने लॉजिस्टिक और नियामकीय चुनौतियां खड़ी होने की आशंका है, क्योंकि टूर्नामेंट के कार्यक्रम, विपणन और व्यावसायिक रणनीति का बड़ा हिस्सा इसी मुकाबले के इर्द-गिर्द तैयार किया गया है.
Pakistan Boycott India Match Live: भारत को मिलेंगे पूरे अंक
वॉकओवर की स्थिति में भारत को पूरे अंक मिल जाएंगे, लेकिन आईसीसी के पास पीसीबी पर वित्तीय जुर्माना लगाने का अधिकार भी बना रहेगा. पाकिस्तान सात फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका और 18 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगा. पाकिस्तान के सभी मुकाबले कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेले जाएंगे.
Pakistan Boycott India Match Live: सरकार ने क्या कहा
पाकिस्तानी सरकार ने ट्वीट किया,"पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में हिस्सा लेने की मंज़ूरी दे दी है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी, 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी."
Pakistan Boycott India Match Live: पाकिस्तान ने किया भारत के मैच का बॉयकॉट
नमस्कार स्वागत है आपका एनडीटीवी के लाइव ब्लॉग पर. पाकिस्तानी सरकार ने फैसला लिया है कि वह टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगा, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मैच का बॉयकॉट करेगा. पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप में भागीदारी को लेकर सवाल थे. बांग्लादेश से एकजुटता दिखाने को लेकर पाकिस्तान ने यह फैसला लिया है. पाकिस्तानी सरकार ने रविवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. हालांकि, सरकार ने अपने फैसले के बीच कोई कारण नहीं बताया है.














