Ujjivan Small Finance Bank के MD और CEO नितिन चुघ ने इस्तीफा दिया है.
मुंबई: उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयर शुक्रवार को दिन में 18 फीसदी से भी ज्यादा गिर गए. इस भारी-भरकम गिरावट के चलते बैंक के शेयर अपने 52 हफ्तों के सबसे निचले स्तर पर आ गए. बैंक के शेयरों में ये गिरावट बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर नितिन चुघ के इस्तीफे के बाद आई है.
आज बाजार बंद होने के बाद कंपनी के शेयर 4.55 अंकों यानी 18.56% की गिरावट लेकर 19.75 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर बंद हुए हैं. इसके पिछले सत्र में शेयर की क्लोजिंग 24.25 रुपये प्रति शेयर पर हुई थी. बैंक का 52 हफ्तों का सबसे ऊंचा स्तर 44.60 के स्तर का है और आज बैंक 52 हफ्तों के निचले स्तर यानी 19.40 पर आ गया.
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई एक फाइलिंग में बताया कि 'हम जानकारी साझा करना चाहते हैं कि हमें नितिन चुघ की ओर से 18 अगस्त, 2021 की तारीख के साथ एक लेटर मिला है, जिसमें उन्होंने बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ के पद से इस्तीफा दे दिया है.'
जानकारी है कि चुघ ने निजी कारणों से अपने पद से इस्तीफा दिया है. बैंक की ओर से दी गई फाइलिंग के मुताबिक, वो 30 सितंबर तक इस पद पर बने रहेंगे.
वैसे उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने कुछ नई नियुक्तियां भी की हैं. बैंक ने बनवर अनंतरमैया प्रभाकर, रविचंद्रन वेंकटरामन, समित कुमार घोष और सुधा सुरेश को एडिशनल डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त किया है.