यह ख़बर 23 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स 195 अंक लुढ़का, निफ्टी 8,300 से नीचे आया

मुंबई:

बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स मंगलवार को 195 अंक से अधिक टूटकर 27,506.46 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी गिरकर 8,300 अंक के स्तर से नीचे आ गया। विधानसभा चुनाव की मतगणना में जम्मू-कश्मीर में त्रिशंकु विधानसभा बनने की संभावना तथा झारखंड में भाजपा की सरकार बनने की उम्मीद में निवेशकों ने मुनाफा काटा।

इसके अलावा डेरिवेटिव खंड में कल मासिक निपटान से पहले निवेशकों ने सतर्कता का रुख अपनाया। गुरवार को बाजार में क्रिसमस का अवकाश रहेगा। वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच शुरुआती कारोबार में 150 अंक का लाभ दर्ज करने वाला बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स अंत में 195.33 अंक या 0.71 प्रतिशत टूटकर 27,506.46 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान यह 27,475.13 से 27,851.10 अंक के दायरे में रहा। इससे पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स 991.66 अंक चढ़ा था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुरुआत में 8,364.75 अंक पर जाने के बाद बिकवाली दबाव से नीचे आया। अंत में यह 57 अंक या 0.68 प्रतिशत के नुकसान से 8,300 अंक से नीचे 8,267 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8,252.85 से 8,364.75 अंक के दायरे में रहा। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 शेयर नुकसान में रहे, जबकि 10 में लाभ दर्ज हुआ।