खास बातें
- शेयर बाजार में निवेशकों की नजर अगले सप्ताह कम्पनियों के तीसरी तिमाही परिणामों पर रहेगी। निवेशकों की निगाह विदेशी निवेश के प्रवाह पर भी रहेगी। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक 29 जनवरी को तिमाही मौद्रिक समीक्षा की घोषणा करेगा।
मुम्बई: शेयर बाजार में निवेशकों की नजर अगले सप्ताह कम्पनियों के तीसरी तिमाही परिणामों पर रहेगी। निवेशकों की निगाह विदेशी निवेश के प्रवाह पर भी रहेगी। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक 29 जनवरी को तिमाही मौद्रिक समीक्षा की घोषणा करेगा।
अगले सप्ताह सोमवार 21 जनवरी को एचडीएफसी, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, प्राज इंडस्ट्रीज, स्पाइसजेट और कैर्न इंडिया के परिणाम आएंगे। मंगलवार 22 जनवरी को हिंदुस्तान यूनिलीवर, डिश टीवी इंडिया और कोटक महिंद्रा बैंक के परिणाम आएंगे।
बुधवार को रिलायंस कम्युनिकेशंस और जी एंटरटेनमेंट के परिणाम आएंगे। गुरुवार 24 जनवरी को एलएंडटी, अशोक लीलैंड और सेसा गोवा के परिणाम आएंगे। शुक्रवार 25 जनवरी को मारुति सुजुकी और एडलवीस फाइनेंशियल के परिणाम आएंगे।
निवेशकों की निगाह शेयर बाजारों में विदेशी निवेश के प्रवाह पर भी बनी रहेगी। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने जनवरी 2013 में 16 जनवरी तक 12,779.60 करोड़ रुपये के शेयरों की लिवाली कर ली है। दिसम्बर में एफआईआई ने 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लिवाली की थी। पिछले वर्ष एफआईआई ने कुल 1,28,359.80 करोड़ रुपये की लिवाली की थी।
भारतीय रिजर्व बैंक 29 जनवरी को तिमाही मौद्रिक समीक्षा की घोषणा करेगा। रिजर्व बैंक के गवर्नर डी. सुब्बाराव के हाल के बयान से हालांकि दरों में कटौती की सम्भावना नहीं दिखती है, जिसमें उन्होंने कहा था कि महंगाई दर अब भी अधिक है।
वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका में फेडरल ओपेन मार्केट कमेटी की 29 और 30 जनवरी को होने वाली बैठक में ब्याज दरों पर फैसला लिया जाएगा। बैंक ऑफ जापान भी 21 और 22 जनवरी की बैठक में ब्याज दरों पर फैसला लेगा।