खास बातें
- बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स पांच कारोबारी सत्रों में 1,337 अंक टूट चुका है। सोमवार को पांचवें दिन सेंसेक्स 468 अंक टूटकर 19,224.12 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई: शेयर बाजार में पिछले पांच कारोबारी सत्रों से लगातार जारी गिरावट के चलते निवेशकों को करीब 5 लाख करोड़ रुपये की चपत लग चुकी है। गत तीन जनवरी से बाजार में लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स पांच कारोबारी सत्रों में 1,337 अंक टूट चुका है। सोमवार को पांचवें दिन सेंसेक्स 468 अंक टूटकर 19,224.12 अंक पर बंद हुआ। बाजार में सूचीबद्ध सभी कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 5 लाख करोड़ रुपये घटकर आज 68,87,194.38 करोड़ रुपये रह गया। इसमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी शीर्ष दस कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में दर्ज की गई। इन कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, ओएनजीसी, टीसीएस, इनफोसिस, कोल इंडिया और एसबीआई शामिल हैं। पांच कारोबारी सत्र में सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों के शेयर मूल्य घटने से उन्हें करीब 2 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशक इस आशंका से काफी विचलित हैं कि मुद्रास्फीति पर अंकुश लगाने के लिए रिजर्व बैंक नीतिगत दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। इसके अलावा, वैश्विक बाजारों से नकारात्मक रुख ने भी बाजार की धारणा कमजोर कर रखी है।