खास बातें
- पदभार ग्रहण करने के एक दिन बाद खाद्य मंत्री केवी थामस ने कहा कि प्याज कीमतों को अगले 15 दिनों में काबू कर लिया जाएगा।
नई दिल्ली: पदभार ग्रहण करने के एक दिन बाद खाद्य मंत्री केवी थामस ने कहा कि प्याज कीमतों को अगले 15 दिनों में काबू कर लिया जाएगा। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री केवी थामस ने कहा, प्याज की कीमतों को अगले 15 दिनों में नियंत्रण में लाया जाएगा। थामस की पदोन्नति कर उन्हें खाद्य मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का दर्जा दिया गया है। उन्होंने बताया कि सहकारी संस्थाएं नाफेड और एनसीसीएफ पहले ही प्याज की कीमतों को कम कर 30 रुपये किलो कर चुकी हैं। चेन्नई को छोड़कर बाकी सभी मेट्रो शहरों में प्याज की कीमत दो दिन पहले के 50.65 रुपये किलो से घटकर 30.45 रुपये किलो रह गई हैं। चेन्नई में इसकी कीमत आपूर्ति की कमी के कारण 60 रुपये किलो बनी हुई है। हालांकि दिल्ली की थोक मंडी में प्याज 8 से 20 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। खुदरा बाजार में इसका भाव 40 रुपये किलो पर है, जबकि मुंबई और कोलकाता में यह क्रमश: 30 से 45 रुपये किलो और 40 से 45 रुपये किलो पर उपलब्ध है। हालांकि इसे अभी भी ऊंची कीमत ही माना जा रहा है। 21 दिसंबर को प्याज 70 से 85 रुपये किलो की ऊंचाई पर चला गया था, जिससे पूरे देश में अफरा-तफरी की स्थिति हो गई थी।