T20 World Cup 2026: रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर एक बार फिर वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली टीम इंडिया के सबसे बड़ी हीरो संजू सैमसन (Sanju Samson) रहे. संजू ने टूर्नामेंट में बाकी खिलाड़ियों की तुलना में 3 मैच कम खेले, लेकिन वह पूरे विश्व कप में सबसे ज्यादा महफिल लूट ले गए. पूरा विश्व क्रिकेट सैमसन की बातें कर रहा है. जब वह सोमवार को अपने गृहनगर तिरुवनंतपुरम पहुंचे, तो पूरे शहर ने उन्हें पलकों पर बैठा लिया. सैमसन ने सोमवार को कहा कि उन्होंने इस टूर्नामेंट में एक अलग योजना के साथ उतरने का फैसला किया था और इससे उन्हें अपनी खोई हुई फॉर्म वापस पाने में मदद मिली. सैमसन का हवाईअड्डे पर केरल के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने उनका स्वागत किया. हवाईअड्डे के बाहर सैकड़ों क्रिकेट प्रशंसक जुटे और केरल के इस क्रिकेटर के समर्थन में नारे लगाए. इस दौरान सैमसन ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए और इस दौरान यह भी खुलासा किया कि सचिन ने उन्हें वर्ल्ड कप से पहले किन अहम प्वाइंट्स पर सलाह दी दी थी.
सैमसन ने इस मौके पर पत्रकारों से कहा कि वह पहले हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करते थे. उन्होंने कहा, 'मैं हर गेंद को मारने की कोशिश करता था, लेकिन यह काम नहीं आया. फिर मुझे अपनी असफलताओं से सीखना पड़ा. पांच मैचों की श्रृंखला में मैंने स्ट्राइक रेट बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वह भी सफल नहीं रही. इसके बाद मैंने विश्व कप के लिए एक अलग ‘गेम प्लान' के साथ तैयारी की.' सैमसन ने मैच के बाद कहा था कि खराब दौर से निकलने में महान सचिन तेंदुलकर ने उनकी मदद की. इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा,'हम संपर्क में थे क्योंकि मैं पिछले कुछ वर्षों से उन्हें संदेश भेजता रहा था. आईपीएल के दौरान मुलाकात होने पर भी हमारी बात होती थी.' सैमसन ने बताया कि जब वह खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, तब सलाह के लिए उनके दिमाग में सबसे पहला नाम तेंदुलकर का ही आया.
उन्होंने कहा, 'जब मैंने उनसे संपर्क किया तो उन्होंने मुझसे दिल से बात की. करीब 25 मिनट तक उन्होंने अपने करियर के अनुभव बताए कि कठिन समय में क्या सोचना चाहिए, अभ्यास कैसे करना चाहिए और परिस्थितियों से कैसे निपटना चाहिए, इससे मुझे सच में मदद मिली.' सैमसन ने कहा कि सोशल मीडिया का खिलाड़ियों पर गहरा प्रभाव पड़ता है, जो सकारात्मक भी हो सकता है और नकारात्मक भी. उन्होंने कहा, 'युवाओं को इसे सही तरीके से संभालना सीखना चाहिए. सोशल मीडिया से मुझे यह समझ आया कि लोग मुझसे कितना प्यार करते हैं, लेकिन जब परिस्थितियां उलटी हों, तो सोशल मीडिया तभी खोलना चाहिए जब आप उसे सहन कर सकें. सैमसन ने बताया कि पिछले एक महीने से उन्होंने अपना फोन बंद रखा था और उनके सोशल मीडिया अकाउंट एक टीम संभालती है.
T20 World Cup 2026: Gautam Gambhir: T20 का 'किंग' बनने के बाद कोच गौतम गंभीर का वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर पहला बड़ा बयान














