- पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत के साथ टी-20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार किया है
- पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पाकिस्तान के इस फैसले को अपनी क्रिकेट को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है
- पाकिस्तान के टी-20 वर्ल्ड कप के सभी मैच श्रीलंका में होंगे, जो भारत के साथ टूर्नामेंट की सह-मेजबानी कर रहा है
Pakistan's decision to boycott India T20 World Cup match: पाकिस्तान के टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ मैच न खेलने को लेकर बवाल मचा हुआ है. भारत के पूर्व दिग्गज हरभजन सिंह ने पाकिस्तान के इस फैसले पर अपनी राय दी है और माना है कि पाकिस्तान के लोग अपनी ही क्रिकेट को बर्बाद कर रहे हैं. भज्जी ने इंडिया टूडे के साथ बात करते हुए अपनी राय दी और कहा, "वहां के टीवी पर बैठकर जो पूर्व क्रिकेटर बोल रहे हैं उनका माइंड सेट उनके खेलने के समय भी वैसा ही था. पाकिस्तान के खुद के लोग इन पूर्व क्रिकेटरों को पगले कहते हैं. ये क्या बातें कर रहे हैं. पाकिस्तान के लोगों में ऐसा कुछ भी नहीं है कि हमें नहीं खेलना है. जब बड़ी-बड़ी लडाईयां हुई तो आप वहां जाकर खेलकर आ गए".
हरभजन सिंह ने आगे कहा, "अब किसी के घर में आग लगी है और उसमें भागीदारी दे रहे हो. आप दोस्त बनने चले गए हो, बांग्लादेश को भारत ने नहीं कहा कि आप वर्ल्ड कप मत खेलो, यह आईसीसी ने फैसला किया है. इस मुद्दे पर उसका क्या है. ये बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना वाली बात कर रहे हैं. बांग्लादेश आए या नहीं आए उससे क्या होगा. मैं तो यही कहूंगा कि आईसीसी को कहना चाहिए कि आप दोनों नहीं खेलो, पाकिस्तान सिर्फ पैंतरे बाजी कर रहा है. श्रीलंका में तो सिक्योरिटी को लेकर कई मुद्दा नहीं है.आईसीसी को इनके खिलाफ सख्त फैसला करना चाहिए, देखिए इससे हमारे क्रिकेट को कोई नुकसान नहीं है, पाकिस्तान का सबकुछ खत्म हो जाएगा".
बता दें कि सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश को बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया.
पाकिस्तान ग्रुप-ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (यूएसए) के साथ है. पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में होने हैं, जो भारत के साथ टूर्नामेंट की सह-मेजबानी कर रहा है. पाकिस्तान 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा.
अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करता है तो उसे दो अंक गंवाने पड़ सकते हैं. आईसीसी की खेल शर्तों के अनुसार, बहिष्कार की स्थिति में पाकिस्तान का नेट रन रेट भी प्रभावित होगा. क्लॉज 16.10.7 के तहत, बहिष्कार होने पर डिफॉल्ट करने वाली टीम की पारी के पूरे 20 ओवर उस मुकाबले में माने जाएंगे और इन्हें प्रतियोगिता के संबंधित चरण में टीम के औसत रन प्रति ओवर की गणना में शामिल किया जाएगा.














