गॉल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच जारी पहले टेस्ट का तीसरा दिन काफी रोमांचक रहा. जहां दिन के पहले सेशन में भारत ने श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन भेज दी तो दूसरे सेशन में भारतीय गेंदबाजों को कोई विकेट नहीं मिला और श्रीलंका ने फॉलो ऑन टाल दिया, जबकि आखिरी सेशन में जडेजा ने अपने 350 विकेट पूरे किए. श्रीलंका के लिए सोनल ने अपना शतक पूरा किया. हालांकि, अंत में यह संघर्ष आगे नहीं बढ़ा और श्रीलंकाई टीम 284 पर ऑल-आउट हो गई. पहली पारी के आधार पर भारत के पास 178 रनों की बंढ़त है. लेकिन बारिश के चलते तीसरे दिन भी स्टंप्स का ऐलान जल्दी किया गया. चौथे दिन भी बारिश की संभावना है.
पहले सेशन में आधी लंकाई टीम लौटी पवेलियन
दूसरे दिन 460 के स्कोर से आगे खेलने उतरी टीम इंडिया सिर्फ 2 रन जोड़ पाई. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों कहर बरपाते नजर आए. पिच से मिल रही मदद से मनाव सुथार और कुलदीप ने ऐसा जाल बुना कि श्रीलंका की आधी टीम सिर्फ 90 के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी. श्रीलंका का टॉप ऑर्डर ध्वस्त हो चुका था और उस पर फॉलो ऑन का खतर मंडरा रहा था.
मानव की फिरकी का चला जादू
मोहम्मद सिराज ने दूसरी ही गेंद पर निशान को पडिक्कल के हाथों कैच आउट करवा भारत को जबरदस्त शुरुआत दिलाई. बाहर जाती गेंद पर निशान ने बल्ला अड़ाया और गेंद पहले स्लिप में खड़े पडिक्कल के हाथों में गई. इसके बाद कप्तान ने मानव सुथार को गेंद थमाई और उन्होंने आते ही शिकार किया. पिच से टर्न और बाउंस का फायदा उठाते हुए मानव ने चंडीमल का शिकार किया. सुथार ने इसके बाद लाहिरू इगालागामेज का विकेट निकाला. मानव ने 81 फीसदी गेंदों पर 4.5 डिग्री से अधिक टर्न हासिल किया. मानव को दूसरे छोर से कुलदीप और जडेजा का साथ मिला. श्रीलंका की आधी टीम 90 पर पवेलियन लौट चुकी थी.
दूसरे सेशन में हुई साझेदारी
भारत ने तीनों स्पिनरों ने अपना दबाव बनाए रखा था. श्रीलंका पर फॉलो ऑन का खतरा मंडरा रहा था. वह 363 रन से पीछे थे और फॉलो ऑन टालने के लिए उन्हें 164 रन और बनाने थे. लेकिन फिर दूसरे सेशन में कहानी पूरी तरह पलट गई. सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला ने संभल कर बल्लेबाजी की और अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए. दूसरे सेशन में श्रीलंका ने 29 ओवर में 116 रन बटोरे. 124 रनों की साझेदारी के साथ मैच पूरी तरह से पलट दिया था. श्रीलंका दूसरे सेशन पर 248 रन पीछे थे और फॉलो ऑन टालने के लिए उसे 49 रन और चाहिए थे.
प्रसिद्ध ने तोड़ी साझेदारी
भारत को दिन की सबसे बड़ी सफलता प्रसिद्ध कृष्णा ने दिलाई. उन्होंने निरोशन डिकवेला का शिकार किया, जो 80 रन बनाकर आउट हुए. प्रसिद्ध ने इसके साथ ही छठे विकेट के लिए हुई 146 रनों की साझेदारी भी तोड़ी. हालांकि, तब तक श्रीलंका फॉलो ऑन टाल चुकी थी. निरोशन डिकवेला शतक से चूक गए और 80 रन बनाकर आउट हुए.
रवींद्र जडेजा के 350 विकेट
रवींद्र जडेजा ने टेस्ट में अपने 350 विकेट भी पूरे किए. उन्होंने केशरा नुवान्था का शिकार कर यह सफलता हासिल की. जडेजा टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब ऐसे चौथे ऑलराउंडर है, जिनके नाम 4 हजार रन और 350 से अधिक विकेट हैं. साथ ही जडेजा भारत के लिए 350 टेस्ट विकेट लेने वाले पांचवें खिलाड़ी हैं.
सोनल दिनुशा का शतक
श्रीलंका के लिए सोनल दिनुशा ने एक छोर संभाले रखा था और उन्होंने अपना शतक पूरा किया. यह उनका टेस्ट में पहला शतक है और वो सिर्फ चौथा ही मैच खेल रहे थे. 59 रन पर 4 विकेट गिर चुके थे और गेंदबाज़ हावी थे, लेकिन इस युवा खिलाड़ी ने संयम बनाए रखा और मुश्किल हालात का डटकर सामना किया. कुलदीप अच्छी गेंदबाज़ी कर रहे थे और भारत विकेट लेने के बहुत करीब था, लेकिन सोनल ने बहुत समझदारी दिखाई. उन्होंने दूसरे छोर पर डिकवेला का अच्छा साथ दिया और एक अहम साझेदारी निभाई, जिसने उनकी टीम को मुश्किल से बाहर निकाला.
भारत को मिली 178 रनों की बढ़त
हालांकि, सोनल के शतक के बाद श्रीलंकाई पारी ज्यादा देर नहीं बढ़ पाई. मानव सुथार ने इसके बाद प्रभात जयसूर्या का शिकार किया तो जडेजा ने शतकवीर सोनल का विकेट लिया. वहीं आखिरी विकेट लाहिरू कुमार का मानव के खाते में आया. श्रीलंका की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई. पहली पारी के आधार पर भारत के पास 178 रनों की बढ़त थी. चौथे दिन भी बारिश की संभावना है, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि भारत किस स्कोर पर दूसरी पारी घोषित करता है.
यह भी पढ़ें: डिकवेला के अरमान फिर से आंसुओं में बह गए! लगातार ऊंचा हो रहा अनचाहा इतिहास, 149 साल में इकलौते खिलाड़ी