खास बातें
- पित्रोदा ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं देते हुए सशक्त बनाने के मकसद से ढाई लाख पंचायतों को फाइबर ऑप्टिक्स और ब्रॉडबैंड कनेक्शनों से जोड़ा जाएगा।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री के सलाहकार सैम पित्रोदा ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं देते हुए सशक्त बनाने के मकसद से करीब ढाई लाख पंचायतों को फाइबर ऑप्टिक्स और ब्रॉडबैंड कनेक्शनों से जोड़ा जाएगा। बुनियादी संरचना, नवाचार और सूचना प्रौद्योगिकी मामलों पर प्रधानमंत्री के सलाहकार पित्रोदा ने कहा, हमारा मकसद ढाई लाख पंचायतों में फाइबर ऑप्टिक्स मुहैया कराना है। बीएसएनएल, रेलटेल, दूरसंचार विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के साथ हम योजना बना रहे हैं। बहुत जल्द हमारे पास एक विस्तृत योजना होगी जिसे मंजूरी के लिए कैबिनेट के पास भेजा जाएगा। उन्होंने यहां प्रवासी भारतीय सम्मेलन के इतर संवाददाताओं से कहा कि इस संपर्क से न सिर्फ सरकारी योजनाओं पर अमल में सुधार आएगा बल्कि जनसशक्तीकरण भी होगा। राष्ट्रीय ज्ञान आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि आयोग की सिफारिशों पर पूर्व में ही अमल हो जाना चाहिए था लेकिन इसमें कुछ विलंब हुआ है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2005 में राष्ट्रीय ज्ञान आयोग की स्थापना की थी। आयोग ने देश को ज्ञान आधारित समाज में तब्दील करने के लिए कई उपाय सुझाए हैं। आयोग ने देश में शिक्षा के लिए नियामक प्राधिकरण बनाने और 1,500 विश्वविद्यालयों की स्थापना करने सहित कई महत्वपूर्ण सिफारिशें की हैं।