- राजस्थान के IAS अधिकारी परीक्षित मीणा 2 दिसंबर 2026 को विवाह बंधन में बंधेंगे
- परीक्षित मीणा का विवाह भाव्या (निशा) मीणा के साथ महुआ में सात फेरों की रस्मों के साथ होगा
- 11 नवंबर 2026 को महुआ में भाव्या के घर रिंग सेरेमनी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था
IAS Parikshit Meena Wedding: राजस्थान के दौसा जिले के ठीकरिया गांव का नाम रोशन करने वाले युवा आईएएस अधिकारी परीक्षित मीणा अब अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. बिहार के नवगछिया में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) के पद पर सेवाएं दे रहे 28 वर्षीय परीक्षित मीणा 2 दिसंबर 202y6 को विवाह बंधन में बंधेंगे. उनका विवाह भाव्या (निशा) मीणा के साथ होगा. इस शादी समारोह को लेकर दोनों ही परिवारों में भारी उत्साह का माहौल है.
महुआ में होंगी सात फेरों की रस्में
भाव्या के पिता दिनेश मीणा ने एनडीटीवी (NDTV) को बताया कि विवाह समारोह 2 दिसंबर 2026 को संपन्न होगा. दिनेश मीणा महुआ स्थित मोटा देवी ग्रुप ऑफ कॉलेज के संचालक हैं. भाव्या फिलहाल किसी नौकरी में नहीं हैं. वहीं, शादी से ठीक एक दिन पहले आईएएस परीक्षित मीणा के पैतृक गांव ठीकरिया (मेहंदीपुर बालाजी) में भव्य प्रीतिभोज यानी 'जीमण' का आयोजन रखा गया है.
11 नवंबर को हुई रिंग सेरेमनी
बिहार कैडर के आईएएस परीक्षित मीणा के विवाह में सात फेरों की रस्में महुआ में आयोजित होंगी.विवाह समारोह से पहले, 11 नवंबर 2026 को महुआ स्थित भाव्या के घर पर रिंग सेरेमनी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों ने होने वाले नवदंपती को शुभकामनाएं दीं. अब 2 दिसंबर को होने वाली शादी की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं.
पांचवें प्रयास में बने आईएएस
परीक्षित मीणा की सफलता की सक्सेस स्टोरी बेहद प्रेरणादायक है. दौसा जिले के ठीकरिया गांव के रहने वाले परीक्षित के पिता जगमोहन मीणा एक किसान हैं. परीक्षित ने बिना हिम्मत हारे लगातार पांचवें प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास की थी. उन्होंने सामान्य कैटेगरी में 596वीं रैंक हासिल कर अपना आईएएस अधिकारी बनने का सपना पूरा किया. अपनी सफलता के बाद परीक्षित ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा था कि प्रयास कभी नहीं छोड़ना चाहिए; यदि आप लगातार मेहनत करते रहेंगे तो एक दिन सफलता जरूर मिलेगी.
आईआरएस चाचा ने पढ़ाई में दिया साथ
परीक्षित की इस कामयाबी में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनके चाचा विमल मीणा इनकम टैक्स विभाग में कमिश्नर (IRS) हैं. उन्होंने परीक्षित की पढ़ाई में लगातार सहयोग किया और उनका मार्गदर्शन किया. परीक्षित का एक छोटा भाई भी है जो अभी अपनी पढ़ाई पूरी कर रहा है. किसान परिवार से निकलकर आईएएस बनने तक का सफर तय करने वाले परीक्षित मीणा की शादी अब दौसा जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है. ठीकरिया गांव से लेकर महुआ तक इस विवाह समारोह को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- IPS अदिति सिंह की शादी, कौन हैं दूल्हा IAS विवेक आर्य, जिनके लिए हिमाचल छोड़ हरियाणा आईं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं