खास बातें
- कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के एक प्रमुख घटक, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के संप्रग से अलग होने की घोषणा के बाद मंगलवार को देश के शेयर बाजारों में भारी गिरावट का रुझान रहा।
मुंबई: कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के एक प्रमुख घटक, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के संप्रग से अलग होने की घोषणा के बाद मंगलवार को देश के शेयर बाजारों में भारी गिरावट का रुझान रहा। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 285.10 अंकों की गिरावट के साथ 19,008.10 पर और निफ्टी 89.30 अंकों की गिरावट के साथ 5,745.95 पर बंद हुआ।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा रेपो और रिवर्स रेपो दरों में 25 आधार अंकों की कटौती की घोषणा भी शेयर बाजारों को सम्भाल पाने में कामयाब नहीं रही। केंद्र की संप्रग सरकार से अलग होने की डीएमके की घोषणा के तुरंत बाद मंगलवार को प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में 400 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और यह 18,939.47 के स्तर तक पहुंच गया।
डीएमके संसद में एक ऐसा प्रस्ताव पारित कराने की मांग कर रही है, जिसमें कहा जाए कि श्रीलंका में तमिलों का जनसंहार हुआ था।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 52.71 अंकों की तेजी के साथ 19,345.91 पर खुला था और 285.10 अंकों यानी 1.48 फीसदी की गिरावट के साथ 19,008.10 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 19,378.61 के ऊपरी और 18,939.47 के निचले स्तर को छुआ।
सेंसेक्स के 30 में से छह शेयरों में तेजी दर्ज की गई। गेल (1.96 फीसदी), बजाज ऑटो (1.17 फीसदी), सन फार्मा (0.74 फीसदी), आईटीसी (0.44 फीसदी) और मारुति सुजुकी (0.16 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी दर्ज की गई।
गिरावट वाले शेयरों में प्रमुख रहे भेल (5.05 फीसदी), भारती एयरटेल (4.74 फीसदी), स्टरलाइट इंडस्ट्रीज (4.15 फीसदी), जिदल स्टील (3.96 फीसदी) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (3.45 फीसदी)।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 24.25 अंकों की तेजी के साथ 5,859.50 पर खुला और 89.30 अंकों यानी 1.53 फीसदी की गिरावट के साथ 5,745.95 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में निफ्टी ने 5,863.60 के ऊपरी और 5,724.30 के निचले स्तर को छुआ।
बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप सूचकांक 87.10अंकों की गिरावट के साथ 6,280.68 पर और स्मॉलकैप 96.07 अंकों की गिरावट के साथ 6,041.78 पर बंद हुआ।
बीएसई के सभी 13 सेक्टरों में गिरावट दर्ज की गई। रियल्टी (3.63 फीसदी), पूंजीगत वस्तु (2.69 फीसदी), धातु (2.59 फीसदी), सार्वजनिक कम्पनियां (2.08 फीसदी) और बिजली (1.99 फीसदी) में सर्वाधिक गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई में कारोबार का रुझान नकारात्मक रहा। कुल 904 शेयरों में तेजी और 1958 में गिरावट दर्ज की गई जबकि 108 शेयरों के भाव में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।