खास बातें
- शीर्ष 10 में से 8 कंपनियों के मार्केट कैप में बीते सप्ताह 61,097.38 करोड़ रुपये की कमी आई। रिलायंस इंडस्ट्रीज को इस दौरान सबसे अधिक घाटा हुआ।
Mumbai: देश की शीर्ष 10 में से 8 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 61,097.38 करोड़ रुपये की कमी आई। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को इस दौरान सबसे अधिक घाटा हुआ। शुक्रवार को बंबई शेयर बाजार में कारोबार बंद होने के समय तक मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में 20,864.68 करोड़ रुपये की कमी आई और कंपनी का बाजार पूंजीकरण घटकर 3,27,665.38 करोड़ रुपये रह गया। सप्ताह के दौरान रिलायंस के शेयर में 5.98 फीसदी की गिरावट आई और यह 1,001.15 रुपये पर आ गया। इसी तरह, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) का बाजार पूंजीकरण 5,742.87 करोड़ रुपये घटकर 2,52,119.3 करोड़ रुपये रह गया। आईटी कंपनी इंफोसिस टेक्नोलॉजीज को सप्ताह के दौरान 9,447.15 करोड़ रुपये का घाटा हुआ और कंपनी का बाजार पूंजीकरण घटकर 1,83,830.35 करोड़ रुपये पर आ गया। इसी तरह, एक अन्य आईटी कंपनी टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 4,481.99 करोड़ रुपये की कमी के साथ 2,18,951.96 करोड़ रुपये पर आ गया। बैंकों का प्रदर्शन भी सप्ताह के दौरान खराब रहा। भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के बाजार पूंजीकरण में कुल मिलाकर 10,498.94 करोड़ रुपये की गिरावट आई। भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण घटकर 1,58,890.37 करोड़ रुपये पर आ गया, वहीं आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 1,16,069.75 करोड़ रुपये रह गया। सार्वजनिक क्षेत्र की एनटीपीसी को सप्ताह के दौरान 8,327.92 करोड़ का घाटा हुआ और यह 1,54,025.19 करोड़ रुपये रह गया। एफएमसीजी कंपनी आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 1,733.83 करोड़ रुपये की कमी के साथ 1,31,192.95 करोड़ रुपये रह गया। आलोच्य सप्ताह के दौरान कोल इंडिया और भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी भी हुई। कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण 757.97 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1,95,901.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं भारती का बाजार पूंजीकरण 1,519 करोड़ रुपये बढ़कर 1,30,141 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सप्ताह के दौरान बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 4.22 प्रतिशत या 831.66 अंक की गिरावट के साथ 18,860.44 अंक पर आ गया।