खास बातें
- अरबपति अमेरिकी निवेशक वारेन बफे ने मंगलवार को कहा कि अगर भारत जैसे देशों में समृद्धि बढ़ती है, तो अमेरिका में भी समृद्धि बढ़ेगी।
बेंगलुरू: अरबपति अमेरिकी निवेशक वारेन बफे ने मंगलवार को कहा कि अगर भारत जैसे देशों में समृद्धि बढ़ती है, तो अमेरिका में भी समृद्धि बढ़ेगी। भारत आने के तुरंत बाद संवाददाताओं से उन्होंने कहा कि व्यापार में उनकी अटूट निष्ठा है। भारत और चीन जैसे देशों में समृद्धि आएगी, तो अमेरिका में भी समृद्धि आएगी। वारेन बफे मुम्बई और नई दिल्ली भी जाएंगे। उनसे अमेरिकी सरकार के कुछ अधिकारियों की इस धारणा के बारे में पूछा गया था कि भारत और खास कर बेंगलुरू जैसे शहर अमेरिकियों से नौकरियां छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका की आबादी 30.9 करोड़ है। वे ऐसा सोच सकते हैं। उन्होंने बीमा क्षेत्र में निवेश में अभिरुचि बताई, लेकिन 26 फीसदी की सीमा को बाधा बताया। सामाजिक सहायता गतिविधि और भारतीय अरबपतियों से सामाजिक गतिविधियों के लिए दान करने का अनुरोध करने की खबर के बारे में उन्होंने कहा कि वे सिर्फ आम लोगों से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि आपकी संस्कृति और इतिहास अलग है। वे यहां सिर्फ यह बताएंगे कि अमेरिका में क्या होता है। वे यहां किसी काम के लिए लोगों को इकट्ठा करने नहीं आए हैं। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बारे में उन्होंने कहा कि वे उनसे वही बात करेंगे, जो प्रधानमंत्री करना चाहेंगे, न कि जो वह करना चाहेंगे।