IND vs USA Highlights: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी के बाद मुंबई के वानखेड़े में मिया मैजिक देखने को मिला, जिससे भारतीय टीम ने अमेरिका को 29 रन से हरा दिया और जीत के साथ अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज किया. सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रनों की पारी खेली थी और इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया. (स्कोरकार्ड)
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम के दिए 162 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी यूएसए का शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया. सलामी बल्लेबाज एंड्रियस गौस 6, सैतेजा मुक्कमल्ला 2, और कप्तान मोनांक पटेल बिना खाता खोले आउट हो गए. 13 पर 3 विकेट गंवा चुकी यूएसए को मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी कर स्कोर को 71 तक ले गए. मिलिंद इसी स्कोर पर 34 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद 98 के स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में संजय कृष्णमूर्ति भी 37 रन बनाकर आउट हो गए.
इन दोनों की जोड़ी टूटने के बाद यूएसए का निचला क्रम ढह गया. शुभम रंजने के 22 गेंद पर बनाए 37 रन के बावजूद यूएसए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रन बना सकी और 29 रन से मैच हार गई. भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2, अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2, और वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए.
इससे पहले, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रनों की पारी के दम पर भारत ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के अपने शुरुआती मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ 20 ओवर में 161 रन बनाए और विरोधी टीम को जीत के लिए 162 का लक्ष्य दिया. टीम इंडिया की शुरुआत खराब हुई थी. अभिषेक गोल्डन डक हुए. इसके बाद शल्कविक ने 5वें ओवर में तीन विकेट झटके. टीम इंडिया ने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या भी सस्ते में पवेलियन लौटे. लेकिन कप्तान ने एक छोर संभाले रखा और टीम के स्कोर को 150 पार पहुंचाया.
बता दें, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में USA ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. टॉस के दौरान कप्तान सूर्या ने बताया कि बुमराह बीमारी की वजह से आज नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह सिराज को मौका दिया गया है. संजू सैमसन और वाशिंगटन सुंदर भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं है. इसका मतलब है कि ईशान अभिषेक के साथ मिलकर भारत के लिए पारी की शुरुआत करेंगे. दूसरी तरफ अमेरिका 6 बल्लेबाज, दो ऑल-राउंडर और 3 गेंदबाजों के साथ खेल रहा है.
बता दें, भारत डिफेंडिंग चैंपियन है और उसकी नजरें जीत के साथ अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज करने पर है. जबकि अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खेल रही यूएसए प्रभावित करने की कोशिश करेगी. दोनों देश 2024 वर्ल्ड कप में पहली और आखिरी बार भिड़े थी, तब भारत ने 7 विकेट से मैच अपने नाम किया था.
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें
भारत प्लेइंग इलेवन: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती
संयुक्त राज्य अमेरिका प्लेइंग इलेवन: एंड्रीज़ गौस (विकेटकीपर), साईतेजा मुक्का मल्ला, मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रावलकर.
T20 World Cup 2026 Highlights: IND vs USA, Straight from Wankhede Stadium, Mumbai
IND vs USA LIVE Score: भारत का जीत से आगाज
आखिरी गेंद पर सिराज को विकेट मिला और इसके साथ ही भारत ने जीत से अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज किया है. इस मैच में भारत को यूएसए ने जरूर चौंकाया, लेकिन सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी के बाद जिस तरह से सिराज और अर्शदीप ने गेंदबाजी की, उसने भारत की जीत की इबारत लिखी. भारत से मिले लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका ने सिर्फ पावरप्ले में 3 विकेट गंवा दिए थे. और यहां से उसकी जीत मुश्किल होती गई. जब वरुण और अक्षर ने आए तो उन्होंने किफायती गेंदबाजी की, जिससे अमेरिका पर दवाब बढ़ता गया. संजय और मिलिंद की साझेदारी के दम पर अमेरिका ने 100 का स्कोर पार जरूर किया. भारत ने अपने वर्ल्ड कप अभियान का जीत से आगाज किया है.
20.0 ओवर: यूएसए 132/8
IND vs USA LIVE Score: 6 गेंद में चाहिए 41 रन
IND vs USA LIVE Score: भारतीय टीम यहां पर मैच जीत गई है. आखिरी ओवर से 10 रन आए हैं. अगर सिराज ने कोई गलती नहीं की तो 41 रन तो नहीं बनते 6 लीगल डिलवरी पर. एक ही रिजल्ट संभव है.
19.0 ओवर: अमेरिका 121/7
IND vs USA LIVE Score: 12 गेंद में चाहिए 51 रन
IND vs USA LIVE Score: अमेरिका को जीत के लिए 12 गेंद में 51 रन चाहिए. जबकि भारत को 3 विकेट चाहिए. भारतीय टीम की जीत की संभावना 98 प्रतिशत है. अगला ओवर कौन फेंकेगा, क्या हार्दिक होंगे या सिराज? सूर्या के अच्छे फैसले हैं. जरूरी रन रेट 25.50 का हो गया है.
18.0 ओवर: अमेरिका 111/7
IND vs USA LIVE Score: भारत को मिली सातवीं सफलता
अर्शदीप ने किया शिकार. अर्शदीप सिंह की गेंद पर मोहसिन ने कैच किया. सीधे डीप मिड-विकेट पर. शरीर की तरफ छोटी लेंथ की गेंद. मोहसिन बैक फुट पर गए और फ्लैट पुल किया. गेंद सीधे तिलक के पास गई जिन्होंने आसानी से कैच लपक लिया. USA यहां हार की ओर बढ़ रहा है.
17.4 ओवर: यूएसए 110/7
IND vs USA LIVE Score: आखिरी के तीन ओवर
IND vs USA LIVE Score: आखिरी के तीन ओवर बचे हैं अब. अमेरिका को 18 गेंद में जीत के लिए 58 रन चाहिए. जरूरी रन रेट 19 से अधिक का है. आखिरी ओवर से 4 रन आए हैं. अगला ओवर फेंकने अब अर्शदीप आएंगे. यह सबसे अहम ओवर होगा भारतीय पारी का. अमेरिका का स्कोर 100 पार हो चुका है.
17.0 ओवर: अमेरिका 104/6
IND vs USA LIVE Score: अक्षर ने दिलाई सफलता
अक्षर की गेंद पर हरमीत सिंह आउट हुए. सिराज ने कैच लिया. हरमीत सिंह डीप मिड-विकेट पर कैच आउट हो गए. लेग-स्टंप पर फुल गेंद. हरमीत सिंह ने नीचे झुककर स्लॉगस्वीप किया और गेंद सीधी सिराज की गोद में चली गई. अक्षर अब हैट्रिक पर हैं.
15.3 ओवर: यूएसए 98/6
IND vs USA LIVE Score: अक्षर ने दिलाई सफलता
अक्षर पटेल ने सफलता दिलाई. संजय ने 37 रन बनाए हैं. उन्हें जाना होगा. रिंकू सिंह ने कैच लिया. USA की बड़ी उम्मीद खत्म. गेंद उठ गई. संजय कृष्णमूर्ति ने नीचे झुककर स्लॉगस्वीप करने की कोशिश की और गेंद हवा में ऊपर चली गई. रिंकू आए और वह ज़्यादा कैच नहीं छोड़ते. डीप मिड-विकेट पर आसान कैच.
15.2 ओवर: यूएसए 98/5
IND vs USA LIVE Score: रिव्यू से बचे शुभम
वरुण चक्रवर्ती की जोरदार अपली थी. अंपायर ने उंगली उठाई. लेकिन शुभम ने तुरंत इसे रिव्यू किया. वो काफी विश्वस्त दिख रहे है. अब देखने वाली बात होगी को कोई अंदरूनी किनारा ना लगा हो. गेंद जब बल्ले से पास से गुजरी तब अल्ट्राएज में स्पाइक है.
IND vs USA LIVE Score: ड्रिंक्स का समय हुआ
IND vs USA LIVE Score: ड्रिंक्स ब्रेक का समय हुआ. संजय कृष्णमूर्ति का प्रहार जारी है. आखिरी ओवर से 11 रन आए हैं. अक्षर को ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का पड़ा था. अमेरिका ने अभी भी 100 का स्कोर पार नहीं किया है. अमेरिका को अब 36 में जीत के लिए 73 रन चाहिए. जरूरी रन रेट 12.16 का और मौजूद रन रेट 6.35 का. अब यह अहम ओवर हैं अगले दो ओवर मैच का टोन सेट कर देंगे.
14.0 ओवर: यूएसए 89/4
IND vs USA LIVE Score: संजय कृष्णमूर्ति का प्रहार जारी
संजय कृष्णमूर्ति का प्रहार जारी है. हार्दिक के आखिरी ओवर में उन्होंने 7 रन बटोरे हैं. 42 गेंद में अमेरिका को जीत के लिए 84 रन चाहिए. जरूरी रन रेट अब 12 का है और मौजूदा रन रेट 6 का. भारत को पांचवें विकेट की तलाश है. जब तक संजय कृष्णमूर्ति रहेंगे, वो स्कोरकार्ड चलाए रखेंगे.
13.0 ओवर: यूएसए 78/4
IND vs USA LIVE Score: भारत को चौथी सफलता
भारत को चौथी सफलता मिली है. वरुण चक्रवर्ती के ओवर की आखिरी गेंद पर विकेट आया. अमेरिका के लिए यह बड़ा झटका है. मिलिंद 34 रन बनाकर आउट हुए. वरुण ने अर्द्धशतकीय साझेदारी तोड़ी. कदमों का इस्तेमाल करने शॉर्ट खेलने का प्रयास था. लेकिन उन्हें पता ही नहीं था कि गेंद कहा है. वो काफी आगे निकल गए थे. दूसरी तरफ गेंद ईशान ने क्लेक्ट नहीं की थी. लेकिन फिर जगल किया. मिलिंद आगे बढ़ चुके थे, काफी जब उन्हें एहसास हुआ तो पीछे आए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. ईशान ने गेंद स्टंप में मार दी. भारत को इसी विकेट की तलाश थी.
12.0 ओवर: यूएसए 71/4
IND vs USA LIVE Score: हार्दिक पांड्या का महंगा ओवर
हार्दिक पांड्या का महंगा ओवर रहा. इस ओवर से 14 रन आए हैं. उनसे गेंदबाजी दिलाने को गंभीर ने कहा था. संजय और मिलिंद के बीच साझेदारी पनप रही है. दोनों के बीच साझेदारी 50 रनों की हो चुकी है. ओवर की पहली गेंद पर मिलिंद ने चौका जड़ा था, जबकि संजय ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा था.
11.0 ओवर: भारत 63/3
IND vs USA LIVE Score: 10 ओवर पूरे
10 ओवर पूरे हो चुकै हैं. भारतीय गेंदबाज कसी हुई गेंदबाजी कर रहे हैं. अमेरिका अभी तक 50 का स्कोर पार नहीं कर पाई है. अक्षर के आखिरी ओवर में 8 रन आए हैं. भारत को चौथे विकेट की तलाश है. अब गेंद हार्दिक के हाथ में है. वो पहली बार गेंदबाजी पर आएंगे. डगआउट से गौतम गंभीर ने उनको ही गेंदबाज़ी देने का इशारा किया था शायद. यूएसए को 60 गेंद में जीत के लिए 113 रनों की ज़रूरत है. जरूरी रन रेट 11.30 का और मौजूदा रन रेट 4.9 का.
10.0 ओवर: भारत 49/3
IND vs USA LIVE Score: चक्रवर्ती का अच्छा ओवर
IND vs USA LIVE Score: वरुण चक्रवर्ती का एक और अच्छा ओवर. इस ओवर से सिर्फ 2 रन आए हैं. संजय और मिलिंद के बीच साझेदारी 29 रनों की हुई है. आखिरी के पांच ओवरों में 29 रन आए हैं. अमेरिका के लिए जरूरी रन रेट 11 पार कर चुका है. भारतीय टीम की जीत की संभावना 82 फीसदी की है.
9.0 ओवर: अमेरिका 41/3
IND vs USA LIVE Score: अक्षर पटेल का अच्छा ओवर
अक्षर पटेल का अच्छा ओवर रहा यह. सिर्फ 3 रन आए हैं ओवर से. अमेरिका को 72 गेंद में 122 रन की ज़रूरत है. मौजूदा रन रेट 5 का है और जरूरी रन रेट 10.25 का. मिलिंद और कृष्णमूर्ति धीरे-धीरे साझेदारी कर रहे हैं.
8.0 ओवर: अमेरिका 39/3
IND vs USA LIVE Score: वरुण चक्रवर्ती आए अटैक पर
अब वरुण चक्रवर्ती अटैक पर आए हैं. उन्होंने अपने ओवर से 5 रन दिए. भारत को चौथे विकेट की तलाश है. अब दूसरे छोर से अक्षर होंगे या हार्दिक देखना मजेदार होगा? अमेरिका के लिए जरूरी रन रेट 10 से ऊपर का हुआ. अमेरिकी बल्लेबाज जोखिम लेने जाएंगे.
7.0 ओवर: अमेरिका 36/3
IND vs USA LIVE Score: पावरप्ले खत्म हुआ
पावरप्ले खत्म हुआ. सिराज के आखिरी ओवर में 7 रन आए हैं. क्रीज पर अभी मिलिंद और संजय है और दोनों की कोशिश यहां पर साझेदारी की होगी. पावरप्ले में सिराज और अर्शदीप ने 3-3 ओवर फेंके हैं. अमेरिका के लिए जरूरी रन रेट 9.36 का है और मौजूदा रन रेट 5.17 का. अब स्पिन दिखने को मिलेगी. देखना मजेदार होगा कि स्पिनर कैसे जाल बुनते हैं.
6.0 ओवर: USA 31/3
IND vs USA LIVE: अर्शदीप का यह ओवर महंगा रहा
अर्शदीप का महंगा ओवर रहा यह. इस ओवर से 9 रन आए हैं. अमेरिका को 90 गेंद में जीत के लिए 138 रन चाहिए. उसका रन रेट 4.80 का है जबकि जरूरी रन रेट 9.20 का. देखना होगा कि कि क्या सिराज ही आखिरी ओवर फेंकने आते हैं या फिर हार्दिक होंगे. चलिए गेंद सिराज के हाथ में है और वो पावरप्ले का आखिरी ओवर फेंकने आएंगे.
5.0 ओवर: यूएसए 24/3
IND vs USA LIVE: सिराज का अच्छा ओवर
इस ओवर से एक विकेट आया है और तीन रन आए हैं.4 ओवर हुए हैं. सिराज और अर्शदीप ने ठीक वैसी ही शुरुआत दिलाई है. जैसी टीम इंडिया को चाहिए थी. भारतीय टीम की कोशिश अमेरिका को 100 रन के अंदर ऑल-आउट करने की होगी. यह देखना सबसे मजेदार होगा कि वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल आएंगे तो क्या होगा.
4 ओवर: यूएसए 15/3
IND vs USA LIVE: मिया भाई आए विकेट लाए
मिया भाई आए और विकेट लाए. मुक्कमाला को जाना होगा. 11 गेंद में तीसरा विकेट है यह. भारत पावरप्ले में और विकेट चाहेगा. भारत टॉप पर है अभी तक. सिराज ने गेंद आगे फेंकी और साईतेजा मुक्कमाला ने उसे सीधे मिड-विकेट की तरफ फ्लिक किया. फ्लिक में बिल्कुल भी दम नहीं था और मिड-विकेट पर वरुण चक्रवर्ती ने आसानी से कैच पकड़ लिया. "मोहम्मद सिराज, मोहम्मद सिराज," वानखेड़े में नारे लग रहे.
3.2 ओवर: यूएसए 13/2
IND vs USA LIVE: अर्शदीप का अच्छा ओवर
अर्शदीप का अच्छा ओवर रहा. इस ओवर की पहली ही गेंद पर विकेट आया. इस ओवर से उन्होंने सिर्फ 1 रन दिया है. अर्शदीप ने दो ओवर में सिर्फ 2 रन दिए हैं. अमेरिका रन चेज में मुश्किल में है.
3.0 ओवर: यूएसए 12/2
IND vs USA LIVE: अर्शदीप ने किया शिकार
अब अर्शदीप सिंह ने शिकार किया. अमेरिकी कप्तान आए और बिना कोई रन जोड़े लौटे. मोनांक पटेल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. शिवम दुबे ने कैच लपका. अर्शदीप सिंह की एक आउट-स्विंगर गेंद, यह लेग-स्टंप के पास थी और मोनांक पटेल ने इसे फ्लिक करने की कोशिश की. स्विंग की वजह से वह चकमा खा गए और बल्ले का किनारा लगकर गेंद सीधे मिड-ऑफ पर खड़े फील्डर के पास चली गई. शिवम दुबे ने कोई गलती नहीं की और USA ने पावरप्ले के अंदर ही दो शुरुआती विकेट गंवा दिए हैं. भारत को इसी तरह की शुरुआत की जरूरत थी.
2.1 ओवर: यूएसए 11/1
IND vs USA LIVE: सिराज ने दिलाई पहली सफलता, ऐंड्रियस गौस आउट
सिराज ने भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाई है. ऐंड्रियस गौस पारी का आगाज करते हुए नौ गेंद में एक छक्का की मदद से छह रन बनाकर तिलक के हाथों लपके गए हैं.
IND vs USA LIVE: अर्शदीप का अच्छा ओवर
अर्शदीप ने शुरुआत तो अच्छी दिलाई है. पहले ओवर में उन्होंने सिर्फ 2 रन दिए हैं. अब दूसरे छोर से मोहम्मद सिराज होंगे. भारत को पावरप्ले में कम से कम दो विकेट लेने होंगे. गेंद स्विंग कर रही है.
1.0 ओवर: भारत 2/0
IND vs USA LIVE: अब गेंदबाजों पर जिम्मा
अब जिम्मा भारतीय गेंदबाजों पर हैं, जिन्हें अपना काम करना होगा. सिराज, चक्रवर्ती, अर्शदीप. अर्शदीप गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे. अमेरिका के सलामी बल्लेबाज क्रीज पर हैं.
IND vs USA LIVE Score: USA को 162 का लक्ष्य
अमेरिका को जीत के लिए भारत ने 162 रनों का लक्ष्य दिया है. सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेली है. आखिरी गेंद पर वरुण रन आउट हुए. आखिरी ओवर से 21 रन आए हैं. सूर्या की यह पारी फैंस हमेशा याद रखने वाले हैं. पावरप्ले के अंदर ही भारत ने 4 विकेट गंवा दिए थे. उसके बाद रिंकू और हार्दिक भी सस्ते में पवेलियन लौटे. टीम इंडिया ने 77 पर 6 विकेट गंवा दिए थे. लेकिन सूर्यकुमार यादव एक छोर पर खड़े रहे और उन्होंने नाबाद 84 रनों की पारी से टीम के स्कोर को 150 पार पहुंचाया. शैडली वैन शाल्कविक के लिए यह यादगार मैच होगा, जिन्होंने 4 विकेट झटके. पावरप्ले में एक ओवर के अंदर तीन विकेट. कप्तान सूर्या 49 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों के दम पर नाबाद 84 रन बनाकर नाबाद रहे.
20.0 ओवर: भारत 161/9
IND vs USA LIVE Score: आखिरी ओवर में तहलका
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आखिरी ओवर में तहलका मचा दिया है. भारत का स्कोर 160 हुआ. पहली गेंद पर छक्का. दूसरी पर चौका, तीसरी पर फिर छक्का और फिर चौका. सूर्यकुमार यादव का विस्फोट जारी है. भारत अच्छी स्थिति में है. इतने रन टीम इंडिया डिफेंड कर पाएगी.
IND vs USA LIVE Score: आखिरी ओवर और स्ट्राइक सूर्या के पास
आखिरी ओवर है और स्ट्राइक सूर्यकुमार यादव के पास है. भारत क्या 160 का स्कोर करेगा? या उससे अधिक होगा सब और सब सूर्यकुमार यादव पर निर्भर करेगा.
IND vs USA LIVE Score: अर्शदीप भी लौटे
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बीते ओवर में एक चौका और एक छक्का जड़ा है. ओवर की चौथी गेंद पर सूर्या ने शानदार छक्का जड़ा है. गेंदबाज से लेकर अमेरिकी कोच तक सब चौंके गए. ओवर की आखिरी गेंद पर अर्शदीप कैच थमा बैठे. यह सही रणनीति थी क्योंकि स्ट्राइक तो वैसे भी नहीं लेते सूर्या. पिछले ओवर से 12 रन आए हैं. अब 6 गेंद बाकी.
19.0 ओवर: भारत 140/8
IND vs USA LIVE Score: शुभम रंजने को चोट लगी
शुभम रंजने को चोट लगी है. फिडियो मैदान पर हैं. इस मैच की शुरुआत से पहले अमेरिका के जीत की संभावना 30 प्रतिशत भी नहीं थी, जो अभी 56 प्रतिशत है. भारत को 150 के स्कोर के लिए 22 रन और चाहिए. इस ओवर के बाद 12 गेंद बचेंगी. देखना होगा कि टीम इंडिया कितना स्कोर कर पाती है. यह ओवर की आखिरी गेंद हैं और अर्शदीप की कोशिश इस पर बाउंड्री बटोरने की होगी.
17.5 ओवर: भारत 128/7
IND vs USA LIVE Score: सूर्यकुमार यादव का अर्द्धशतक
सूर्यकुमार यादव का अर्द्धशतक रहा. चौके के साथ उन्होंने अपना पचासा पूरा किया है. 36 गेंदों पर यह फिफ्टी आई है. भारत के जीत की संभावना बढ़ रही है अब धीरे-धीरे. कप्तान सूर्यकुमार यादव आज अहम पारी खेल रहे हैं.
17.1 ओवर: भारत 126/7
IND vs USA LIVE Score: तीन ओवर बाकी
अब तीन ओवर बाकी हैं. अर्शदीप क्रीज पर आए हैं. यूएसए ने भारतीय धुरंधरों को चौंका दिया है. आखिरी ओवर से 7 रन आए हैं. भारत की कोशिश यहां से 160-170 का स्कोर करना चाहेगी. सूर्यकुमार यादव पर जिम्मेदारी है पूरी.
17.0 ओवर: भारत 122/7
IND vs USA LIVE Score: भारत को 7वां झटका
भारत को सातवां झटका लगा है. हरमीत सिंह ने अक्षर को अपने जाल में फंसाया. हरमीत सिंह को दूसरा विकेट मिला. गेंद हवा में सीधी गई और अक्षर ने इसे डीप मिड-विकेट की तरफ मारा. बल्ले के निचले हिस्से से लगी और मोहसिन ने बाउंड्री के अंदर अच्छी तरह से रिवर्स कप कैच ले लिया. अक्षर 14 रन बनाकर लौटे.
16.4 ओवर: भारत 118/7
IND vs USA LIVE Score: हाफ सेंचुरी की तरफ सूर्या
सूर्यकुमार यादव ने आखिरी ओवर में 21 रन बटोरे हैं. नेत्रावलकर को मार पड़ी है. पहले अक्षर ने बाउंड्री लगाई, फिर सूर्यकुमार यादव ने ओवर की आखिरी दो गेंदों पर बाउंड्री लगाई. अब चार ओवर बचे हैं. इस मैच में अमेरिकी टीम के जीत की संभावना 60 प्रतिशत की हो गई है.
16.0 ओवर: भारत 115/6
IND vs USA LIVE Score: स्कोर 100 पार हुआ
लगातार दो चौके आए हैं अक्षर पटेल के बल्ले से. नेत्रवलकर अटैक पर आए हैं. भारत का स्कोर 100 पार हुआ. कप्तान और उपकप्तान क्रीज पर हैं और उनक पर पूरी जिम्मेदारी है.
15.2 ओवर: भारत 102/6
IND vs USA LIVE Score: आखिरी ओवर से आए 8 रन
आखिरी ओवर से 8 रन आए हैं. कप्तान सूर्या ने चौका जडा है. हरमीत सिंह के ओवर की चौथी गेंद पर बाउंड्री आई है. कप्तान और उपकप्तान क्रीज पर हैं. टीम इंडिया ने अभी तक 100 का आंकड़ा पार नहीं किया है.
15.0 ओवर: भारत 94/6
IND vs USA LIVE Score: दूसरा ड्रिंक्स ब्रेक
यह दूसरा ड्रिंक्स ब्रेक है. मैच अभी तक यूएसए के नाम रहा है. 14 ओवर हो चुके हैं और भारत ने अभी तक 100 का स्कोर पार नहीं किया है. भारत का रन रेट 6.14 का है. बीते 5 ओवर में 33 रन आए हैं और भारत ने 2 विकेट गंवाए हैं. भारत कितना स्कोर करेगा, यह इस पर निर्भर करेगा कि कप्तान सूर्यकुमार यादव कितनी देर क्रीज पर रहते हैं. पिच अभी तक मुश्किल नजर आ रही है. बॉल आसानी से नहीं आ रही. एक्सट्रा बाउंस है कभी कभार.
14.0 ओवर: भारत 86/6
IND vs USA LIVE Score: मुश्किल में टीम इंडिया
यह पहली बार है कि भारत ने किसी एसोसिएट टीम के खिलाफ अपना छठा विकेट 77 के स्कोर पर गंवाया है. आखिरी ओवर से 4 रन आए हैं. अब 7 ओवर बाकी हैं. क्रीज पर अभी कप्तान सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल हैं. सारी जिम्मेदारी कप्तान सूर्या पर है. अगर दोनों मारते रहे तो भारतीय टीम 150 का स्कोर पार कर पाएगी.
13 ओवर: भारत 77/6
IND vs USA LIVE Score: हार्दिक भी लौटे
यूएसए क्या गेंदबाजी कर रही है, भारतीय टीम क्या 150 भी बना पाएगी? एक मजबूत भारतीय टीम आज रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही है. टीम इंडिया को हार्दिक पांड्या के रूप में छठा झटका लगा है. हरमीत सिंह की गेंद पर हार्दिक पांड्या आउट हुए. साईतेजा मुक्कमल्ला ने कैच लिया. शॉर्ट गेंद ऑफ स्टंप के बाहर टर्न हो रही थी, हार्दिक पीछे हटे और कवर के ऊपर से ऊंचा शॉट खेलने की कोशिश की. शुरुआत में लगा कि उन्होंने टाइमिंग अच्छी की है, लेकिन स्वीपर उसके नीचे आकर गेंद को सुरक्षित पकड़ लिया. हरमीत सिंह ने भारत को छठा झटका दिया. क्रीज पर अभी भी कप्तान सूर्या हैं और सारी जिम्मेदारी आज उन पर है.
12.4 ओवर: भारत 77/6
IND vs USA LIVE Score: रिंकू सिंह भी आउट
रिंकू सिंह भी पवेलियन लौटे. ये हो क्या रहा है? मोहसिन ने रिंकू सिंह को आउट किया. मिलिंद कुमार ने कैच लिया. रिंकू सिंह गेंद को कभी टाइम नहीं कर पाए. जब भी उन्होंने शॉट मारा, बल्ला उनके हाथों में घूम गया और इसी वजह से अब वह आउट हो गए. स्टंप्स पर फुल लेंथ गेंद थी, रिंकू ने ज़ोर से मारने की कोशिश की, सीधा शॉट मारा और लॉन्ग-ऑन पर कैच दे बैठे. रिंकू सिंह 14 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हुए. आधी भारतीय टीम पवेलियन लौट चुकी है.
11.4 ओवर: 72/5
IND vs USA LIVE Score: 7 रन का ओवर
इस ओवर से 7 रन आए हैं. क्या भारत यहां से 100 रन बना पाएगा? अब 9 ओवर बाकी हैं. भारत का रन रेट 6.36 का है. हालांकि, टीम इंडिया की जीत की संभावना अभी भी अधिक है. बीते पांच ओवर में भारत ने 24 रन बटोरे हैं.
11.0 ओवर: भारत 70/4
IND vs USA LIVE Score: बाल-बाल बचे सूर्या
ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान सूर्यकुमार यादव बाल-बाल बचे हैं. शुभम रंजने ने लगभग यह रिटर्न कैच पकड़ ही लिया था, लेकिन फॉलोथ्रू में होने की वजह से वह समय पर अपने हाथ बंद नहीं कर पाए. SKY इस धीमी गेंद को मिड-ऑन की तरफ फ्लिक करना चाहते थे, लेकिन बल्ले का किनारा लगा और गेंद सीधे बॉलर के पास चली गई. बॉलर ने शुरू में कैच पकड़ लिया था, लेकिन उनके हाथ नीचे जा रहे थे. इसलिए हाथों को ऊपर उठाने की कोशिश में उनका कंट्रोल छूट गया. भारतीय टीम मुश्किल नें है. यूएसए ने अभी तक टीम इंडिया को चौंकाया है.
10.0 ओवर: भारत 63/4
IND vs USA LIVE Score: आखिरी ओवर से आया 1 रन
आखिरी ओवर से सिर्फ 1 रन आए हैं. भारत ने अगर 170 या 180 से अधिक का स्कोर नहीं किया तो टीम इंडिया मुश्किल में आ जाएगी. रिंकू सिंह और सूर्या को साझेदारी करनी होगी.
9.0 ओवर: भारत 53/4
IND vs USA LIVE Score
बीते दो ओवर में 6 रन आए हैं. क्रीज पर अभी सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह हैं और दोनों की नजरें यहां पर एक साझेदारी करनी की है. भारत का रन रेट 6.5 का है. इन दोनों को ना सिर्फ साझेदारी करनी होगी, बल्कि रन भी बटोरने होंगे. यूएसए ने भारत को अभी तक चौंका रखा है. भारत का स्कोर 50 पार हुआ.
8.0 ओवर: भारत 52/4
IND vs USA LIVE Score: भारत को चौथा झटका
ये क्या हो रहा है, शिवम दुबे भी लौटे. भारत को चौथा झटका लगा. पावरप्ले के अंदर भारत ने 46 रन बटोरे हैं और 4 विकेट गंवा दिए हैं. रिंकू सिंह अब क्रीज पर आए हैं. यूएसए के गेंदबाजों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज मुश्किल में. वैन शाल्कविक ने एक ही ओवर में तीन विकेट लिए. USA का डगआउट बहुत खुश है. जबकि भारतीय टीम में उदास चेहरे दिख रहे हैं. शॉर्ट लेंथ की धीमी गेंद. शिवम पुल शॉट खेलने में बहुत जल्दी कर गए. फिर उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें अपना शॉट बदलना चाहा. टॉप एज लगा और शॉर्ट फाइन लेग पर फील्डर ने पीछे हटकर सिर के ऊपर एक अच्छा कैच लिया.
5.6 ओवर: भारत 46/4
IND vs USA LIVE Score: भारत को तीसरा झटका
भारत को लगा तीसरा झटका. तिलक वर्मा भी लौटे पवेलियन. शॉर्ट गेंद, पुल मारने गए थे. लेकिन अमेरिकी कप्तान ने आसान कैच लिया. पावरप्ले के अंदर तीन विकेट गिर गए हैं. USA ने यहां भारत को शुरुआत में ही मुश्किल में डाल दिया है. तिलक गेंद को ठीक से मार नहीं पा रहे थे और उन्होंने पुल शॉट को मिसटाइम कर दिया. वैन शाल्कविक की तरफ से एक चालाक शॉर्ट बॉल, तिलक इनफील्ड के ऊपर से गेंद को निकालकर बाकी पावरप्ले गेंदों का फायदा उठाना चाहते थे. लेकिन गेंद उछलकर बल्ले के किनारे पर लगी, मिड-विकेट पर आसान कैच और मोनंक बहुत खुश हैं.
5.5 ओवर: भारत 46/3
IND vs USA LIVE Score: भारत को दूसरा झटका
भारत को लगा दूसरा झटका. ईशान किशन को पिछले ओवर में जीवनदान मिला था, लेकिन को उसका फायदा नहीं उठा पाए. वैन शाल्कविक ने ईशान किशन को आउट किया. मिलिंद कुमार ने कैच लिया. गेंद को सीधा मिड-ऑफ की तरफ मारा. इस बार USA ने कैच पकड़ लिया. वैन शाल्कविक बहुत खुश हैं क्योंकि ईशान को ऑफ स्टंप के बाहर गेंद फेंकने का प्लान काम कर गया. यह ऐसी गेंद थी जिसे मारा जा सकता था. उन्होंने प्लेसमेंट के बजाय पावर का इस्तेमाल किया, इसलिए उन्होंने गेंद को बहुत जोर से और सीधा मारा, जिससे गेंद कवर या पॉइंट की तरफ जाने के बजाय सीधे मिड-ऑफ के हाथ में चली गई. पावरप्ले के अंदर भारत के दोनों सलामी बल्लेबाज डगआउट में बैठे हैं.
5.2 ओवर: भारत 45/2
IND vs USA LIVE Score: अच्छी गेंदबाजी जारी
एस सी वान शाल्कविक का अच्छा ओवर रहा. हालांकि, ओवर से 8 रन आए हैं. लेकिन ऐस लग रहा है कि गेंद सही से जज नहीं कर पा रहे हैं. आखिरी गेंद पर तिलक ने शॉर्ट खेला था, लेकिन यह गेंदबाज के हाथ में लगी थी. लग रहा है कि बैट सही से बल्ले पर नहीं आ रही. बैटिंग खराब है या गेंदबाजी काफी अच्छी है?
4.0 ओवर: भारत 33/1
IND vs USA LIVE Score: अच्छा ओवर
IND vs USA LIVE Score: भारत के नजरिए से यह अच्छा ओवर रहा. अभिषेक के जाने के बाद तिलक वर्मा क्रीज पर आए हैं. उन्होंने इस ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा. जबकि ओवर की आखिरी गेंद पर चौका आया. ओवर में तीन बाउंड्री से 16 रन बटोरे. शुरुआती दो ओवर के बाद यह अच्छा ओवर रहा भारत के लिए.
3.0 ओवर: भारत 25/1
IND vs USA LIVE Score: अभिषेक शर्मा इस अनचाही लिस्ट में
T20 वर्ल्ड कप डेब्यू इनिंग में शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज
गौतम गंभीर
आशीष नेहरा
शार्दुल ठाकुर
दीपक हुडा
अभिषेक शर्मा
IND vs USA LIVE Score: अभिषेक शर्मा गोल्डन डक
अभिषेक शर्मा आउट. स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया है. संजय कृष्णमूर्ति ने कैच लिया. हवा में गेंद, डीप कवर पर कैच लपका. USA की यह फील्डिंग प्लेसिंग शानदार है. आप आमतौर पर इतनी जल्दी डीप कवर पर फील्डर नहीं देखते. पता नहीं अभिषेक ने यह देखा था या नहीं. स्टैंड्स में लोग हैरान हैं. ऑफ स्टंप के ठीक बाहर लेंथ डिलीवरी, अभिषेक ने उठती हुई गेंद पर शॉट खेला, सीधा मारा और कैच आउट हो गए. वर्ल्ड कप की शुरुआत गोल्डन डक से.
1.2 ओवर: भारत 8/1
IND vs USA LIVE Score: सौरभ का अच्छा ओवर
सौरभ का यह ओवर अच्छा रहा. ईशान किशन को खेलने में दिक्कत हुई. ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ा. घुटने पर बैठकर पुल शॉर्ट. पहले ओवर से सिर्फ 7 रन आए हैं. दूसरे छोर से अली खान होंगे. यूएसए ने फील्ड लगाई है.
1.0 ओवर: भारत 7/0
IND vs USA LIVE Score: दो बाएं हाथ के ओपनर
T20I में भारत के लिए दो बाएं हाथ के बल्लेबाज़ ओपनिंग कर रहे हैं
शिखर धवन – पी पटेल
गौतम गंभीर – इरफान पठान (2)
ईशान किशन – ऋषभ पंत (2)
ईशान किशन – अभिषेक शर्मा
गंभीर – पठान की जोड़ी ने पहले भी T20 वर्ल्ड कप (2012) में ऐसा किया था.
IND vs USA LIVE Score: भारत की बैटिंग शुरू
भारत की बैटिंग शुरू हो चुकी है. ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी क्रीज पर है. इन दोनों बल्लेबाजों को नई गेंद से बॉलिंग करना सौरभ के लिए एक बड़ी चुनौती होगी.
IND vs USA LIVE Score: 'ट्रॉफी उठाना सबसे अच्छी याद थी' - रोहित
ओपनिंग सेरेमनी के बाद रोहित शर्मा ने प्रसारणकर्ता से कहा,"हमारी बहुत सारी यादें हैं. बेशक, जब हमने ट्रॉफी उठाई, तो वह सबसे अच्छी याद थी. लेकिन टूर्नामेंट के पहले दिन से लेकर आखिरी दिन तक का हमारा पूरा सफ़र ही हमारे लिए एक याद था, जिसे हम हमेशा संजोकर रख सकते हैं."
"देखिए, यह कुछ ऐसा था जिसकी मैंने अपने करियर की शुरुआत में इतनी जल्दी उम्मीद नहीं की थी, कि मैं ICC का एंबेसडर बनूंगा. आप जानते हैं, यह एक बहुत बड़ा सम्मान है. ट्रॉफी को फिर से पकड़ना और उसे वापस खेल में लाना बहुत अच्छा लगता है. ट्रॉफी उठाना एक शानदार एहसास था, लेकिन फिर से, इसे वापस खेल में लाना और इन लड़कों को उस ट्रॉफी के लिए कड़ी मेहनत करते हुए देखना एक दिलचस्प बात होगी, जिसके लिए मुझे पूरा यकीन है कि हर कोई इंतज़ार कर रहा है."
IND vs USA LIVE Score: ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत प्लेइंग इलेवन: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती
संयुक्त राज्य अमेरिका प्लेइंग इलेवन: एंड्रीज़ गौस (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रावलकर.
IND vs USA LIVE Score: सिराज को मौका
USA के कप्तान मोनंक पटेल ने कहा,"हम पहले बॉलिंग करेंगे. पिच अच्छी लग रही है. यह हाई-स्कोरिंग ग्राउंड है, इसलिए हम टारगेट चेज़ करने की कोशिश करेंगे. वर्ल्ड कप हमारे लिए सबसे बड़े स्टेज में से एक है. USA से बहुत उम्मीदें हैं, इसलिए हम अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे. हमने DY पाटिल में कुछ वार्म-अप मैच खेले और वहां हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा. हमारी टीम में 6 बैट्समैन, 2 ऑलराउंडर और 3 बॉलर हैं."
IND vs USA LIVE Score: बुमराह बाहर, सिराज को मौका
टॉस के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन और वाशिंगटन सुंदर को मौका नहीं दिया गया है. बुमराह बीमार हैं और उनकी जगह सिराज को मौका दिया गया है.
टॉस के दौरान सूर्या ने कहा,"हम पहले बैटिंग करना चाहते थे. विकेट अच्छा दिख रहा है, हवा चल रही है इसलिए हमें ओस की उम्मीद नहीं है. मैच शुरू होने से पहले ही माहौल अच्छा है और मुझे यकीन है कि यह और भी बेहतर होगा. वाशिंगटन सुंदर और संजू सैमसन टीम में नहीं हैं. बदकिस्मती से बुमराह की तबीयत ठीक नहीं है इसलिए सिराज खेल रहे हैं."
IND vs USA LIVE Score: भारत की पहले बैटिंग
भारतीय टीम पहले बैटिंग करेगी. अमेरिकी कप्तान मोनाक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है. भारतीय कप्तान ने कहा कि वो पहले बल्लेबाजी ही करना चाहते थे.
IND vs USA LIVE Score: दोनों कप्तान आए टॉस के लिए
दोनों कप्तान टॉस के लिए आ गए हैं. सूर्या के पास सिक्का हैं. मैच रेफरी ने उन्हें सिक्का दिया. सिक्का उछला और गया यूएसए के पक्ष में
IND vs USA LIVE Score: टॉस में देरी
लगता है टॉस में थोड़ी देरी होगी क्योंकि ओपनिंग सेरेमनी अभी-अभी खत्म हुई है.
IND vs USA LIVE Score: ट्रॉफी के साथ आए रोहित शर्मा
भारत के 2024 T20 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान रोहित शर्मा वानखेड़े स्टेडियम में ओपनिंग सेरेमनी के दौरान हाथ में प्रतिष्ठित ट्रॉफी लेकर आए. उनके साथ ICC चेयरमैन जय शाह भी थे.
IND vs USA LIVE Score: शुरू हुई ओपनिंग सेरेमनी
वानखेड़े में ओपनिंग सेरेमनी चल रही है. जाने-माने भारतीय सितार वादक और म्यूज़िक प्रोड्यूसर ऋषभ रिखिराम शर्मा फिलहाल अपने शानदार टैलेंट से लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं. मशहूर भारतीय पर्कशनिस्ट शिवमणि भी वहां परफॉर्म कर रहे हैं. T20 वर्ल्ड कप के ब्रांड एंबेसडर रोहित शर्मा भी वहां मौजूद हैं. जसप्रीत बुमराह के इस मैच के लिए बीमार होने की अफवाहें हैं। हम जल्द ही इस अटकल को खत्म करेंगे क्योंकि टॉस का समय होने वाला है.
IND vs USA Live Cricket Score: खास रिकॉर्ड के करीब कप्तान सूर्या
सूर्यकुमार T20I में कप्तान के तौर पर 1000+ रन पूरे करने से सिर्फ़ 10 रन दूर हैं. वह यह मुकाम हासिल करने वाले चौथे भारतीय कप्तान बन जाएंगे.
T20I में भारतीय कप्तानों में सबसे ज़्यादा रन
- रोहित शर्मा - 1905
- विराट कोहली - 1570
- एमएस धोनी - 1112
- सूर्यकुमार यादव- 990
- हार्दिक पांड्या - 296
IND vs USA Live Cricket Score: बतौर कप्तान सुपरहिट सूर्या
सूर्यकुमार की शानदार फॉर्म ने टाइटल की उम्मीदों को मज़बूत किया है. कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने कभी कोई सीरीज़ नहीं हारी है. बीते टी20 वर्ल्ड कप के बाद से भारत ने उनकी कप्तानी में जो भी सीरीज खेली है, उसमें टीम इंडिया को जीत मिली है.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत
- ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत 5-मैच की सीरीज़ 2023 भारत 4-1 से जीता
- भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 3-मैच की सीरीज़ 2023 सीरीज़ ड्रॉ (1-1)
- भारत बनाम श्रीलंका 3-मैच की सीरीज़ 2024 भारत 3-0 से जीता
- बांग्लादेश बनाम भारत 3-मैच की सीरीज़ 2024 भारत 3-0 से जीता
- भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 4-मैच की सीरीज़ 2024 भारत 3-1 से जीता
- भारत बनाम इंग्लैंड 5-मैच की सीरीज़ 2025 भारत 4-1 से जीता
- पुरुषों का T20 एशिया कप 2025 भारत जीता (अजेय)
- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया 5-मैच की सीरीज़ 2025 भारत 2-1 से जीता
- दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत 5-मैच की सीरीज़ 2025 भारत 3-1 से जीता
- न्यूजीलैंड बनाम भारत 5-मैच की सीरीज़ 2026 भारत 4-1 से जीता
T20I में उनका जीत प्रतिशत 79% है, जो फुल मेंबर देशों के कप्तानों में इस फॉर्मेट में तीसरा सबसे अच्छा जीत प्रतिशत है.
IND vs USA Live Cricket Score: वानखेड़े में भारत का रिकॉर्ड
बात अगर वानखेड़े में टीम इंडिया के रिकॉर्ड की करें तो भारत ने यहां पर 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं और 4 में उसे जीत मिली है. भारत ने फरवरी 2025 में इसी मैदान पर इंग्लैंड को 150 रनों से हराया था.
IND vs USA LIVE Updates: टी20 वर्ल्ड कप के बाद से भारत का प्रदर्शन
बीते टी20 वर्ल्ड कप के बाद से टीम इंडिया का प्रदर्शन बाकी टीमों की तुलना में सबसे बेहतर है. भारत ने 41 मैच खेले हैं, जिसमें 33 में उसे जीत मिली है जबकि सिर्फ 6 में भारत को हार मिली है. भारत का जीत प्रतिशत 85 का है. वहीं दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है. ऑस्ट्रेलिया ने 27 मैच खेले हैं और 17 में उसे जीत मिली है जबकि 7 में उसे हार का सामना करना पड़ा है. ऑस्ट्रेलिया का जीत प्रतिशत 71 का है. तीसरे स्थान पर इंग्लैंड है. इंग्लैंड ने बीते वर्ल्ड कप के बाद से 25 मैच खेले हैं और उसका जीत प्रतिशत 68 का है. इंग्लैंड ने 15 मैच खेले हैं और 7 में उसे हार मिली है.
IND vs USA LIVE Updates: 100वीं जीत से एक कदम दूर
भारतीय टीम वर्ल्ड कप इतिहास में 100 मैच जीतने वाली दूसरी टीम बनने वाली हैं.
| वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज़्यादा जीत (ODI + T20I) | ||||
| टीम | मैच | जीते | हारे | जीत % |
| ऑस्ट्रेलिया | 152 | 108 | 42 | 72% |
| भारत | 147 | 99 | 45 | 68% |
| न्यूजीलैंड | 145 | 84 | 60 | 58% |
| इंग्लैंड | 144 | 80 | 60 | 57% |
| पाकिस्तान | 139 | 79 | 58 | 58% |
IND vs USA LIVE Score: अब तक ऐसा रहा है भारत का प्रदर्शन
| आईसीसी पुरुष टी20 विश्व चैंपियन | |||
| साल | मेज़बान | विजेता | भारत का प्रदर्शन |
| 2007 | दक्षिण अफ्रीका | भारत | चैंपियन |
| 2009 | इंग्लैंड | पाकिस्तान | सुपर 8 |
| 2010 | वेस्ट इंडीज | इंग्लैंड | सुपर 8 |
| 2012 | श्रीलंका | वेस्ट इंडीज | सुपर 8 |
| 2014 | बांग्लादेश | श्रीलंका | उपविजेता |
| 2016 | भारत | वेस्ट इंडीज | सेमी-फाइनलिस्ट |
| 2021 | ओमान/यूएई | ऑस्ट्रेलिया | ग्रुप स्टेज |
| 2022 | ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड | सेमी-फाइनलिस्ट |
| 2024 | यूएसए/वेस्ट इंडीज | भारत | चैंपियन |
IND vs USA LIVE Updates: सबसे सफल टीम इंडिया
IND vs USA LIVE Updates: मैच जीतने के मामले में पुरुषों के T20 वर्ल्ड कप का इतिहास में भारत सबसे सफल टीम है. इस मामले में श्रीलंका (33) दूसरे स्थान पर हैं. जबकि दक्षिण अफ्रीका (32) तीसरे, ऑस्ट्रेलिया (30) चौथे और पाकिस्तान (30) पांचवें स्थान पर हैं.
टी20 वर्ल्ड कप में भारत का प्रदर्शन
- मैच खेले- 52
- जीते- 36
- हारे-15
- जीत प्रतिशत- 71
IND vs USA LIVE Updates: कैसे है रिकॉर्ड
भारत और यूएसए के बीच एक मुकाबला खेला गया है और इसमें टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी. यह मैच 2024 टी20 वर्ल्ड कप में हुआ था.
IND vs USA LIVE Score: ईशान किशन करेंगे ओपनिंग!
सूर्यकुमार ने माना कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए ईशान ही पारी की शुरुआत करेंगे. उन्होंने कहा,"निश्चित तौर पर, उन्होंने जिस तरह से पिछले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय में क्रिकेट खेला है और ये अंतरराष्ट्रीय मैच थे तो उनका प्रदर्शन इतना ज्यादा नोटिस किया गया." उन्होंने कहा,"उसने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में भी इसी तरह से बल्लेबाजी की थी और इसे यहां भी जारी रखा है. उसे तीसरे नंबर पर मौका मिला और फिर उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में पारी का आगाज किया." सूर्यकुमार ने कहा,"मुझे उम्मीद है कि वह बल्लेबाजी क्रम में जिस भी स्थान पर खेले, इसी तरह से बल्लेबाजी करता रहे. वह तीसरे नंबर से नीचे बल्लेबाजी नहीं करेगा. लेकिन जो भी मौका मिले, उसे इसी तरह से बल्लेबाजी करनी चाहिए."
IND vs USA LIVE Score: टीमों पर एक नजर
भारत टीम: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, जसप्रित बुमरा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर
संयुक्त राज्य अमेरिका टीम: मोनांक पटेल (कप्तान), एंड्रीज़ गौस (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, शायन जहांगीर, मिलिंद कुमार, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, अली खान, नोस्टुश केनजिगे, सौरभ नेत्रावलकर, शैडली वान शल्कविक, शेहान जयसूर्या, जसदीप सिंह, संजय कृष्णमूर्ति
IND vs USA LIVE Score: बुमराह रह सकते हैं बाहर
भारत के तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह की इस मैच में खेलने की संभावना कम है. उनकी तबीयत थोड़ी खराब है और उन्होंने पिछली शाम ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा नहीं लिया था. एक रिपोर्ट के अनुसार, यह मैच एकतरफ़ा होने की उम्मीद है, इसलिए भारतीय टीम मैनेजमेंट इतने लंबे कैंपेन की शुरुआत में अपने सबसे महत्वपूर्ण तेज़ गेंदबाज़ के साथ कोई रिस्क नहीं लेना चाहता. बुमराह, जो भारत के व्हाइट-बॉल प्लान के लिए बहुत ज़रूरी हैं, ने शुक्रवार को नेट्स पर बॉलिंग नहीं की, जिससे यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्हें सिर्फ़ सावधानी के तौर पर आराम दिया जा सकता है. उन्हें हल्का बुखार था.
IND vs USA LIVE Score: भारत के निशाने पर होगा वर्ल्ड रिकॉर्ड
इस टूर्नामेंट के दौरान भारत कई रिकॉर्ड बनाने की कोशिश करेगा. वे T20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने वाली पहली टीम, अपने नाम तीन खिताब करने वाला पहला देश और मेज़बान के तौर पर यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनना चाहेंगे. आज तक कभी भी ऐसा नहीं हुआ है.
IND vs USA LIVE Score: भारत करेगा अभियान का आगा
नमस्ते दोस्तों. एनडीटीनी स्पोर्ट्स के इस लाइव ब्लॉग पर आपका स्वागत है. टीम इंडिया आज अपने यूएसए के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज करेगी. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा. मैच का टॉस 6:30 बजे होगा.














