क्रिकेट के गलियारों से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज क्रिकेटर एमएस धोनी (MS Dhoni) चोट से उबर गए हैं और अब पूरी तरह से फिट हैं. मगर टीम संयोजन उनकी वजह से प्रभावित ना हो. इसके लिए वह जानबूझकर वापसी नहीं कर रहे हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि माही नहीं चाहते हैं कि उनकी वजह से किसी युवा खिलाड़ी को अपनी जगह गंवानी पड़ी. सीएसके की मौजूदा संयोजन टीम के लिए फायदेमंद साबित हो रही है. यही मुख्य वजह है कि वह इस संयोजन के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करना चाहता हैं और वापसी नहीं कर रहे हैं.
एमएस धोनी की वापसी पर हेड कोच ने दिया कोई स्पष्ट जवाब
आईपीएल 2026 के 37वें मुकाबले में आज (26 अप्रैल) चेन्नई सुपर किंग्स की भिड़ंत गुजरात टाइटंस के साथ है. अहम मुकाबले से एक दिन पूर्व चेन्नई के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग से जब धोनी की वापसी पर सवाल किया गया तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा धोनी रिकवरी की दिशा में अच्छी तरह से आगे बढ़ रहे हैं. मैनेजमेंट की तरफ से उन्हें जो कुछ करने के लिए कहा जा रहा है. वह उसका पालन कर रहे हैं.
जब भी वापसी करेंगे, विकेटकीपर के तौर पर वापसी करेंगे धोनी
चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने गुरुवार को स्पष्ट शब्दों में कहा था कि एमएस धोनी जब भी पिंडली की चोट से उबरकर टीम में वापसी करेंगे, वह विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे. फिलहाल यह जिम्मेदारी संजू सैमसन के कंधों पर है. सैमसन धोनी की गैरमौजूदगी में विकेटकीपिंग की भूमिका को अच्छी तरह से निभा रहे हैं.
हसी ने कहा, 'मुझे पूरा यकीन है कि वह विकेट के पीछे ही होंगे. उनके लिए सबसे बड़ी बात यह है कि उन्हें पिंडली में चोट लगी है. दिक्कत सिर्फ दौड़ने में है. अगर वह पारी के आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी करने आते हैं, तो उन्हें तेजी से एक-दो रन लेने पड़ेंगे. उन्हें बस यह पक्का करना होगा कि उनकी पिंडली इतनी मजबूत हो कि वह इस दबाव को झेल सके.'
यह भी पढ़ें- VIDEO: होटल में अभिषेक शर्मा के साथ महिला फैन ने ये क्या कर दिया? हैरान रह गए लोग














