खास बातें
- वाणिज्य मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि प्याज के मामले में सरकार पूरी सावधानी बरत रही है।
New Delhi: वाणिज्य मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि प्याज के मामले में सरकार पूरी सावधानी बरत रही है। इसकी बेहतर आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने आयात का दरवाजा खुला रखा है। उल्लेखनीय है कि प्याज की तेज कीमतों के कारण आम लोगों के लिए इसे खरीदना भारी पड़ रहा था। वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर ने बताया, मैंने आयात के विकल्प को खुला रखा है। मुझे नहीं मालूम की कल क्या होगा और यह भी नहीं पता कि उसके एक दिन बाद क्या होने वाला है। वह इस प्रश्न का जवाब दे रहे थे कि क्या सरकार प्याज निर्यात पर लगे प्रतिबंध को हटाने पर विचार करेगी और क्या वह सार्वजनिक उपक्रम की कंपनी एसटीसी और पीईसी के जरिए प्याज का आयात करना बंद करेगी क्योंकि प्याज की कीमत कम होने लगी है। राजधानी दिल्ली में प्याज की कीमत घटकर 35 से 40 रुपये किलो रह गई है जो कीमत 20 दिसंबर को 70 से 85 रुपये किलो थी। एनसीसीएफ, केन्द्रीय भंडार और मदर डेयरी जैसी सहकारी संस्थान राष्ट्रीय राजधानी में प्याज 24 रुपये किलो के हिसाब से बेच रहे हैं।