यह ख़बर 08 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

विशेष कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 66 अंक चढ़कर बंद

खास बातें

  • बंबई स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज दोनों में 90 मिनट का विशेष कारोबारी सत्र आपात स्थिति से जुड़ी साइट के परीक्षण के लिए किया गया।
मुंबई:

शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन तेजी का रुख रहा। शनिवार को हुए विशेष कारोबारी सत्र में सेंसेक्स में 66 अंकों की तेजी दर्ज की गई। यूरोपीय सेंट्रल बैंक द्वारा यूरो क्षेत्र की बीमार अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए बॉन्ड खरीदने की योजना की घोषणा के मद्देनजर निवेशकों ने लिवाली जारी रखी।

ब्रोकरों ने कहा कि तेजी का रुझान बरकरार रहा, क्योंकि ईसीबी की नयी बॉन्ड खरीद योजना से इस क्षेत्र के ऋण बोझ से दबे देशों के लिए ब्याज दर कम हो सकती है और इससे यूरो के भविष्य से जुड़ी आशंका कम हुई है। सेंसेक्स ने पिछले दो कारोबारी सत्रों में 371 अंक दर्ज किए और शनिवार के कारोबार के दौरान स्वास्थ्य, धातु व टिकाऊ उपभोक्ता क्षेत्रों के शेयरों की लिवाली के कारण 65.92 अंक या 0.37 फीसदी चढ़कर 17,749.65 के स्तर पर पहुंच गया।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज दोनों में शनिवार को 11 बजकर 15 मिनट से लेकर 12 बजकर 45 मिनट तक 90 मिनट का कारोबार किया गया। विशेष कारोबारी सत्र आपात स्थिति से जुड़ी साइट के परीक्षण के लिए किया गया। कारोबारियों ने कहा कि यूरोपीय बाजारों के साथ सबसे ज्यादा कारोबार करने वाली कंपनियों के शेयरों में तेजी का रुख रहा। इनके शेयरों में अच्छी तेजी देखी गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शुक्रवार को सेंसेक्स ने 29 जून के बाद से अब तक सबसे अधिक 337 अंकों की तेजी दर्ज की और निवेशकों की संपत्ति में 84,000 करोड़ रुपये का फायदा हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी 16.60 अंक या 0.31 फीसदी चढ़कर 5,358.70 के स्तर पर पहुंच गया।