विराट कोहली के नाबाद अर्द्धशतक के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरा बार लीग का खिताब अपने नाम किया था. इस फाइनल के बाद 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और किंग कोहली की मुलाकात हुई, जिसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे. कोहली ने बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को क्या कहा था, यह सामने नहीं आया था. वहीं अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें सामने आया है कि दिग्गज बल्लेबाज और वंडर बॉय के बीच क्या बातचीत हुई थी.
'एक बिहारी सब पर भारी'
आरसीबी ने जो वीडियो जारी किया है, उसमें कोहली को वैभव सूर्यवंशी को कहते सुना जा सकता है कि एक बिहारी सब पर भारी. कोहली ने कहा,"यहां से ऊपर जाना है. जो हुआ वो अच्छी मेहनत की वजह से, भरोस की वजह से हुआ. अभी कौन क्या बोल रहा है, कैसे बोल रहा है, नहीं सुनना है. एक बिहारी सब पर भारी, फिर गेम खत्म."
वैभव सूर्यवंशी के लिए यादगार सीजन
आईपीएल 2026 को वैभव सूर्यवंशी के दमदार प्रदर्शन के लिए याद रखा जाएगा. 15 साल की उम्र में वैभव ने आतिशी बल्लेबाजी से हर किसी को अपना मुरीद बना दिया. वह ऑरेंज कैप को जीतने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने. लीग की शुरुआत से पहले ही हर कोई इस युवा सनसनकी के प्रदर्शन पर निगाहें लगाए बैठा हुआ था. राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए वैभव ने 16 मैचों में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 5 अर्धशतक आए.
वैभव ने फाइनल के बाद ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल खिलाड़ी, एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन का अवॉर्ड अपने नाम किया. वैभव ने आईपीएल 2026 में कुल 72 छक्के लगाए, जो एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं. वैभव आईपीएल में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने. वह पावरप्ले में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्होंने डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा.
यह भी पढ़ें: डेब्यू पर पंजा खोल रचा इतिहास, अब 8.60 करोड़ी आईपीएल स्टार को पिलाया पानी, जानें कौन है अराफात मिन्हास
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल के 'गुरु' को बनाओ गौतम गंभीर के बाद भारत का हेड कोच, संजय मांजरेकर की BCCI से बड़ी मांग