यह ख़बर 31 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

पेट्रोल 1.15 रुपये प्रति लिटर सस्ता, डीजल 50 पैसे प्रति लिटर हुआ महंगा

नई दिल्ली:

तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम गुरुवार को 1.15 रुपये घटा दिए जबकि डीजल के दाम 50 पैसे प्रति लिटर बढ़ाने की घोषणा की। नई दरें आज मध्यरात्रि से प्रभावी होंगी।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वैट समायोजन के साथ पेट्रोल का भाव 1.38 रुपये घटकर 71.02 रुपये प्रति लिटर होंगा। जबकि मुंबई में स्थानीय कर सहित इसकी नई दर 78.94 रु प्रति लिटर होगी।

पेट्रोल के दाम में महीनेभर में दूसरी कटौती है। इससे पहले एक अक्तूबर को 3.05 रुपये प्रति लिटर (:वैट शामिल करने के बाद 3.66 रु) रुपये घटाए गए थे।

इससे पहले जून से पेट्रोल के दाम में लगातार सात बार कुल मिलाकर 10.48 रुपये प्रति लिटर की बढ़ोतरी की गई थी।

वहीं डीजल के दाम में 50 पैसे प्रति लिटर की वृद्धि की गई है। इसमें राज्यस्तरीय वैट शामिल नहीं है।

सरकार ने जनवरी में सरकारी तेल विपणन कंपनियों को डीजल के दाम थोड़ा-थोड़ा बढ़ाने की अनुमति दी थी ताकि वे अपने बढ़ते घाटे को कम कर सकें।

दिल्ली में डीजल के दाम आज मध्यरात्रि से 56 पैसे बढ़कर 53.10 रु तथा मुंबई में 60.08 रुपये प्रति लिटर हो जाएंगे। डीजल के दाम में 17 जनवरी के बाद से यह 10वीं वृद्धि है। इस साल डीजल के दाम में कुल मिलाकर 5.95 रु प्रति लिटर की वृद्धि हुई है।

देश की सबसे बड़ी खुदरा ईंधन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने एक बयान में कहा है, दाम में पिछले संशोधन के बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल के दाम 113 डॉलर से घटकर 112 डॉलर प्रति बैरल पर आए हैं। डॉलर की तुलना में रुपया 63 से मजूबत हो कर 62 रु प्रति डॉलर पर आ गया है। इन्हीं दोनों कारणों के चलते पेट्रोल के दाम घटाए गए हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कंपनी ने कहा है कि वह डीजल के दाम 50 पैसे प्रति लिटर बढ़ा रही है। बयान में कहा गया है, इस मौजूदा बढोतरी के बाद भी खुदरा डीजल पर अंडर रिकवरी (आय नुकसान) 9.58 रु प्रति लिटर है। डीजल के अलावा तेल कंपनियों को पीडीएस के जरिये केरोसीन ब्रिकी पर 35.77 रुपये प्रति लिटर तथा रसोई गैस (एलपीजी) ब्रिकी पर 482.50 रुपये प्रति सिलेंडर (14.2 किलो) का नुकसान हो रहा है।