क्यों गई पंत की उप-कप्तानी, सुदर्शन या पडिक्कल तीसरे क्रम पर किसे मिलेगा मौका? गंभीर ने दिया सारे सवालों का जवाब

ऋषभ पंत को उप-कप्तानी के पद से क्यों हटाया गया? अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे क्रम पर साई सुदर्शन या देवदत्त पडिक्कल किसे मिलेगा मौका? सारे सवालों का जवाब गौतम गंभीर ने दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
गौतम गंभीर का बड़ा बयान

भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने शुक्रवार (पांच जून) को कहा कि साई सुदर्शन (Sai Sudharsan) को टेस्ट क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का उचित मौका नहीं मिला है और संकेत दिया कि अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से यहां होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) के बजाय बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को प्राथमिकता दी जाएगी. गंभीर ने यह भी कहा कि टीम अगस्त में श्रीलंका दौरे के लिए चार स्पिनरों को तैयार करेगी. भारत और अफगानिस्तान के बीच यह टेस्ट मैच मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है लेकिन यह आगामी श्रृंखलाओं को देखते हुए टीम संयोजन तैयार करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है.

गंभीर ने पत्रकारों से कहा, 'साई सुदर्शन को उचित मौका नहीं मिला है. उन्होंने अधिकतर मैच इंग्लैंड में खेले और मुझे लगता है कि उन्हें उचित मौका मिलना चाहिए.' उन्होंने कहा, 'हम (केवल) 11 (खिलाड़ियों) का चयन कर सकते हैं और साईं खराब फॉर्म में नहीं हैं. उन्होंने आईपीएल में 700 से अधिक रन बनाए हैं. अगर हम साईं का आकलन चार पांच मैचों के आधार पर करेंगे तो फिर कोई ठोस राय नहीं बना पाएंगे.'

मानव सुथार और हर्ष दुबे के बीच बाएं हाथ के स्पिनर के एक स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा हैं और गंभीर ने कहा कि भारत को श्रीलंका में अगस्त में होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए स्पिन गेंदबाजी के कई विकल्प तैयार करने होंगे.

उन्होंने कहा, 'मानव और हर्ष कुछ हद तक एक जैसे खिलाड़ी हैं, लेकिन उनके गेंद फेंकने के तरीके में कुछ अंतर भी हैं. इस मैच से हमें अपना चौथा स्पिनर तैयार करने में मदद मिलेगी क्योंकि हम श्रीलंका में चार स्पिनर लेकर जाएंगे.'

Advertisement

गंभीर ने कहा, 'न्यूजीलैंड का दौरा करने पर हमें अलग तरह से तैयारी करनी होगी. हमारा मानना है कि हमें टेस्ट मैचों के लिए बेहतर तैयारी करने की जरूरत है.'

टेस्ट उप-कप्तान के पद से ऋषभ पंत को हटाए जाने के संदर्भ में गंभीर ने कहा कि इस बल्लेबाज को उनका समर्थन हासिल है, लेकिन उन्हें खेल की स्थिति को बेहतर ढंग से समझने की जरूरत है.

Advertisement

भारतीय कोच ने कहा, 'हम ऋषभ पंत की खेल की शैली में बदलाव नहीं चाहते, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के लिए मैच की परिस्थितियों का सम्मान करना जरूरी होता है.'

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच में दिखा हूबहू श्रेयस अय्यर जैसा शख्स, VIDEO हुआ वायरल

Featured Video Of The Day
कौन हैं पटना के रोशन आनंद सर? जिन्होंने खोला खान सर के खिलाफ मोर्चा
Topics mentioned in this article