खास बातें
- बेशक पुरुषों को प्रौद्योगिकी के प्रति ज्यादा जागरूक माना जाता है, लेकिन 2012 में स्मार्टफोन का बाजार बढ़ाने में महिलाओं की विशेष भूमिका रहेगी।
नई दिल्ली: बेशक पुरुषों को प्रौद्योगिकी के प्रति ज्यादा जागरूक माना जाता है, लेकिन 2012 में स्मार्टफोन का बाजार बढ़ाने में महिलाओं की विशेष भूमिका रहेगी। दूरसंचार उपकरण कंपनी एरिक्सन की रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
एरिक्सन की रिपोर्ट में कहा गया है कि स्मार्टफोन सेवाओं के मामले में पुरुषों का अब भी दबदबा है, लेकिन महिलाएं ज्यादातर नियमित सेवाएं मसलन वॉयस कॉलिंग, एसएमएस और फेसबुक का अधिक इस्तेमाल करती हैं। इस रपट में 40 देशों के 10 बड़े शहरों के एक लाख लोगों के विचार लिए गए हैं।
इसमें कहा गया है कि सभी संचार माध्यमों का एकीकरण एक उपकरण में कर महिलाएं स्मार्टफोन की बाजार स्वीकार्यता को बढ़ा रही हैं। सर्वेक्षण में कहा गया है कि आज की तारीख में मोबाइल साथ लेकर चलना लोगों के लिए पैसा लेकर चलने से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है, "जब लोगों से पूछा गया कि वे अपने साथ घर से क्या लेकर निकलते हैं, तो 90 फीसदी स्मार्टफोन धारकों ने फोन का नाम लिया। वहीं 80 फीसदी ने पैसे का जिक्र किया।"