खास बातें
- टीसीएस बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है और वह इस मामले में केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज से पीछे है।
Mumbai: आईटी कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है और वह इस मामले में केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज से पीछे है। बीते सप्ताह बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में टीसीएस का लाभ सबसे अधिक रहा और उसका बाजार पूंजीकरण 18,378.11 करोड़ रुपये बढ़कर 2,37,330 करोड़ रुपये हो गया। उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह ही टीसीएस ने घोषणा की कि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 29.3 प्रतिशत बढ़कर 2,369.83 करोड़ रुपये हो गया। इसके बाद बीएसई में कंपनी का शेयर 8.39 प्रतिशत बढ़कर 1,212.60 रुपये रहा। विश्लेषकों का मानना है कि टीसीएस के लिए परिचालन मार्जिन में सुधार सुखद आश्चर्य ही रहा। एसएमसी ग्लोबल सिक्युरिटीज के रिसर्च हेड जगन्नाथम थुनुगुंटला ने कहा, टीसीएस का दूसरे नंबर पर आना बहुत मायने रखता है और उसने त्रैमासिक आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। आलोच्य सप्ताह में 10 शीर्ष कंपनियों में छह का बाजार पूंजीकरण बढ़ा, जिनमें टीसीएस, एसबीआई तथा आईसीआईसीआई बैंक है। वहीं ओएनजीसी सहित चार कंपनियां अपेक्षाकृत घाटे में रहीं। आंकड़ों के अनुसार बीते सप्ताह जिन छह शीर्ष कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बढ़ा उन्हें कुल मिलाकर 38,210.98 करोड़ रुपये का लाभ हुआ। इसी तरह एसबीआई तथा आईसीआईसीआई बैंक को कुल मिलाकर 12,437 करोड़ रुपये का लाभ हुआ। एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 1,64,967.23 करोड़ रुपये तथा आईसीआईसीआई का बाजार पूंजीकरण 1,22,429.93 करोड़ रुपये रहा। इसी तरह आईटी कंपनी इंफोसिस टेक्नालॉजीज का बाजार पूंजीकरण 2,686.89 करोड़ रुपये बढ़कर 1,86,517.24 करोड़ रुपये हो गया। कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण 2,400.21 करोड़ रुपये बढ़कर 1,98,302.12 करोड़ रुपये तथा एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण 2,308.73 करोड़ रुपये बढ़कर 1,56,333.92 करोड़ रुपये हो गया। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह में 4,794.78 करोड़ रुपये घटकर 3,22,870 करोड़ रुपये तथा ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण 15,763.47 करोड़ रुपये टूटकर 2,36,355.83 करोड़ रुपये रह गया।