शेयर बाजार गिरावट के बाद संभले, रीयल्टी-मेटल में तेजी का रुख.. (प्रतीकात्मक फोटो)
मुंबई: देश के प्रमुख शेयर बाजारों में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन गिरावट पर कारोबार की शुरुआत हुई हालांकि बाद में बाजार थोड़ा संभलते दिखाई दिए. जहां बीएसई सेंसेक्स 55 अंक गिरकर खुला वहीं एनएसई निफ्टी भी 8400 अंक के स्तर से नीचे देखा गया. बाजारों में इस गिरावट की वजह कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते खुदरा निवेशकों के बीच बिकवाली का दौर चलना और विदेशी कोषों द्वारा सतत निकासी करना रहा. हालांकि अब सेंसेक्स थोड़ा संभलता दिख रहा है और 33 अंक तेजी के साथ 27271 के स्तर पर देखा जा रहा है.
बैंकों और आयातकों की ओर से डॉलर की ताजा मांग के चलते शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे कमजोर रहा. मुद्रा कारोबारियों के अनुसार घरेलू शेयर बाजारों के निचले स्तर पर खुलने और अन्य विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत रहने से रपये में गिरावट आई. शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रपया आठ पैसे गिरकर 68.16 के स्तर पर बंद हुआ था.
वहीं, आज बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 54.57 अंक यानी 0.20 प्रतिशत गिरकर 27,183.49 अंक पर खुला है. तीस कंपनियों के शेयरों पर आधारित बंबई शेयर बाजार (BSE) का सेंसेक्स 54.57 अंक यानी 0.20 प्रतिशत गिरकर 27,183.49 अंक पर खुला है. शुक्रवार को पिछले सत्र के कारोबार में इसमें 9.10 अंक की तेजी देखी गई थी.
इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 21.15 अंक यानी 0.25 प्रतिशत गिरकर 8400 के स्तर से नीचे आ गया और 8379.20 अंक पर खुला है. शेयर बाजारों में यह गिरावट मुख्य तौर पर सूचना प्रौद्योगिकी, तकनीकी, धातु और पूंजीगत सामान के शेयरों के कमजोर रहने की वजह से देखी जा रही थी. ब्रोकरों के अनुसार विदेशी कोषों द्वारा सतत पूंजी निकासी के चलते बाजार में सकारात्मकता का अभाव रहने के चलते बाजार के कमजोर रहने की धारणा बनी रह सकती है.
(भाषा से भी इनपुट)