अंतिम समय में लिवाली से सेंसेक्स 164 अंक मजबूत, निफ्टी 46 अंक ऊपर

अंतिम समय में लिवाली से सेंसेक्स 164 अंक मजबूत, निफ्टी 46 अंक ऊपर

प्रतीकात्मक फोटो

मुंबई:

बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स सोमवार को 164 अंक की तेजी के साथ 25,653.23 अंक पर बंद हुआ। निवेशकों ने थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति में वृद्धि के साथ मॉनसून में देरी के अनुमान को ज्यादा तवज्जो नहीं दी और रोजमर्रा के उपयोग के सामान तथा आईटी शेयरों में लिवाली की।

इससे पहले, बैंक शेयरों में गिरावट से सूचकांक 137 अंक नीचे आ गया था। वित्तीय परिणाम बेहतर नहीं रहने से बैंक ऑफ बड़ौदा 8.23 प्रतिशत लुढ़क गया। यह सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में फंसे कर्ज के मुद्दे के समाधान में धीमी प्रगति को रेखांकित करता है। जिन अन्य बैंक शेयरों में बिकवाली दबाव देखा गया, उसमें एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक तथा एक्सिस बैंक शामिल हैं।

जियोजीत बीएनपी परिबा फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य विपणन रणनीतिकार आनंद जेम्स ने कहा, 'अंतिम घंटे में मजबूत सुधार से पहले के नुकसान की भरपाई हो गई और बाजार आगे निकल गया...शुक्रवार को सार्वजनिक क्षेत्र के पांच बैंकों को चौथी तिमाही में नुकसान के बाद से बाजार में गिरावट का रुख था।' इस खबर से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम में तेजी रही कि बाजार समय से पहले आपूर्ति की कमी की स्थिति से बाहर निकल गया है।

30 शेयरों वाला सूचकांक 163.66 अंक या 0.64 प्रतिशत बढ़त के साथ 25,653.23 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 25,351.62 से 25,688.46 के दायरे में रहा। सेबी की पी-नोट्स नियमों को कड़ा किए जाने की योजना के बीच कमजोर आर्थिक आंकड़ों से शुक्रवार को सेंसेक्स 301 अंक लुढ़क गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 45.85 अंक या 0.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,860.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 7,772.15 अंक से 7,873.90 अंक के दायरे में रहा। बाजार में रोजमर्रा के उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयर चमक में रहे। आईटीसी 3.0 प्रतिशत से अधिक मजबूत हुआ। इंफोसिस, टीसीएस तथा विप्रो में भी तेजी रही।

जापान द्वारा बिक्री कर नहीं बढ़ाने की संभावना से वैश्विक स्तर पर एशियाई बाजारों में तेजी रही। चीन, हांगकांग, जापान, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया तथा ताइवान के बाजारों में 0.04 प्रतिशत से 0.84 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। घरेलू बाजार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में 17 लाभ में रहे।

लाभ में रहने वाले प्रमुख शेयरों में डॉ रेड्डीज (3.16 प्रतिशत), एचयूएल (1.85 प्रतिशत), एचडीएफसी (1.82 प्रतिशत), टीसीएस (1.20 प्रतिशत), टाटा स्टील (1.04 प्रतिशत), ल्यूपिन (1.02 प्रतिशत), एशियन पेंट्स (0.97 प्रतिशत) तथा मारुति (1.89 प्रतिशत) शामिल हैं।

वहीं दूसरी तरफ एसबीआई (4.22 प्रतिशत), सिप्ला (1.47 प्रतिशत), अदाणी पोर्ट्स (1.38 प्रतिशत), आईसीआईसीआई बैंक (1.13 प्रतिशत) तथा भेल (0.94 प्रतिशत) में गिरावट दर्ज की गई।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com