- हरारे में भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार खिताब जीता
- वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला है
- भारत ने पिछले दो सालों में पुरुष और महिला टीमों सहित पांच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिताब अपने नाम किए हैं
India U19 Champion: हरारे में वैभव सूर्यवंशी के हाहाकार के चलते भारतीय टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से रौंद दिया और रिकॉर्ड छठी बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया. वैभव सूर्यवंशी ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया. रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था. उसके बाद से यह भारत का पांचवां- पुरुष और महिला को मिलाकर, रिकॉर्ड पांचवां खिताब है. बात अगर अंडर-19 में भारत के रिकॉर्ड की करें तो टीम इंडिया ने 2016 के बाद से रिकॉर्ड 90 प्रतिशत से अधिक मुकाबले जीते हैं.
भारत का वर्ल्ड क्रिकेट में जलवा, दो साल में पांच खिताब
भारतीय टीम ने अमेरिका और वेस्टइंडीज में टी20 वर्ल्ड कप जीता था. रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम 2024 में दूसरी बार इस फॉर्मेट में चैंपियन बनी थी. इसके बाद टीम इंडिया ने 2025 में पहले अंडर-19 महिलाओं का वर्ल्ड कप जीता फिर रोहित शर्मा की अगुवाई में पाकिस्तान और यूएई में हुए चैंपियंस ट्रॉफी जीती. साल के आखिरी में भारत ने हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में महिलाओं का वनडे वर्ल्ड कप जीता और अब आयुष की अगुवाई में टीम इंडिया अंडर-19 चैंपियन बनी हैं.
भारत अब इन टूर्नामेंट का मौजूदा टाइटल होल्डर है:
- पुरुषों का T20 वर्ल्ड कप (2024)
- ICC चैंपियंस ट्रॉफी (2025)
- महिलाओं का ODI वर्ल्ड कप (2025)
- महिलाओं का U19 वर्ल्ड कप (2025)
- पुरुषों का U19 वर्ल्ड कप (2026)
अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का दबदबा
भारत ने सबसे पहले 2000 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था. उसके बाद से टीम इंडिया ने पांच बार और चैंपियन बन चुकी है. भारत सबसे अधिक बार अंडर-19 चैंपियन बनने वाली टीम है. इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने 4 बार यह खिताब जीता है, जबकि पाकिस्तान ने 2 बार, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश 1-1 बार टूर्नामेंट चैंपियन बनीं है.
U19 वर्ल्ड कप विजेता
- 6 - भारत (2000, 2008, 2012, 2018, 2022, 2026)
- 4 - ऑस्ट्रेलिया (1988, 2002, 2010, 2024)
- 2 - पाकिस्तान (2004, 2006)
- 1 - इंग्लैंड (1998)
- 1 - दक्षिण अफ्रीका (2014)
- 1 - वेस्टइंडीज (2016)
- 1 - बांग्लादेश (2020)
बात अगर 2016 से भारत के अंडर-19 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड की करें तो टीम इंडिया ने सिर्फ 3 मैच गंवाए हैं. भारत ने 38 मैच खेले हैं और 35 में उसे जीत मिली है. भारत ने जो तीन मैच हारे हैं वो 2016, 2020 और 2024 के फाइनल हैं. टीम इंडिया का जीत प्रतिशत 92.1 का है.
आयुष मात्रे खास लिस्ट में शामिल
आयुष मात्रे अब उन भारतीय कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो चुके हैं. सबसे पहले टीम इंडिया ने मोहम्मद कैफ की अगुवाई में खिताब जीता था. उसके बाद भारत के लिए विराट कोहली, अन्मुक्त चंद, पृथ्वी शॉ और यश ढुल ऐसा कर चुके हैं.
भारत के U19 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान
- 2000 - मोहम्मद कैफ
- 2008 - विराट कोहली
- 2012 - अन्मुक्त चंद
- 2018 - पृथ्वी शॉ
- 2022 - यश ढुल
- 2026 - आयुष मात्रे
यह भी पढ़ें: इतिहास रच दिया: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने U-19 वर्ल्ड कप फाइनल में जड़ा तूफानी शतक, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
यह भी पढ़ें: India U19 Champion: फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से रौंदकर भारत ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड














