शेयर बाजार गिरकर संभला, सेंसेक्स-निफ्टी ने लॉस रिकवर किया.
मुंबई: Stock Markets Updates : सोमवार के दिन शेयर बाजार में पूरा दिन गिरावट का रूख बना रहा, लेकिन आखिरी के घंटों में बाजार ने रिलायंस इंडस्ट्रीज़ और इंफोसिस के शेयरों में तेजी दर्ज होने के बाद ऊपर का रुख पकड़ा. बेंचमार्क इंडेक्स पहले के नुकसान की रिकवरी करते हुए बढ़त के साथ बंद हुए. आखिरी घंटों में सेंसेक्स में 500 अंकों तक की उछाल आई थी.
वैसे, आज पूरे दिन बाजार पर अडाणी ग्रुप के शेयरों की गिरावट की छाया बनी रही. तीन विदेशी निवेशक फंड्स के अकाउंट फ्रीज़ किए जाने की खबर के बाद अडाणी एंटरप्राइजेज में पहली बार 25 फीसदी की गिरावट आई थी.
क्लोजिंग में सेंसेक्स 76.77 अंकों यानी 0.15% की उछाल लेकर 52551.53 के लेवल पर बंद हुआ, वहीं, निफ्टी में 12.50 अंकों यानी 0.08% की बढ़त दर्ज हुई, जिसके बाद इंडेक्स 15811.90 के लेवल पर चढ़कर बंद हुआ. आईटी, एनर्जी और पीएसयू बैंकिंग शेयर हरे निशान में बंद हुए, वहीं पावर, रियल्टी और मेटल शेयरों में बिकवाली देखी गई.
अगर ओपनिंग में देखें तो मुनाफावसूली के चलते शुरुआती कारोबार में ही बीएसई सेंसेक्स में 400 से ज्यादा अंकों की गिरावट दर्ज की गई और एनएसई निफ्टी में भी सीधे 1.5 फीसदी की गिरावट आई है. निफ्टी 15,600 से ऊपर चल रहा है. सुबह 10.19 पर सेंसेक्स में 200.19 अंकों यानी 0.38% की गिरावट दर्ज हुई और इंडेक्स 52,274.57 के लेवल पर गिर गया. इस दौरान निफ्टी में 75.75 अंकों यानी 0.48% की गिरावट दर्ज हुई और इंडेक्स 15,723.60 पर ट्रेड कर रहा था.
ओपनिंग की बात करें तो मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच आज सेंसेक्स 0.10 फीसदी और निफ्टी 0.25 फीसदी की गिरावट लेकर खुला. लेकिन थोड़ी देर बाद ही 9.30 पर सेंसेक्स में 444.15 अंकों यानी 0.88 फीसदी की गिरावट आ गई है और इंडेक्स 52,046.50 के लेवल पर पहुंच गया. निफ्टी इस अवधि में 169.50 अंकों यानी 1.5 फीसदी की गिरावट लेकर 15,631.54 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था. बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 2 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.6 फीसदी की गिरावट आई. बीएसई पर सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में ट्रेड कर रहे थे. वहीं, 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में 28 शेयर लाल निशान में थे.
सेंसेक्स में सबसे अधिक 1.65 प्रतिशत की गिरावट बजाज फाइनेंस में हुई. इसके बाद गिरने वाले शेयरों में एनटीपीसी, एसबीआई, कोटक बैंक, भारती एयरटेल, डॉ रेड्डीज और एचडीएफसी शामिल थे. दूसरी ओर इंफोसिस, रिलायंस, टीसीएस, बजाज ऑटो और ओएनजीसी में तेजी रही.
एशियाई बाजार में आज तेजी देखी गई. जापान का निक्केई 0.45 फीसदी बढ़ा, वहीं टॉपिक्स इंडेक्स 0.25 फीसदी बढ़ गया.