खास बातें
- कच्चे तेल की कीमतों में और उछाल की आशंका के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में फंडों ने बिकवाली बढ़ा दी और सेंसेक्स 142 अंक टूटकर बंद हुआ।
Mumbai: पश्चिम एशिया में जन आंदोलनों के मद्देनजर कच्चे तेल की कीमतों में और उछाल की आशंका के बीच शेयर बाजार में फंडों ने बिकवाली बढ़ा दी और सेंसेक्स 142 अंक टूटकर बंद हुआ। बाजार में गिरावट तेज थी, लेकिन रिलायंस इंडस्ट्रीज में लिवाली ने इसे कुछ हद तक संभाल लिया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 18,187.33 अंक के दिन के निचले स्तर पर आ गया था। हालांकि कारोबार के अंतिम आधे घंटे में लिवाली से यह आंशिक रूप से सुधरा, फिर भी 142.15 अंक टूटकर 18,296.16 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 49.40 अंक की गिरावट के साथ 5,469.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 5,437.30 अंक के दिन के निचले स्तर पर आ गया था। पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका में राजनीतिक अस्थिरता के मद्देनजर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की आशंका से बाजार में बिकवाली दबाव बन गया।