सेंसेक्स 287 अंक और चढ़ा, तीन महीने में सबसे बेहतर साप्ताहिक प्रदर्शन

सेंसेक्स 287 अंक और चढ़ा, तीन महीने में सबसे बेहतर साप्ताहिक प्रदर्शन

प्रतीकात्मक फोटो

मुंबई:

विदेशी निवेश प्रवाह जारी रहने के बीच लिवाली समर्थन से शेयर बाजारों में तेजी शुक्रवार को भी जारी रही जहां सेंसेक्स लगभग 287 अंक चढ़कर बंद हुआ।

कारोबारियों का कहना है कि निवेशकों ने जून की नई व्युत्पन्न श्रृंखला में नए लंबे सौदे किये। यूरोप में तेज शुरुआत तथा एशिया में मजबूती के रुख ने भी बाजार को प्रभावित किया।

सुबह सेंसेक्स मजबूत खुला और 286.92 अंक की तेजी दर्शाता हुआ 26,653.60 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले 30 अक्टूबर 2015 को सेंसेक्स 26,656.83 अंक पर बंद हुआ था। सेंसेक्स बीते तीन सत्रों में 1136.32 अंक मजबूत हुआ है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 87 अंक चढ़कर 8,156.65 अंक पर बंद हुआ। सप्ताह के दौरान सेंसेक्स 1351.70 अंक या 5.34 प्रतिशत चढ़ा जबकि एनएसई के निफ्टी में 406.95 अंक की तेजी दर्ज की गई। दोनों ही सूचकांकों के लिए यह चार मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है।

कारोबोरियों का कहना है कि व्युत्पन्न सौदे की जून श्रृंखला ने बेहतर शुरुआत की जिससे बाजार में भरोसा बढ़ा। रिफाइनरी, हेल्थकेयर व रीयल्टी शेयर चमक में रहे।

व्युत्पन्न खंड में जून श्रृंखला की शुरआत से विदेशी कोषों सहित अन्य भागीदारों ने नये सौदे किए। इसके अलावा विदेशी व घरेलू संस्थागत निवेशकों की सतत लिवाली ने भी बाजार धारणा को समर्थन दिया।

लिवाली समर्थन के चलते पेट्रोलियम कंपनी बीपीसीएल, एचपीसीएल, आईओसी व आरआईएल के शेयर लाभ में बंद हुए। सूचकांक आधारित 30 शेयरों में से 23 लाभ में बंद हुए।

एसबीआई में सर्वाधिक 6.42 प्रतिशत, सन फार्मा में 5.83 प्रतिशत, अदाणी में 3.65 प्रतिशत, आरआईएल में 2.75 प्रतिशत, बजाज ऑटो में 2.45 प्रतिशत तथा एचडीएफसी के शेयर में 2.43 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com