लाल निशान में ओपनिंग और क्लोजिंग, सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी गिरावट.
नई दिल्ली: Stock Market Updates : कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों ने घरेलू शेयर बाजार में निवेशकों को डरा रखा है. गुरुवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई. आज बाजार के दोनों इंडेक्स लाल निशान में खुले, ट्रेडिंग में गिरकर लाल निशान में ही बंद हुए हैं. आज दिन में सेंसेक्स में एक वक्त पर 800 से ज्यादा अंक नीचे गिर गया था. वहीं, निफ्टी भी 14,300 के लेवल के नीचे आ गया. आज फाइनेंशियल और बैंकिंग सेक्टर के शेयर फेल रहे.
क्लोजिंग में सेंसेक्स 740.19 अंकों यानी 1.51% की गिरावट लेकर 48,440.12 और निफ्टी 224.50 अंकों यानी 1.54% की गिरावट लेकर 14,324.90 के लेवल पर गिर गया. आज क्लोजिंग के बाद 748 शेयरों में तेजी दर्ज हुई है और 2147 शेयरों में गिरावट आई है.
बता दें कि आज दोपहर में साढ़े 12 बजे के बाद बाजार में बिकवाली तेज रही. दबाव इतना ज्यादा था कि सेंसेक्स के सभी 30 शेयर लाल निशान में चल रहे थे. निफ्टी 50 के भी सभी स्टॉक नकारात्मक रुख के साथ ट्रेड कर रहे थे. सेंसेक्स में 875 अंकों की गिरावट देखी गई थी.
बता दें कि कोरोनावायरस और यूरोप में इकॉनमिक लॉकडाउन के चलते ग्लोबल शेयर बाजार में लगातार नकारात्मक रुख दिख रहा है, जिसका असर आज घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखाई दे रहा है. आज दोनों ही बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान में खुले थे. ओपनिंग पर BSE Sensex 251.65 अंकों यानी 0.53 फीसदी की गिरावट लेकर 48,945.65 पर खुला, वहीं, NSE Nifty 69.45 अंकों यानी 0.47 फीसदी की गिरावट लेकर 14,480.16 के लेवल पर खुला. BSE मिडकैप और BSE स्मॉलकैप में क्रमश: 1 फीसदी और 1.3 फीसदी की गिरावट हुई है.
गिरावट के चलते कल निवेशकों की 3.27 लाख करोड़ रुपये की पूंजी डूब गई. बीएसई की सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 3,27,967.71 करोड़ रुपये घटकर 2,02,48,094.19 करोड़ रुपये रह गया.
(भाषा से इनपुट)