यह ख़बर 30 अप्रैल, 2014 को प्रकाशित हुई थी

मतदान पूरा होने के तुरंत बाद नए गैस मूल्य की घोषणा कर सकता है पेट्रोलियम मंत्रालय

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

पेट्रोलियम मंत्रालय लोकसभा चुनाव के लिए मतदान पूरा होने के तुरंत बाद ही गैस के नए मूल्यों की घोषणा पर विचार कर रहा है। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

घरेलू स्तर पर उत्पादित सभी तरह की प्राकृतिक गैस के नए मूल्य फार्मूले को 10 जनवरी को अधिसूचित किया गया था और इसे सरकारी राजपत्र में 17 जनवरी को प्रकाशित किया गया। लेकिन नए मूल्यों को लागू करने की तारीख 1 अप्रैल से पहले आम चुनावों की घोषणा हो गई। उसके बाद चुनाव आयोग ने सरकार से गैस मूल्यवृद्धि को चुनाव पूरा होने तक टालने को कहा।

अधिकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग ने सरकार से नए मूल्यों की घोषणा को आदर्श आचार संहिता लागू रहने तक लागू नहीं करने को कहा है। जैसे ही यह समाप्त होगी उसके बाद नए गैस मूल्य लागू किए जा सकते हैं।

हालांकि, मंत्रालय के अधिकारियों में इस बात पर एकराय नहीं है कि आदर्श आचार संहिता कब समाप्त होगी। 12 मई को मतदान समाप्त होने पर या फिर 16 मई को मतगणना के बाद।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जून और दिसंबर, 2013 में मंत्रिमंडल द्वारा दी गई मंजूरी के अनुरूप गैस मूल्यों को तिमाही आधार पर अधिसूचित किया जाएगा। यह मूल्य 12 माह के औसत अंतरराष्ट्रीय हब दरों तथा आयातित तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की लागत के हिसाब से तय किया जाएगा। इसे एक तिमाही पहले से लिया जाएगा। अप्रैल-जून तिमाही के लिए गैस मूल्य की घोषणा मार्च में होनी थी, लेकिन चुनाव की वजह से इसे टाल दिया गया।