खास बातें
- अनिल अंबानी ने दावा किया कि उनके समूह की दो फर्मों पर सेबी ने शेयर बाजार में काम करने की किसी तरह की कोई पाबंदी नहीं लगाई है।
मुंबई: अनिल अंबानी ने दावा किया कि उनके समूह की दो फर्मों रिलायंस इंफ्रा और आरएनआरएल ने सेबी के साथ जांच निस्तारण समझौता स्वेच्छा से किया है और शेयर बाजार नियामक ने इन कंपनियों या उनके निदेशकों पर शेयर बाजार में काम करने की किसी तरह की कोई पाबंदी नहीं लगाई है। अंबानी ने मीडिया की उन रिपोर्टों को खारिज किया जिसमें कहा गया है कि सेबी ने अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की दो कंपनियों और उनके निदेशकों पर शेयर बाजार में खरीद-फरोख्त करने पर पाबंदी लगा दी है जिसमें खुद अनिल अंबानी भी एक हैं। अंबानी ने कहा, सेबी ने रिलायंस इंफ्रा, आरएनआरएल, अनिल अंबानी एवं अन्य निदेशकों के खिलाफ शेयर बाजार में कारोबार करने पर पाबंदी नहीं लगाई है। उन्होंने कहा, सेबी ने एडीएजी की किसी भी कंपनी या व्यक्ति द्वारा इक्विटी या ऋण संसाधन जुटाए जाने पर कोई पाबंदी नहीं लगाई है। मामले को स्वेच्छा से निपटा लिया गया है। अंबानी का स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है जब सेबी ने रिलायंस इंफ्रा और आरएनआरएल द्वारा विदेशी निवेश संबंधी नियामों के उल्लंघन और व्यापार में अनुचित व्यापार व्यवहार के आरोपों की जांच के निस्तारण के लिए गत शुक्रवार को कुछ शर्तों के साथ एक सहमति-आदेश पारित किया।