कोलकाता:
कारों की श्रेणी में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने की योजना में प्रयासरत भारतीय वाहन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टाटा मोटर्स ने गुरुवार को कहा कि साल 2020 तक वह हर साल बाजार में दो कार उतारेगी। दक्षिण और पूर्व भारत में कंपनी के यात्री वाहनों के बिक्री विभाग के प्रमुख अशेष धर ने कंपनी की नई बॉल्ट कार की लॉन्चिंग के मौके पर कहा, '2020 तक के लिए हमारे पास नई कारों की एक मजबूत श्रृंखला है और हम प्रतिवर्ष दो नई कारें बाजार में उतारेंगें।'
कंपनी ने कहा कि उसके महराष्ट्र के पुणे और रंजनगांव संयंत्रों में उत्पादित जेस्ट कार की 3,000-4,000 तक बुकिंग हो चुकी है। जेस्ट कार के पेट्रोल और डीजल संस्करणों में ग्राहकों की समान दिलचस्पी रही। उन्होंने कहा, 'हमने हर महीने हैचबैक श्रेणी में लगभग 4,000 और सेडान श्रेणी में 6,500 कारें बेची हैं।'
धर के मुताबिक नई सेडान के पेश होने के बाद कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 12 प्रतिशत तक बढ़ गई, जबकि पहले यह सात प्रतिशत ही थी। कंपनी की हैचबैक श्रेणी में बाजार हिस्सेदारी 4.5 प्रतिशत है। कंपनी की नई प्रौद्योगिकी पर आधारित कार बाजार में उतारने के साथ बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने की योजना है।
इसके साथ ही कंपनी अपनी प्रीमियर बजट कार नैनो को एक प्रभावशाली गाड़ी के रूप में स्थापित करने की इच्छुक है।
नैनो कार की बिक्री पर जवाब देते हुए धर ने कहा, 'हम अभी भी हर महीने 2,000 से 2,500 नैनो कार उत्पादित कर रहे हैं। हालांकि यह हमारी उम्मीदों से कम है क्योंकि अभी हमारे कुछ उत्पाद जल्द बाजार में आने वाले हैं।'