यह ख़बर 26 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

प्याज के लिए भटकते दिल्ली के अफसर, नासिक के बाद अलवर जाएंगे

नई दिल्ली:

दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को उम्मीद है कि जल्द ही प्याज के दाम घटेंगे। शीला दीक्षित का कहना है कि दिल्ली के अफसर प्याज के लिए राजस्थान के अलवर भी जाएंगे। दो दिन पहले दिल्ली के अधिकारी महाराष्ट्र के नासिक भी गए थे।

वहीं, सोमवार से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सरकार सस्ता प्याज बेचेगी। पत्रकारों से बातचीत में शीला दीक्षित ने यह भी कहा कि उन्होंने एक हफ्ते बाद किसी सब्जी में प्याज खाया है। प्याज़ की लगातार बढ़ती कीममतों से जनता परेशान है। ऐसे में त्योहार का मजा किरकिरा होने लगा है। अब अफगानिस्तान से प्याज मंगवाया गया है। शुक्रवार को अफगानिस्तान से प्याज की एक खेप वाघा बॉर्डर होते हुए भारत पहुंची। इसके अलावा मिस्र, पाकिस्तान और चीन से भी भारत प्याज मंगवा रहा है।

चुनाव आयोग ने दिल्ली सरकार को सस्ती दरों पर प्याज बेचने की अनुमति दे दी है। प्याज के बढ़े दामों के बाद राज्य सरकार ने चुनाव आयोग से रियायती स्टॉल लगाने की मांग की थी, जिसे चुनाव आयोग ने मान लिया है। राज्य में विधानसभा चुनावों के चलते सरकार ऐसी स्टॉल नहीं लगा सकती थी, लेकिन अब चुनाव आयोग ने सरकार को इसके लिए मंजूरी दे दी है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com