खास बातें
- पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री करने वाले सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन आने वाले कुछ दिनों में एक बार फिर पेट्रोल के दाम बढ़ा सकती है।
नई दिल्ली: पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री करने वाले सार्वजनिक क्षेत्र की महारत्न कंपनी इंडियन ऑयल कापरेरेशन आने वाले कुछ दिनों में एक बार फिर पेट्रोल के दाम बढ़ा सकती है। कंपनी को लागत से कम दाम पर पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री से दैनिक 261 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। कंपनी के अध्यक्ष आरएस बुटोला ने कंपनी निदेशक मंडल की बैठक के बाद कहा, पेट्रोल मूल्यों पर जल्द ही कंपनी निर्णय लेगी, कंपनी को अभी भी पेट्रोल सहित अन्य पेट्रोलियम उत्पादों पर अंडररिकवरी हो रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी को पेट्रोल पर 4.58 रुपये, डीजल पर 14.66 रुपये और राशन में बिकने वाले मिट्टी तेल पर 28.27 रुपये प्रति लीटर की कम वसूली हो रही है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर पर कंपनी 330 रुपये का नुकसान उठा रही है। उन्होंने कहा कि मई में समाप्त चालू पखवाड़े की समाप्ति पर हालांकि कम वसूली के आंकड़ों में कुछ फेरबदल हो सकता है लेकिन कंपनी की उधारी अब तक के सर्वोच्च स्तर 67,880 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है जिसपर उसे 1500 करोड़ रुपये का ब्याज चुकाना पड़ रहा है। बुटोला ने कहा, कंपनी में रोज़ाना आधार पर स्थिति की समीक्षा होती है और काफी मुश्किल स्थिति होने पर ही दाम बढ़ाने का निर्णय लिया जाता है। समाप्ति वित्त वर्ष 2010.11 में कंपनी को सरकार से प्राप्त नकद सब्सिडी और ओएनजीसी और गेल जैसी अपस्ट्रीम क्षेत्र की कंपनियों से मिली सहायता के बावजूद 4,845 करोड़ रुपये का नुकसान स्वयं वहन करना पड़ा है।