यह ख़बर 14 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

महंगाई दर 6.5 से 7.5 फीसदी रहेगी : मुखर्जी

खास बातें

  • प्रणब ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि महंगाई दर 2012-13 में 6.5 फीसदी से 7.5 फीसदी के दायरे में रहेगी। उन्होंने साथ ही कहा कि सरकार खाद्य महंगाई को कम करने के लिए कदम उठाएगी।
नई दिल्ली:

केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने गुरुवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि महंगाई दर 2012-13 में 6.5 फीसदी से 7.5 फीसदी के दायरे में रहेगी। उन्होंने साथ ही कहा कि सरकार खाद्य महंगाई को कम करने के लिए कदम उठाएगी।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मुझे विश्वास है कि महंगाई दर 2012-13 में 6.5 फीसदी से 7.5 फीसदी के दायरे में रहेगी।" उन्होंने साथ ही उम्मीद जताई कि बेहतर मानसून के कारण महंगाई का दबाव कम होगा।

उन्होंने साथ ही कहा कि सरकार आपूर्ति पक्ष की बाधाओं को हटाकर खाद्य महंगाई को कम करने के लिए कदम उठाएगी। उन्होंने कहा, "हमें आपूर्ति की बाधाओं पर ध्यान देना होगा।"

देश की महंगाई दर मई माह में 7.55 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई। अप्रैल महीने में इसमें 7.23 फीसदी की बढ़त थी। गुरुवार को जारी सरकारी आंकड़े के मुताबिक आलोच्य अवधि में भोज्य पदार्थो की कीमतों में तेज वृद्धि दर्ज की गई।

पिछले साल की समान अवधि में थोक कीमतों पर आधारित महंगाई दर में 9.56 फीसदी की बढ़त थी। आलोच्य अवधि में सब्जी, दाल, दूध, अंडे, मांस और मछली के दाम बढ़े और खाद्य महंगाई दर दोहरे अंकों में 10.74 फीसदी पर पहुंच गई, जो पिछले महीने 8.25 फीसदी पर थी।

सब्जियों की कीमत आलोच्य अवधि में साल दर साल आधार पर 49.43 फीसदी बढ़ी, आलू की कीमत 68.10 फीसदी, दूध की कीमत 11.90 फीसदी, अंडे, मांस और मछलियों की कीमत 17.89 फीसदी और दाल की कीमत 16.61 फीसदी बढ़ी।

इसी अवधि में विनिर्मित उत्पाद 5.02 फीसदी, ईंधन और बिजली 11.53 फीसदी और पेट्रोल 10.51 फीसदी महंगे हुए। ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि देश में उच्च महंगाई और सुस्त विकास की समस्या बनी हुई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पिछले सप्ताह केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक अप्रैल में देश का औद्योगिक उत्पादन सिर्फ 0.1 फीसदी की रफ्तार से बढ़ा। औद्यागिक उत्पादन में छाई सुस्ती से भारतीय रिजर्व बैंक पर दरों में कटौती करने के लिए दबाव पड़ने का अनुमान है। अगले सप्ताह रिजर्व बैंक मध्य तिमाही समीक्षा जारी करने वाला है।