खास बातें
- निवेशकों को आशंका है कि बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए रिजर्व बैंक नीतिगत दरें बढ़ा सकता है जिससे कंपनियों एवं उपभोक्ताओं के लिए ऋण महंगा होगा।
मुंबई: मुद्रास्फीति के बढ़ते दवाब से सहमे शेयर बाजार में तीसरे दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा और बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स 116 अंक टूटकर बंद हुआ। ब्याज दरों में घटबढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों, रीयल्टी, वाहन और बैंकिंग शेयर मुनाफा वसूली के शिकार हुए। निवेशकों को आशंका है कि बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए रिजर्व बैंक नीतिगत दरें बढ़ा सकता है जिससे कंपनियों एवं उपभोक्ताओं के लिए ऋण महंगा हो जाएगा। पिछले दो कारोबारी सत्रों में करीब 260 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स मजबूती के साथ खुला, लेकिन मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने के बाद यह बढ़त कायम न रख सका और 116.36 अंक की गिरावट के साथ 20,184.74 अंक पर बंद हुआ।