ढाका में खेले गए 'मेंस एशिया कप फॉर द ब्लाइंड' के फाइनल मैच के बारिश की भेंट चढ़ जाने के बावजूद, पाकिस्तान को ट्रॉफी दे दी गई. इसके विरोध में भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी का बहिष्कार कर दिया. पाकिस्तान को रन रेट के आधार पर विजेता घोषित किया गया था, लेकिन भारतीय टीम ने विरोध जताने का फैसला किया.
'क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया' ने सोशल मीडिया पर लिखा,"फाइनल मैच खेले बिना ही पाकिस्तान को ट्रॉफी दे दी गई. WBCC के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष सुल्तान शाह ने WBCC टेक्निकल कमिटी के 'संयुक्त विजेता' घोषित करने के फैसले को पलट दिया, जिसके चलते मैच रेफरी को भी वही फैसला सुनाना पड़ा." CABI का मानना है कि भारत और पाकिस्तान को इस प्रतियोगिता का संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था.
CABI की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है,"भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच बारिश के कारण धुल जाने के बाद, पाकिस्तान को 'मेंस ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026' का एकमात्र विजेता घोषित करने के फैसले की 'क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया' (CABI) ने कड़ी निंदा की है."
"हमारा पक्ष बिल्कुल स्पष्ट है. वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के खेल नियमों के अनुसार, नेट रन रेट का उपयोग टूर्नामेंट के लीग और क्वालीफाइंग चरणों में किया जाता है.किसी ऐसे फाइनल मुकाबले में, जो शुरू तक नहीं हुआ हो, केवल नेट रन रेट के आधार पर विजेता घोषित नहीं किया जा सकता.यदि बारिश के कारण फाइनल में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी, तो उसका फैसला निर्धारित टूर्नामेंट नियमों और WBCC की तकनीकी समिति के निर्णय के अनुसार होना चाहिए. इसके लिए रिजर्व डे, संयुक्त विजेता घोषित करने अथवा नियमों में निर्धारित किसी अन्य वैध विकल्प पर विचार किया जाना चाहिए."
शैलेन्द्र यादव ने आगे कहा,"सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि पाकिस्तान ने WBCC की तकनीकी समिति के अधिकार और निर्णय प्रक्रिया की अनदेखी करते हुए स्वयं को विजेता घोषित कर दिया.यह केवल किसी मैच को जीतने या हारने का सवाल नहीं है.यह खेल की नैतिकता, पारदर्शिता, संस्थागत अधिकार और नियमों के सम्मान का सवाल है."
CABI के महासचिव ने आगे कहा कि किसीटीम, संघ या व्यक्ति को यह अधिकार नहीं है कि वह अपनी सुविधा के अनुसार टूर्नामेंट के नियमों को बदल दे या बिना मुकाबला खेले स्वयं को विजेता घोषित कर दे. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और संबंधित अधिकारियों को समझना चाहिए कि क्रिकेट नियमों और खेल भावना से चलता है, न कि एकतरफा फैसलों और व्यक्तिगत हितों से.
यह भी पढ़ें: ओलिंपिक का GOLD बनाएगा बड़ा ब्रैंड, डबल ओलिंपिक पदक विजेता हार्दिक, विराट-धोनी और क्रिकेटर क्यों हैं मीलों आगे
यह भी पढ़ें: 2 साल के इंतजार के बाद पाकिस्तान को नसीब हुई पहली जीत, 1-0 से अपने नाम की सीरीज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं