भारत जीत गया है. टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हरा दिया है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का लक्ष्य रखा था. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ही सिमट गई. इसी के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया. इससे पहले 2024 में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराया था.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गए इस मैच में टीम इंडिया शुरू से ही हावी रही. पावर प्ले में ही टीम इंडिया ने 92 रन जड़ दिए. अभिषेक शर्मा ने 52 रन और फिर संजू सैमसन ने धमाकेदार 89 रनों की पारी खेली. आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने 24 रन बनाए. टारगेट चेज करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत धीमी रही और वह लगातार विकेट गंवाती रही.
टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया. न्यूजीलैंड को हराते ही टीम इंडिया ने एक खिताब जीतकर तीन कारनामे बना दिए.
- घर में वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीमः टीम इंडिया अपने घर में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है. आजतक कोई भी टीम अपने घर में टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई है.
- तीसरी बार चैंपियन बनी: टीम इंडिया पहली टीम है, जिसने तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है. पहली बार 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में जीता था. इसके बाद 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप जीता. अब सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया है.
- खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम: आजतक जितनी भी टीम टी-20 वर्ल्ड कप जीती हैं, उनमें से कोई भी अपने खिताब का बचाव नहीं कर सकीं. यानी लगातार दो बार नहीं जीत सकीं. लेकिन टीम इंडिया पहली टीम बन गई है, जो 2024 और फिर 2026 में लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीती.














